Anmol Bishnoi Arrested in Delhi: गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई अमेरिका से दिल्ली पहुंच गया है और एयरपोर्ट से उतरते ही अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने कहा कि अनमोल को स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा। एक अधिकारी ने कहा कि अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से प्रत्यर्पित कर गिरफ्तार किया गया और उसे विशेष अदालत में ले जाया जाएगा। एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मुख्य आरोपी गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद दिल्ली पहुंचते ही गिरफ्तार कर लिया गया।
अनमोल एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड (Baba Siddique Murder) में मुख्य आरोपी है। इसके अलावा 2024 में बॉलीवुड स्टार सलमान खान के घर पर हुई गोलीबारी के मामले में भी वह वांछित है। इस घटनाक्रम को भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी जीत के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि वह विदेशों से प्रत्यर्पित किए जाने वाले गैंगस्टरों में अब तक का सबसे बड़ा नाम है।
अनमोल के खिलाफ देशभर में कई मामले दर्ज हैं। अनमोल, बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में एक वांटेड आरोपी था। बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर 2024 को बांद्रा स्थित उनके कार्यालय के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले की जांच मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच कर रही है और अब तक 26 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
अनमोल पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मास्टरमाइंड में से भी एक है, जिनकी 2022 में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर, 2024 की रात को उनके बेटे जीशान के बांद्रा स्थित कार्यालय के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अनमोल का बड़े भाई लॉरेंस बिश्नोई के नेतृत्व वाले गिरोह से जुड़े कई लोगों को सिद्दीकी हत्याकांड में गिरफ्तार किया गया था।
सूत्र बताते हैं कि उसे पिछले साल नवंबर में अमेरिकी अधिकारियों ने गिरफ्तार किया था। हालांकि उसे भारत में आपराधिक गतिविधियों से संबंधित आरोपों में नहीं बल्कि अमेरिका में अवैध रूप से प्रवेश करने के लिए दर्ज मामले में गिरफ्तार किया गया था। इसके कुछ दिनों बाद भारत ने प्रत्यर्पण प्रक्रिया शुरू कर दी थी। महाराष्ट्र की एक अदालत द्वारा गैर-जमानती वारंट जारी करने और इंटरपोल द्वारा रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने के बाद बिश्नोई के प्रत्यर्पण की कार्रवाई शुरू हुई।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।