नई दिल्ली: दुनिया भर की मांओं को समर्पित एक दिन, जिसे जननी के प्रति आभार के दिन के तौर पर दुनिया में मदर्स डे के रूप मनाया जाता है। अपनी मां के प्रति तो इस दिन लोग सम्मान दिखाते ही हैं लेकिन समाज में चर्चित रहने वाली कुछ ऐसी महिला शख्सियतों के बारे में भी इस दिन बात होती है जो मां की भूमिका के साथ कई अन्य क्षेत्रों की गतिविधियों को लेकर चर्चा में रहती हैं। राबड़ी देवी ऐसा ही एक नाम हैं।
9 बच्चों की मां राबड़ी देवी न सिर्फ एक मां हैं बल्कि एक गृहिणी के तौर पर भी चर्चा में रहती हैं और इससे भी बढ़कर राजनीति और बतौर मुख्यमंत्री बिहार की कमान संभालने के लिए भी सुर्खियों में बनी रही हैं। बीते दिनों बेटे तेज प्रताप के साथ राबड़ी देवी की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थी जहां तेज प्रताप अपनी मां से बालों में तेल मालिश करवाते हुए नजर आए थे। राबड़ी इस दौरान पूरी तरह एक मां की भूमिका में नजर आ रही थीं और बेटे के बालों को संवारते दिख रही थीं।
राबड़ी के पति लालू यादव चारा घोटाला मामले में जेल के अंदर सजा काट रहे हैं और अब घर का काम काज पूरी तरह से उन्हीं के कंधों पर है। आइए एक नजर डालते हैं राबड़ी देवी के जीवन पर।
2 बेटों और 7 बेटियों की मां राबड़ी देवी के जीवन पर एक नजर: राबड़ी देवी यादव की पहचान दिग्गज राजनेता लालू यादव की पत्नी, खुद एक राजनेता, एक गृहिणी और एक मां के रूप में रही है। उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल के सदस्य के रूप में बिहार के मुख्यमंत्री के पद पर भी सेवा दी है। हालांकि इस दौरान उनके एक पारंपरिक गृहिणी रहने की पहचान बरकरार रही है।
राजनीति में उनकी वैसे तो कोई रुचि नहीं रही लेकिन उस समय उन्होंने सबको हैरान कर दिया जब भारतीय राजनीतिक इतिहास में राबड़ी देवी बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में नजर आईं। वह बिहार की पहली महिला मुख्यमंत्री थीं।
राबड़ी देवी का जन्म 1956 में गोपालगंज, बिहार में हुआ था। उन्होंने 8वीं कक्षा तक स्कूली शिक्षा प्राप्त की है। राबड़ी देवी की शादी 1973 में लालू प्रसाद यादव से हुई थी और उनके 2 लड़के और 7 लड़कियां हैं। राबड़ी के पति लालू प्रसाद यादव बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और भारत के पूर्व रेल मंत्री रहे हैं। उनके दोनों बेटे तेज प्रताप यादव और तेजस्वी यादव भी राजनीति में अपने कदम आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।
India News in Hindi (इंडिया न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Network Hindi पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें.