इंदौर में दूषित पानी से मौतों पर कांग्रेस का वार, पवन खेड़ा ने सरकार से पूछे तीखे सवाल
- Reported by: रंजीता झा
- Updated Jan 8, 2026, 01:01 PM IST
पवन खेड़ा ने सवाल उठाया कि वर्ष 2022 में इंदौर में पाइपलाइन बदलने के लिए टेंडरों को मंजूरी दी गई थी, फिर उन्हें लागू करने में इतनी देरी क्यों की गई। उन्होंने कहा कि इंदौर ही नहीं, गांधीनगर में भी टाइफाइड फैल रहा है और पूर्वी दिल्ली में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। “हवा में ज़हर है और अब पानी में भी ज़हर घुल चुका है। यह कैसा अमृतकाल है?” उन्होंने कहा कि सवाल पूछने पर कैलाश विजयवर्गीय की प्रतिक्रिया से साफ़ है कि मध्य प्रदेश सरकार के भीतर ही गहरी दरार मौजूद है।
इंदौर में दूषित पानी से मौतों पर कांग्रेस का वार, पवन खेड़ा ने सरकार से पूछे तीखे सवाल
कांग्रेस कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा ने इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों को लेकर मध्य प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि दूषित पानी के कारण अब तक 18 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, जबकि करीब 100 लोग अभी भी आईसीयू में भर्ती हैं। पवन खेड़ा ने इसे कोई अकेली घटना नहीं बताते हुए कहा कि राज्य में भाजपा लंबे समय से सत्ता में है और इंदौर को लगातार 9 बार देश का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किए जाने के दावों की हकीकत अब सामने आ गई है।
टेंडर लागू करने में क्यों हुई इतनी देरी?
पवन खेड़ा ने सवाल उठाया कि वर्ष 2022 में इंदौर में पाइपलाइन बदलने के लिए टेंडरों को मंजूरी दी गई थी, फिर उन्हें लागू करने में इतनी देरी क्यों की गई। उन्होंने कहा कि इंदौर ही नहीं, गांधीनगर में भी टाइफाइड फैल रहा है और पूर्वी दिल्ली में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। “हवा में ज़हर है और अब पानी में भी ज़हर घुल चुका है। यह कैसा अमृतकाल है?” उन्होंने कहा कि सवाल पूछने पर कैलाश विजयवर्गीय की प्रतिक्रिया से साफ़ है कि मध्य प्रदेश सरकार के भीतर ही गहरी दरार मौजूद है।
दिल्ली का लगभग 70 प्रतिशत पानी प्रदूषित-खेड़ा
कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि दिल्ली का लगभग 70 प्रतिशत पानी प्रदूषित है और इन गंभीर मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है। इंदौर में सच्चाई सामने आ चुकी है, लेकिन देश के कई अन्य शहरों में भी हालात कुछ अलग नहीं हैं। पवन खेड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन हर घर जल योजना को इसी तरह ज़मीन पर उतारा गया है।
पवन खेड़ा ने सरकार से चार सीधे सवाल पूछे
1.इंदौर में हुई मौतों के बाद क्या पानी और मल (स्टूल) के नमूनों की कल्चर टेस्टिंग कराई गई?
2.क्या इन जांचों में हैजा (कॉलेरा) की पुष्टि हुई?
3.क्या इसकी आधिकारिक तौर पर सूचना दी गई?
4.क्या राज्य सरकार ने इन सभी जानकारियों को केंद्र सरकार तक पहुँचाया?
इंदौर की घटना पर है कांग्रेस की नजर
राहुल गांधी के इंदौर दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर पवन खेड़ा ने कहा कि कांग्रेस की नजर इंदौर की घटना पर लगातार बनी हुई है और राहुल गांधी के दौरे की जानकारी जल्द साझा की जाएगी। उन्होंने कहा कि ये सवाल करोड़ों लोगों को प्रभावित करते हैं और ये बुनियादी सवाल हैं, जिनका जवाब देना सरकार की ज़िम्मेदारी है। स्वच्छ भारत और हर घर जल योजना जैसे नारों के पीछे छिपकर इन सच्चाइयों से मुँह नहीं मोड़ा जा सकता।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।