नई दिल्ली: कोरोना वायरस को लेकर हर तरफ बेहद सावधानियां बरती जा रही हैं। घर हो या दफ्तर हर जगह सफाई को लेकर लोग सतर्कता बरत रहे हैं। मार्केट, मॉल या सिनेमाघरों में ये संभव नहीं है तो कई बड़े-बड़े शहरों में इन्हें बंद कर दिया गया है। मास्क और हैंड सैनेटाइजर पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है। जानकार या डॉक्टर बार-बार दोहरा रहे हैं कि अपने हाथ साफ रखें, उन्हें धोते रहें या सैनेटाइजर का यूज करते रहें।
'नवभारत टाइम्स' की खबर के अनुसार, दिल्ली में कई सोसाइटियों के बाहर वॉश बेसिन लगा दिए गए हैं और साबुन-पानी का इंतजाम किया गया है, ताकि कोई भी व्यक्ति बिना हाथ धोए अंदर ना घुसे। लिफ्ट के पास भी सैनेटाइजर रख दिए गए हैं। इसके अलावा दफ्तर, सोसाइटी के गेट पर गार्ड इंफ्रारेड थर्मामीटर के माध्यम से गार्ड आने वाले लोगों का तापमान भी चैक कर रहे हैं।
सफाई का विशेष ध्यान
द्वारका सेक्टर 4 में स्थित सत्यम अपार्टमेंट के गेट पर वॉश बेसिन लगवा दिया गया है। अंदर आने से पहले लोगों को यहां हाथ धोने होते हैं, उसी के बाद एंट्री मिलती है। पार्क रॉयल अपार्टमेंट में भी हाथ की सफाई के बाद प्रवेश मिल रहा है। इसके अलावा सेक्टर 7 की मीडिया सोसायटी में भी हाथ धोने की व्यवस्था की गई है।
कई जगह लोगों से लिफ्ट की जगह सीढ़ियों का इस्तेमाल करने को कहा जा रहा है या कहा जा रहा है कि लोग लिफ्ट का बटन उंगलियों से न दबाकर किसी चीज से दबाएं। लोगों से बाहर कम से कम चीजों को छूने को कहा जा रहा है। हाथ मिलाने को तो मना ही कर रखा है।
भारत में 100 से ऊपर पहुंचा आंकड़ा
भारत में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या 110 हो गई है, 2 लोगों की मौत हो चुकी है। अच्छी बात है कि अभी तक 13 लोग ठीक हो गए हैं। दुनियाभर में अभी तक 1,70,000 से ज्यादा लोग इससे संक्रमित हैं। 6500 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। 77000 से ज्यादा लोग ठीक भी हुए हैं।
India News in Hindi (इंडिया न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Network Hindi पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें.