देश

'मुंबई केक नहीं है', एकनाथ शिंदे का ठाकरे भाइयों पर हमला, बोले-चुनाव बाद मराठियों को भूल जाएंगे

शिवसेना नेता ने कहा कि बीएमसी चुनाव के बाद दोनों भाई मराठियों को भूल जाएंगे। उन्होंने कहा कि बीएमसी चुनाव में महायुति की जीत होगी और एक मराठी व्यक्ति ही मेयर की कुर्सी पर विराजमान होगा। बीएमसी चुनाव के लिए 15 जनवरी को वोटिंग होगी और चुनाव नतीजे 16 जनवरी को आएंगे।

shinde eknath

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एवं शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे। तस्वीर-PTI

Photo : PTI

BMC Polls 2026: बीएमसी चुनाव से पहले महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एवं शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे एवं राज ठाकरे पर हमला बोला है। शिंदे ने कहा कि मुंबई केक नहीं हैं जिसे काटकर महाराष्ट्र से अलग कर दिया जाए। शिवसेना नेता ने कहा कि बीएमसी चुनाव के बाद दोनों भाई मराठियों को भूल जाएंगे। उन्होंने कहा कि बीएमसी चुनाव में महायुति की जीत होगी और एक मराठी व्यक्ति ही मेयर की कुर्सी पर विराजमान होगा। बीएमसी चुनाव के लिए 15 जनवरी को वोटिंग होगी और चुनाव नतीजे 16 जनवरी को आएंगे।

चुनाव में हमारे सामने कोई चुनौती नहीं-शिंदे

इंडियन एक्सप्रेस के साथ खास बातचीत में शिंदे ने कहा कि इस चुनाव में हमारे सामने कोई चुनौती नहीं है। रैली में भारी भीड़ होने का मतलब यह नहीं है कि सब लोग आपके साथ हैं। राज ठाकरे की रैलियों में हमेशा बड़ी संख्या में लोग आते हैं क्योंकि वह अच्छा बोलते हैं। राज ठाकरे अच्छे वक्ता हैं। बहुत से लोग सिर्फ उनके भाषण सुनने के लिए उनकी रैलियों में आते हैं। उस भीड़ को वोट में बदलना जरूरी है और लोग विकास और रचनात्मक काम के लिए वोट करते हैं।

'ठाकरे बंधुओं ने नरेटिव गढ़ा है'

शिंदे ने कहा कि पिछले साढ़े तीन साल में, लोगों ने देखा है कि हम मुंबई में कितनी तेजी से काम कर रहे हैं। मेट्रो नेटवर्क बढ़ रहा है, सीमेंट कंक्रीट सड़कें बन रही हैं, और कोस्टल रोड शुरू हो गई है। इसलिए, यह अलायंस महायुति या मेरे लिए कोई चैलेंज नहीं है। असल में, यह उनके (ठाकरे) लिए अस्तित्व की लड़ाई है। हर बार जब चुनाव होता है, तो वे मराठी का मुद्दा उठाते हैं और चुनाव खत्म होने के बाद, इसे ठंडे बस्ते में डाल देते हैं। उनके लिए, मराठी पहचान सुविधा का मुद्दा है। वे इसका इस्तेमाल तब करते हैं जब यह उन्हें सूट करता है और इसका मकसद खत्म होने के बाद इसे भूल जाते हैं। वे इसका इस्तेमाल लोगों को इमोशनल करने और वोट इकट्ठा करने के लिए करते हैं। उन्होंने यह नैरेटिव बनाया है कि मुंबई को महाराष्ट्र से अलग कर दिया जाएगा।

शिवसेना नेता ने आगे कहा कि 'मैं यह बात बहुत साफ-साफ कहना चाहता हूं। कोई भी मुंबई को महाराष्ट्र से अलग नहीं कर सकता। मुंबई कोई केक नहीं है जिसे टुकड़ों में काटकर अलग कर दिया जाए। यह शिवसेना का स्टैंड है।'

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार राव author

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारो... और देखें

End of Article