देश

BJP MLA Death: बरेली के फरीदपुर से बीजेपी विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का निधन, बैठक के दौरान आया हार्टअटैक

BJP MLA Death: बरेली में फरीदपुर से बीजेपी विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल को अचानक हार्ट अटैक आ गया। हालत बिगड़ने पर उन्हेंअस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

faridpur bjp mla dr shyam bihari lal death

फरीदपुर से बीजेपी विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का निधन (फाइल फोटो: Facebook)

BJP MLA Death News: बरेली जिले के फरीदपुर (आरक्षित) विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक (Faridpur BJP MLA Death) डॉ श्याम बिहारी लाल (Dr Shyam Bihari Lal) का 2 जनवरी यानी शुक्रवार दोपहर में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। पार्टी और परिवार के लोगों ने यह जानकारी दी।डॉ श्याम बिहारी लाल सर्किट हाउस में पशुधन विकास मंत्री धर्मपाल सिंह के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में शामिल थे। उन्होंने बृहस्पतिवार को अपना 60 वां जन्मदिन मनाया था।

एक पार्टी कार्यकर्ता ने बताया कि सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री एक बैठक ले रहे थे, जिसमें विधायक श्याम बिहारी लाल भी शामिल थे।कार्यकर्ता के अनुसार दोपहर करीब सवा दो बजे अचानक श्याम बिहारी लाल की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें उनके सहयोगियों ने तत्काल मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनको वेंटिलेटर पर रखा गया। उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई और करीब तीन बजे मौत हो गई।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

योगी ने 'एक्स' पोस्ट किया, 'जनपद बरेली के फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से माननीय विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। उनके प्रति मेरी ओर से विनम्र श्रद्धांजलि है।' मुख्यमंत्री ने लिखा, 'मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।'

परिवार में पत्नी मंजू लता, एक बेटा और दो बेटियां हैं

डॉ. श्याम बिहारी लाल बरेली में सुरक्षित फरीदपुर विधानसभा सीट से दूसरी बार चुनाव जीतकर विधायक बने थे। उनके परिवार में पत्नी मंजू लता, एक बेटा और दो बेटियां हैं।

'हम उन्हें वेंटिलेटर पर भी ले गए, लेकिन बचाया नहीं जा सका'

बरेली में मेडिसिटी हॉस्पिटल के डॉक्टर विमल भारद्धाज ने बताया, 'श्याम बिहारी लाल को लाया गया तब उनका बीपी पल्स नहीं चल रहा था। हम लोगों ने सीपीआर दिया। करीब एक घंटा इलाज चला। हम उन्हें वेंटिलेटर पर भी ले गए, लेकिन बचाया नहीं जा सका।' श्यामबिहारी लाल का जन्म एक जनवरी 1966 को हुआ था। उन्होंने एम.जे.पी. रोहिलखंड विश्वविद्यालय से इतिहास में पी.एच.डी. की थी। वह रोहिलखंड विश्वविद्यालय में इतिहास के प्रोफेसर थे। वह भारतीय जनता पार्टी से 2017 में पहली बार विधानसभा में पहुंचे थे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

रवि वैश्य
रवि वैश्य author

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों... और देखें

End of Article