नई दिल्ली : अर्थव्यवस्था में सुस्ती और वाहनों की बिक्री में गिरावट को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा और सवाल किया कि देश में 'ऐतिहासिक मंदी' है, लेकिन सरकार कब तक 'खबरों की सुर्खियों' से काम चलाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार को अर्थव्यवस्था में मंदी को स्वीकार करना चाहिए।
प्रियंका ने ट्वीट कर कहा, 'किसी झूठ को सौ बार कहने से झूठ सच नहीं हो जाता। भाजपा सरकार को ये स्वीकार करना चाहिए कि अर्थव्यवस्था में ऐतिहासिक मंदी है और उन्हें इसे हल करने के उपायों की तरफ बढ़ना चाहिए।' उन्होंने सवाल किया, 'मंदी का हाल सबके सामने है। सरकार कब तक खबरों की सुर्खियों से काम चलाएगी?'
इससे पहले रविवार को प्रियंका गांधी ने मंदी की बात नहीं स्वीकारने को लेकर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पर निशाना साधते हुए कहा था कि उन्हें अर्थव्यवस्था की स्थिति के बारे में राजनीति से ऊपर उठने और भारत की जनता से सच बोलने की जरूरत हैं। प्रियंका की यह टिप्पणी वित्तमंत्री द्वारा यह कहे जाने के बाद कि सरकार जरूरत के मुताबिक क्षेत्रवार समस्याओं को सुलझाने के कदम उठा रही है, के बाद आई है। दरअसल सीतारमण से पत्रकारों ने पूछा था कि क्या अर्थव्यवस्था में नरमी आ रही है।
वित्त मंत्री पर निशाना साधते हुए प्रियंका गांधी ने एक ट्वीट किया था, क्या सरकार स्वीकार करती है कि मंदी है या नहीं? वित्त मंत्री को हमारी अर्थव्यवस्था के बारे में राजनीति से ऊपर उठने और भारत के लोगों से सच बोलने की जरूरत है।' कांग्रेस महासचिव ने पूछा, 'वे इस बात को स्वीकार करने के लिए भी तैयार नहीं है तो कैसे वे इस बड़ी समस्या को हल करेंगे जो उन्होंने खुद पैदा की है।'
सीतारमण ने कहा था, भारतीय अर्थव्यवस्था का कोई भी क्षेत्र अपनी समस्याओं के साथ हमारे पास आता है तो हम उन्हें सुनते हैं और उसके हिसाब से कदम उठाते हैं।
India News in Hindi (इंडिया न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Network Hindi पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें.