जालौन: यूपी के जालौन में कुछ अराजक तत्वों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मूर्ति खंडित कर दी, जिसके बाद स्थानीय लोगों में गहरा रोष है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी ऐसे लोगों को आड़े हाथों लेते हुए उनकी आलोचना की है और कहा कि अपनी इन हरकतों से वे देश के महापुरुषों की महानता का एक अंश भी नहीं हिला सकते।
यह घटना शुक्रवार की बताई जा रही है, जब श्री गांधी इंटर काॅलेज में महात्मा गांधी की प्रतिमा से तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने घटना पर संज्ञान लेते हुए इस मामले में एफआईआर दर्ज किए जाने की बात कही है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने काॅलेज परिसर में विरोध-प्रदर्शन किया।
एक प्रदर्शनकारी ने बताया कि काॅलेज में महात्मा गांधी की मूर्ति 1970 में लगाई गई थी और शुक्रवार सुबह लोगों ने इसे खंडित देखा। जिन लोगों ने भी इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया है, उसके खिलाफ कार्रवाई किए जाने की जरूरत है। प्रदर्शनकारियों ने 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर काॅलेज परिसर में महात्मा गांधी की दूसरी मूर्ति लगाने और खंडित मूर्ति को यहां से ले जाने की मांग भी प्रशासन से की है।
इस बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने इस घटना की निंदा करते हुए शनिवार को इसे कायराना हरकत करार दिया और कहा कि ऐसा करने वाले लोग महापुरुषों की महानता को जरा भी कमतर नहीं कर सकते। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘कुछ दिन पहले उप्र में बाबासाहेब आम्बेडकर की मूर्ति को असामाजिक तत्वों ने तोड़ा। अब जालौन में महात्मा गांधी की मूर्ति को तोड़ा गया।’
India News in Hindi (इंडिया न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Network Hindi पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें.