नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आज 2 दिन के भारत दौरे के लिए अहमदाबाद पहुंचेगे। आज ही वो आगरा जाएंगे और फिर दिल्ली आएंगे। कल यानी 25 फरवरी को दिल्ली में उनके कई कार्यक्रम हैं। कल रात को वो अमेरिका वापस लौट जाएंगे। ट्रंप के साथ उनकी पत्नी मेलानिया, बेटी इवांका और दामाद जेरेड कुशनेर भी आ रहे हैं।
भारत रवाना होने से पहले ट्रंप ने कहा, 'मैं भारत के लोगों से मिलने के लिए उत्सुक हूं। वहां लाखों लोग होंगे। यह एक लंबी यात्रा है। मेरी प्रधानमंत्री मोदी के साथ मुलाकात बहुत अच्छी होती है। वह मेरे दोस्त हैं। मैं काफी समय से इस यात्रा के लिए प्रतिबद्ध था। मैं इसे लेकर उत्सुक हूं। मैंने सुना है कि यह एक बड़ा कार्यक्रम होने जा रहा है...ये भारत में अब तक का सबसे बड़ा कार्यक्रम होने जा रहा है। ये बात प्रधानमंत्री ने मुझे बताई। यह बहुत ही रोमांचक होने वाला है। मैं एक रात के लिए वहां जा रहा हूं।'
पीएम मोदी ने भी ट्वीट कर कहा, 'भारत डोनाल्ड ट्रंप का स्वागत करने के लिए उत्सुक है। यह सम्मान की बात होगी कि वह हमारे साथ होंगे, जिसकी शुरुआत अहमदाबाद में ऐतिहासिक कार्यक्रम से होगी।' पीएम मोदी ने ये बात गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के उस ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए कही जिसमें उन्होंने कहा, 'पूरा गुजरात एक आवाज में कहता है -नमस्ते ट्रंप।'
ये है डोनाल्ड ट्रंप का भारत में पूरा कार्यक्रम
सोमवार, 24 फरवरी
11:40 बजे: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। यहां से ट्रंप और मोदी का 22 किलोमीटर लंबा रोड शो शुरू होगा।
12:15 बजे: ट्रंप साबरमती आश्रम पहुंचेंगे।
13:05 बजे: 'नमस्ते ट्रंप' कार्यक्रम के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति मोटेरा स्टेडियम पहुंचेंगे।
15:30 बजे: मेलानिया के साथ ट्रंप आगरा के लिए रवाना हो जाएंगे।
16:45 बजे: ट्रंप आगरा पहुंचेंगे।
17:15 बजे: ट्रंप और मेलानिया ताज महल का दीदार करेंगे।
18:45 बजे: आगरा से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
19:30 बजे: ट्रंप दिल्ली पहुंच जाएंगे।
मंगलवार, 25 फरवरी
10:00 बजे: अमेरिकी राष्ट्रपति और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप का राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया जाएगा।
10:30 बजे: ट्रंप महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करने राजघाट में उनकी समाधि पर जाएंगे।
11:00 बजे: ट्रंप और मोदी के बीच हैदराबाद हाउस में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी।
12:40 बजे: समझौतों का आदान-प्रदान/साझा प्रेस बयान जारी किया जाएगा।
19:30 बजे: राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात होगी।
22:00 बजे: ट्रंप वापस अमेरिका के लिए रवाना हो जाएंगे।
India News in Hindi (इंडिया न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Network Hindi पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें.