नई दिल्ली: नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ शाहीन बाग में जारी धरने पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रतिक्रिया दी है। केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि इस धरने की वजह से वहां लोगों को परेशानी हो रही है। मख्यमंत्री ने कहा है कि भाजपा के नेताओं को वहां जाकर लोगों से बात करनी चाहिए और रास्ता खुलवाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा, 'शाहीन बाग में बंद रास्ते की वजह से लोगों को परेशानी हो रही है। भाजपा नहीं चाहती कि रास्ते खुलें। भाजपा गंदी राजनीति कर रही है। भाजपा के नेताओं को तुरंत शाहीन बाग जाकर बात करनी चाहिए और रास्ता खुलवाना चाहिए।'
इसके पहले शाहीन बाग प्रदर्शन को लेकर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने केजरीवाल पर निशाना साधा। नड्डा ने सोमवार को आरोप लगाते हुए कहा कि 'केजरीवाल उन लोगों का समर्थन कर रहे हैं, जो लोग देश को तोड़ना चाहते हैं।' नड्डा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री से पूछा कि 'देश-विरोधी लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने से क्या उनका वोट बैंक प्रभावित होगा।'
नड्डा ने अपने एक ट्वीट में कहा, 'कन्हैया कुमार, उमर खालिद और अन्य जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में भारत तेरे टुकड़े होंगे जैसे देश विरोधी नारे लगाए। इन लोगों ने भारत की संप्रभुता को चुनौती दी। जांच एजेंसी इन लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करने के लिए तैयार है लेकिन केजरीवाल इसकी अनुमति नहीं दे रहे हैं।'
बता दें कि दिल्ली चुनाव में भाजपा शाहीन बाग को चुनावी मुद्दा बनाना चाहती है। गृह मंत्री अमित शाह अपनी रैलियों में यहां गत 15 दिसंबर से जारी धरने का जिक्र कर केजरीवाल सरकार और कांग्रेस पर निशाना साध रहे हैं। वहीं, कांग्रेस और आप का आरोप है कि भाजपा शाहीन बाग के जरिए वोटों का ध्रुवीकरण करना चाहती है।
India News in Hindi (इंडिया न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Network Hindi पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें.