BJP Foundation Day: बीजेपी का आज अपना 47वां स्थापना दिवस मना रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन सहित भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी के 47वें स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने इस अवसर पर बीजेपी कार्यकर्ताओं को खास संदेश दिया।
पीएम मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भावुक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के लिए “मां” के समान है। पीएम मोदी ने स्थापना दिवस का जिक्र करते हुए कहा कि यह हम कार्यकर्ताओं के लिए एक राजनीतिक आयोजन नहीं होता। ये हम सब कार्यकर्ताओं के लिए एक भावुक अवसर होता है। ये दिन हमें पार्टी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का मौका देता है कि पार्टी ने हमें राष्ट्र सेवा का सौभाग्य दिया।
स्थापना दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि स्थापना दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि हर कार्यकर्ता के लिए भावनात्मक पल होता है। यह दिन पार्टी के प्रति कृतज्ञता जताने का अवसर देता है, जिसने उन्हें राष्ट्र सेवा का मौका दिया। अपने संबोधन में उन्होंने पार्टी के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी,दीनदयाल उपाध्याय, नानाजी देशमुख, कुशाभाऊ ठाकरे, अटल बिहारी वाजपेयी समेत कई दिग्गज नेताओं को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
नितिन नवीन की लीडरशिप को लेकर क्या बोले पीएम मोदी?
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने पार्टी के वर्तमान नेतृत्व की भी सराहना की और युवा अध्यक्ष नितिन नवीन को आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी पूरी ऊर्जा के साथ देश सेवा में जुटी हुई है। इस समय जिन पांच राज्यों में चुनाव है, वहां भी पार्टी में एक नई ऊर्जा देख रहा हूं। कार्यशैली में नयापन देख रहा हूं। ऐसा लग रहा है, नवीन जी ने पार्टी में नवीनता भर दी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज भाजपा जिस शिखर पर है, उसकी चमक सबको दिखती है, लेकिन यहां तक पहुंचने में लाखों कार्यकर्ताओं का जो श्रम है, उन्होंने तप, त्याग की पराकाष्ठा की है, ये वही जान सकता है, जो इस पार्टी के संकल्पों के लिए समर्पित होकर स्वयं इस साधना का हिस्सा रहा है।
पार्टी के सिद्धांतों को हमने जीवन का आदर्श बनाया: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आरएसएस के विशाल और पवित्र वट वृक्ष के नीचे हमें साफ नीयत के साथ सुचिता के साथ राजनीति में कदम रखने की प्रेरणा मिली। फिर शुरुआत के कुछ दशकों में हमने संगठन के लिए नीतियां निर्धारित करने में अपनी ऊर्जा लगाई।
उसके बाद जो समय आया जब भाजपा ने पूरी निष्ठा के साथ खुद को एक सशक्त कैडर आधारित पार्टी बनाने में झोंक दिया। हमने कार्यकर्ताओं का ऐसा विशाल कैडर खड़ा किया, जिनमें सेवा भावना से काम करने का समर्पण था, जिन्होंने पार्टी के सिद्धांतों को अपने जीवन का आदर्श बनाया और जिन्होंने किसी भी परिस्थिति में अपने मूल्यों से समझौता स्वीकार नहीं किया।
हमारा मिशन अभी भी जारी है...
पीएम मोदी ने बीजेपी की सफलताओं का जिक्र करते हुए कहा कि देश जानता है, हर चुनौती का सामना करने के लिए भाजपा ईमानदारी से कोशिश कर रही है, आगे भी करेगी। पहले भी सकारात्मक नतीजे मिले हैं और आगे भी मिलेंगे।
अंग्रेजों के दौर के सैकड़ों काले कानूनों का अंत, लोकतंत्र के लिए नए संसद भवन का निर्माण, सामान्य समाज के गरीबों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण, कानून बनाकर तीन तलाक पर रोक, सीएए, अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण... ऐसे कितने ही काम हैं, जो भाजपा के ईमानदार प्रयासों का नतीजा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
