दिल्ली में कोरोना वायरस के मामले 1000 के पार, अब तक 19 की मौत

दिल्ली में शनिवार को 166 और लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि होने के साथ ही यहां कोविड-19 के मामले बढ़कर 1069 हो गए। साथ ही यहां पांच मरीज की मौत भी हो गई। कुल 19 की मौत हो चुकी है।

Coronavirus in Delhi
दिल्ली में लॉकडाउन  |  तस्वीर साभार: AP

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस के मामले 1000 से ज्यादा हो गए हैं। शनिवार शाम को आए आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में 166 नए केस सामने हैं, जिससे कुल मामलों की संख्या बढ़कर 1069 हो गई है। दिल्ली में अभी तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है। पिछले 24 घंटे में 5 की मौत हुई है। 1069 में से 712 संक्रमित तब्लीगी जमात से जुड़े हैं। दिल्ली में अभी तक 26 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं।

दिल्ली से आगे सिर्फ मुंबई है, जहां कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 1,182 हो गई है। मुंबई में 189 नए मामले सामने आए हैं। यहां 11 और लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद इस विषाणु से मरने वालों की संख्या बढ़कर 75 हो गई है। वहीं महाराष्ट्र में शनिवार को 187 नए मामले आने के साथ राज्य में कुल कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 1,761 हो गई है। शनिवार को 17 और लोगों की मौत हुई। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के संक्रमण से मरने वालों की संख्या 127 तक पहुंच गई है। 

भारत में कोरोना वायरस के कुल 7529 मामले हो गए हैं। 6634 सक्रिय मामले हैं, 652 ठीक हो गए हैं, जबकि 242 की मौत हो चुकी है।

लगातार बढ़ते मांमलों के चलते देशभर में लॉकडाउन बढ़ाया जा सकता है। शनिवार को इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की, जिसमें ज्यादातर ने लॉकडाउन बढ़ाने का सुझाव दिया। केंद्र सरकार भी इस पर विचार कर रहा है, और पूरी संभावना है कि 14 अप्रैल के बाद भी लॉकडाउन जारी रहे।

बैठक के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, 'प्रधानमंत्री ने लॉकडाउन को बढ़ाने का सही फैसला किया है। आज भारत की स्थिति कई विकसित देशों से बेहतर है क्योंकि हमने जल्द लॉकडाउन शुरू किया। अगर इसे अभी रोक दिया गया तो सारे फायदे खत्म हो जाऐंगे। इसलिए इसे बढ़ाना जरूरी है।' 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर