देश

बेलुर मठ पहुंचे CEC ने कहा-'हिंसा और दबाव मुक्त होंगे बंगाल में इस बार चुनाव', कोलकाता में EC की आज कई बैठकें

सीईसी मंगलवार सुबह स्वामी विवेकानंद की तपोभूमि बेलुर मठ पहुंचे। बेलुर मठ का दर्शन करने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने यह बात कही। कोलकाता में चुनाव आयोग की आज होने वाली बैठकों में सीईसी शामिल होंगे

Gyanesh Kumar : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बारे में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने मंगलवार को कहा कि बंगाल के मतदाताओं को वह बताना चाहते हैं कि राज्य में इस बार चुनाव हिंसा एवं दबाव मुक्त होंगे और चुनाव को सफलतापूर्वक कराने के लिए ईसी कटिबद्ध है। सीईसी मंगलवार सुबह स्वामी विवेकानंद की तपोभूमि बेलुर मठ पहुंचे। बेलुर मठ का दर्शन करने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने यह बात कही। कोलकाता में चुनाव आयोग की आज होने वाली बैठकों में सीईसी शामिल होंगे और चुनाव तैयारियों का जायजा लेंगे। बंगाल में मई के महीने में विधानसभा चुनाव होंगे। राज्य में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच है।

एक या दो चरणों में विधानसभा चुनाव कराने के सुझाव

पश्चिम बंगाल के कई राजनीतिक दलों ने सोमवार को सुझाव दिया कि आगामी विधानसभा चुनाव एक या दो चरणों में कराये जाएं। वहीं, निर्वाचन आयोग ने कानून-व्यवस्था में किसी भी चूक पर कड़ी कार्रवाई किये जाने की चेतावनी दी और कहा कि चुनाव संबंधी हिंसा बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चुनाव के चरणों पर यह सुझाव कोलकाता में निर्वाचन आयोग की पूर्ण पीठ और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक के दौरान दिया गया। यह बैठक आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के तहत आयोजित की गई थी। राज्य में विधानसभा चुनाव अप्रैल में होने की संभावना है।

जनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने तृणमूल कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप), नेशनल पीपुल्स पार्टी और फॉरवर्ड ब्लॉक समेत अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। निर्वाचन आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, 'राज्य में चुनाव कराये जाने से जुड़े कई मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। कई पार्टियों ने सुझाव दिया कि चुनाव एक या दो चरणों में कराये जाएं और आश्वासन दिया कि वे इसको लेकर पूरा सहयोग करेंगे कि चुनाव शांतिपूर्ण रहें।’

दलों की अपील-असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाए EC

विभिन्न दलों ने आयोग से यह भी आग्रह किया कि चुनाव के दौरान मतदाताओं को डराने-धमकाने और असामाजिक गतिविधियों को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं। अधिकारी ने कहा, 'दलों ने मजबूत सुरक्षा इंतजामों की आवश्यकता पर जोर दिया, जिसमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की पर्याप्त संख्या में तैनाती शामिल है, ताकि हिंसा को रोका जा सके और मतदाता निर्भय होकर अपना वोट डाल सकें।’ कुछ पार्टियों ने देसी बम, अवैध हथियारों के इस्तेमाल और चुनावों में पैसा व दबंगई के प्रभाव को लेकर भी चिंता जतायी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Pooja Mehta
पूजा मेहता author

पूजा मेहता एक वरिष्ठ टेलीविज़न पत्रकार हैं, जिन्हें रिपोर्टिंग का लगभग 15 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने राजनीति, आतंकवाद, आंतरिक संघर्ष, रक्षा, पर्यावर... और देखें

End of Article