देश

जदयू से कब जुड़े थे केसी त्यागी, नीतीश का साथ छोड़ने के बाद अब KC का फ्यूचर प्लान क्या?

जदयू के दिग्गज नेता केसी त्यागी ने पार्टी को अलविदा कह दिया है। उन्होंने 23 साल बाद नीतीश कुमार का साथ छोड़ दिया। अब उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर अटकलें लगनी शुरू हो गई हैं।

Image

जदयू के दिग्गज नेता ने छोड़ा नीतीश का साथ।

किशन चंद त्यागी उर्फ केसी त्यागी की अब फाइनली JDU से छुट्टी हो गई है। उन्होंने खुद इस बात की पुष्टि की है कि वे पार्टी छोड़ चुके हैं। मंगलवार को उन्होंने जदयू के साथ करीब दो दशकों से ज्यादा के साथ को उन्होंने खत्म कर दिया।

पार्टी छोड़ने पर क्या बोले?

जदयू के दिग्गज नेता केसी त्यागी ने 'पीटीआई-भाषा' के एक सवाल पर बताया कि हां,मैंने पार्टी छोड़ दी है। पूर्व राज्यसभा सदस्य ने एक बयान में कहा कि पार्टी का सदस्यता अभियान समाप्त हो गया है। इस बार मैंने पार्टी की सदस्यता का नवीनीकरण नहीं कराया है।

पार्टी छोड़ने के बाद अब क्या होगा फ्यूचर प्लान?

पार्टी छोड़ने के एलान के साथ ही उन्होंने अपने फ्यूचर प्लान को लेकर भी बात की। उन्होंने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि वे सभी आवश्यक लोगों से परामर्श करने के बाद जल्द ही अपने भविष्य को लेकर फैसला करेंगे। त्यागी ने कहा कि मेरे कुछ राजनीतिक मित्र, समर्थक और कार्यकर्ता 22 मार्च 2026 को मावलंकर हॉल,रफी मार्ग में देश की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा करने के लिए समान विचारधारा वाले व्यक्तियों की एक बैठक का आयोजन कर रहे हैं। उस बैठक में मैं अपने फ्यूचर प्लान पर बात करूंगा।

10 दिसंबर 1950 को गाजियाबाद में जन्म

10 दिसंबर 1950 को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मोर्टा गांव में जन्मे केसी त्यागी लोकसभा और राज्यसभा दोनों में जनता दल (यूनाइटेड) के सांसद रह चुके हैं । उन्होंने नौवीं लोकसभा (1989-1991) में हापुड़ का प्रतिनिधित्व किया और 2013 से 2016 तक बिहार से राज्यसभा सदस्य रहे। उनके पिता जगराम सिंह त्यागी और माता रोहताश त्यागी थीं। उन्होंने मुरादनगर में अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की और मेरठ विश्वविद्यालय से बीएससी की डिग्री प्राप्त की । उनकी शादी पुष्पा त्यागी से हुई है और उनके तीन बेटे हैं।

जदयू के साथ दो दशक से ज्यादा पुराना नाता

केसी त्यागी समता पार्टी और जनता दल के विलय के बाद जनता दल यूनाइटेड के गठन के समय से ही पार्टी के साथ जुड़े थे। अक्टूबर 2003 में इन दोनों दलों के विलय के बाद जदयू अस्तित्व में आई थी। उन्होंने जदयू में मुख्य महासचिव, मुख्य प्रवक्ता और राजनीतिक सलाहकार सहित विभिन्न पदों पर कार्य किया था।

नीतीश कुमार को 'भारत रत्न' देने की थी मांग

बीते दिनों केसी त्यागी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को 'भारत रत्न' देने की मांग की थी। त्यागी ने नीतीश कुमार को समाजवादी आंदोलन का अनमोल रत्न बताया था और कहा था कि वे इस सम्मान के योग्य हैं। उन्होंने याद दिलाया था कि पीएम मोदी ने पहले भी चौधरी चरण सिंह और कर्पूरी ठाकुर जैसे समाजवादी नेताओं को सम्मानित किया है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Shiv Shukla
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article