रांची: झारंखड चुनाव में बहुमत हासिल करने वाले झामुमो-कांग्रेस और आरजेडी महागठबंधन ने मंगलवार को राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा कर दिया। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने कहा कि उनके पास 50 विधायकों का समर्थन है। नई सरकार 29 दिसंबर को शपथ ग्रहण करेगी। हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
सोरेन ने कहा, 'हमने 50 विधायकों के समर्थन के साथ झारखंड में सरकार बनाने का दावा किया है। हमने राज्यपाल से राज्य में सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने का अनुरोध किया है।'
इससे पहले हेमंत सोरेन ने पूर्व सीएम और झारखंड विकास मोर्चा के प्रमुख बाबूलाल मरांडी से मुलाकात की। बाबूलाल मरांडी ने कहा, 'हमारी पार्टी हेमंत सोरेन का समर्थन करेगी, बिना शर्त, क्योंकि उनके पास आवश्यक बहुमत है।'
81 सीटों वाले झारखंड में जेएमएम के नेतृत्व में बने झामुमो-कांग्रेस-आरजेडी गठबंधन ने 47 सीटें जीत कर स्पष्ट बहुमत प्राप्त किया है। वहीं सत्ताधारी भाजपा को सिर्फ 25 सीटें हासिल हुई हैं। इन चुनावों में झामुमो ने रिकॉर्ड 30 सीटें जीतीं जिससे वह विधानसभा में सबसे बड़ा दल भी बन गया जबकि सिर्फ 25 सीटें जीत पाने से भाजपा का विधानसभा में सबसे बड़ा दल बनने का सपना भी चकनाचूर हो गया। मुख्यमंत्री रघुवर दास और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा चुनाव हार गए।
India News in Hindi (इंडिया न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Network Hindi पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें.