25 नवंबर को राम मंदिर के शिखर पर लहराएगा धर्म ध्वज। तस्वीर-ANI
Ayodhya Ram Temple: अयोध्या में राम मंदिर के ध्वजारोहण समारोह की सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। धर्म ध्वज समारोह से पहले अयोध्या में चारो तरफ भक्ति और आस्था के दर्शन हो रहे हैं। सोमवार को मयार्ता पुरुषोत्तम भगवान राम का दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं राम भक्त मंदिर पहुंचे। इस मांगलिक अवसर पर राम मंदिरि को 100 टन फूलों से सजाया जा रहा है। इस बीच श्री राम जन्मभूमि मंदिर के चेयरमैन नृपेंद्र मिश्र ने कहा है कि ध्वजारोहण समारोह के अतिथियों में केवल वीआईपी शामिल नहीं हैं। मेहमानों की करीब 8000 की जो सूची है उसमें निषाद और सबरी समुदाय के लोग भी यहां होंगे।
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में मिश्रा ने कहा, 'यह (6,000–8,000 आमंत्रितों की सूची) VIP लोगों की सूची नहीं है। ये वे लोग हैं जिन्हें पहले कभी आमंत्रित नहीं किया गया। वे उस समाज का प्रतिनिधित्व करेंगे, जिनसे हम यह कहते आए हैं कि प्रभु ने उनके साथ भोजन किया था और उनकी सुविधाओं का उपयोग किया था। हम बचपन से निषाद जी और शबरी माता की कथाएं सुनते आए हैं। इसलिए यह एक बहुत बड़ा समुदाय है... वे सभी यहां होंगे।'
उन्होंने कहा, 'चंपत राय सभी व्यवस्थाओं के प्रभारी हैं, मर्यादा पुरुषोत्तम के सामाजिक समरसता के संदेश को ध्यान में रखते हुए, इस आयोजन में बुलाए गए भक्त समाज के हर वर्ग और क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे। चूंकि अयोध्या धाम पूर्वी यूपी में स्थित है, इसलिए निर्णय लिया गया कि उन भक्तों को आमंत्रित किया जाए जिनका अयोध्या धाम से बहुत घनिष्ठ संबंध है। इस प्रकार 6,000–8,000 लोगों की एक सूची तैयार की गई है।'
ध्वजारोहण समारोह के बारे में नृपेंद्र ने कहा, 'सभी निर्माण कार्य दिसंबर 2025 तक पूरे हो जाएंगे। मंदिर तैयार है। लेकिन अन्य निर्माण कार्य जैसे—हम सीवेज नियंत्रण के तहत ज़ीरो डिस्चार्ज पर काम कर रहे हैं, इसलिए मशीनें लगाई जाएँगी और वे काम करना शुरू करेंगी। 71 एकड़ भूमि में से 70% क्षेत्र में हरियाली है, जिसमें वाटिका, घास, फूल, पौधे और पेड़ शामिल हैं। शोध के आधार पर, रामायण में जिन पेड़ों का उल्लेख है, उन्हें यहाँ लगाया गया है। तो ये सभी कार्य पूरे हो जाएंगे।'
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि मेरी यही कामना है कि अयोध्या में धर्म-ध्वजा की पुनर्स्थापना से प्रदेश में सुख, शांति और समृद्धि के नए युग का आरंभ हो। योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अपने आधिकारिक ‘एक्स’ खाते पर एक पोस्ट में कहा, 'मेरे प्रिय प्रदेश वासियों, 25 नवंबर, 2025 को श्री अयोध्या धाम का नाम पुनः इतिहास के पृष्ठ पर स्वर्णिम अक्षरों में अंकित होगा।’ उन्होंने कहा कि 'आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में श्री अयोध्या धाम में हो रहा हर कार्य प्रभु श्री राम के जीवन मूल्यों से प्रेरित है।’
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।