LIVE

आज की ताजा खबर, 14 मार्च 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: इरफान पठान बोले- धोनी का IPL में यह अंतिम सत्र हो सकता है...पीएम मोदी आज कोलकाता में भरेंगे हुंकार, ईरान जंग के बीच उत्तर कोरिया ने भी अमेरिका को डराया; दागी मिसाइल, भारत में LPG की किल्लत ठीक होगी

आज की ताजा खबर लाइव, 14 मार्च 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [ईरान होर्मुज], [अमेरिका खर्ग द्वीप हमला], [मोदी कोलकाता रैली] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: ईरान के तेल उद्योग की रीढ़ खारग द्वीप ‘पूरी तरह तबाह’, ऐसा ट्रंप ने कहा है। वहीं, 'दोस्त' भारत के लिए, ईरान ने होर्मुज़ से 2 LPG टैंकरों के गुज़रने की मंज़ूरी दी। इसके अलावा PM मोदी आज कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में विशाल रैली को संबोधित करेंगे। पढ़ें- देश दुनिया की अन्य खबरें

Nitin AroraUpdated Mar 14, 2026, 18:30 IST
आज की ताजा खबर, 14 मार्च 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: इरफान पठान बोले- धोनी का IPL में यह अंतिम सत्र हो सकता है...पीएम मोदी आज कोलकाता में भरेंगे हुंकार, ईरान जंग के बीच उत्तर कोरिया ने भी अमेरिका को डराया; दागी मिसाइल, भारत में LPG की किल्लत ठीक होगी

आज की ताजा खबर, 14 मार्च 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: इरफान पठान बोले- धोनी का IPL में यह अंतिम सत्र हो सकता है...पीएम मोदी आज कोलकाता में भरेंगे हुंकार, ईरान जंग के बीच उत्तर कोरिया ने भी अमेरिका को डराया; दागी मिसाइल, भारत में LPG की किल्लत ठीक होगी

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [ईरान होर्मुज], [अमेरिका खर्ग द्वीप हमला], [मोदी कोलकाता रैली] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फथाली ने संकेत दिया कि भारतीय जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित मार्ग मिल सकता है। उन्होंने भारत को एक मित्र बताया और मध्य-पूर्व युद्ध के बीच दोनों देशों के साझा हितों की ओर इशारा किया। वहीं, ट्रंप ने शनिवार को कहा कि अमेरिका ने ईरान के 'ताज के नगीने' कहे जाने वाले खर्ग द्वीप पर हमले किए हैं, और साथ ही उन्होंने तेहरान को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' को अवरुद्ध करने के खिलाफ चेतावनी भी दी। इधर PM मोदी आज कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में विशाल रैली को संबोधित करेंगे।

-पीएम मोदी की कोलकाता में रैली

-खर्ग द्वीप पर अमेरिका का हमला

-भारत के लिए LPG टैंकरों के गुजरने की मंजूरी

MAR 14, 2026 13:36 IST

अमेरिकी हमले में मारे गए 84 ईरानी नाविकों के शव श्रीलंका ने स्वदेश वापस भेजे

श्रीलंका ने एक अमेरिकी पनडुब्बी द्वारा डुबोए गए ईरानी नौसेना पोत के 84 नाविकों के शवों को स्वदेश वापस भेज दिया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पिछले सप्ताह बुधवार को श्रीलंका ने बताया था कि उसने अमेरिकी पनडुब्बी हमले में द्वीप के दक्षिणी तट पर गाले के पास ईरानी नौसैनिक पोत ’आईरिस देना’ के डूबने के बाद 84 ईरानी नाविकों के शव बरामद किए हैं।

यह पोत भारत के विशाखापत्तनम से ईरान लौट रहा था जहां इसने नौसेना बेड़े की समीक्षा अभ्यास में हिस्सा लिया था।

दक्षिणी जिले हंबनटोटा के मट्टाला अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मौजूद पत्रकारों ने बताया कि ये शव तुर्किये के निजी एयरलाइन के विमान से भेजे गये जो शुक्रवार को रवाना हुआ।

मुख्य मजिस्ट्रेट समीरा डोडंगोडा ने 11 मार्च को करापितिया स्थित नेशनल हॉस्पिटल के निदेशक को आदेश दिया था कि वे ’आईरिस देना’ पोत के 84 नाविकों के शव ईरान के दूतावास को सौंप दें।

अमेरिकी टॉरपीडो के हमले में चार मार्च को मारे गए नाविकों के शवों को गाले के कारपितिया अस्पताल में रखा गया था तथा हमले में जीवित बचे 32 लोगों का इलाज किया गया था।

श्रीलंका सरकार ने पहले कहा था कि स्थिति सुधरने तक वे शवों को अपने पास रखेंगे ताकि उन्हें स्वदेश वापस भेजा जा सके।

हमले में जीवित बचे 32 लोगों को रविवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।
MAR 14, 2026 13:35 IST

प्रधानमंत्री मोदी ने असम के सिलचर में 23,550 करोड़ रुपये मूल्य की परियोजनाओं की शुरुआत की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने असम में विधानसभा चुनावों से पहले सिलचर शहर में शनिवार को 23,550 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत की।

प्रधानमंत्री ने कछार जिले के सिलचर और मेघालय के शिलांग के बीच 22,864 करोड़ रुपये की नियंत्रित प्रवेश-निकास वाली एक्सप्रेसवे परियोजना के लिए ’भूमि पूजन’ में भाग लिया। यह पूर्वोत्तर में अपनी तरह की पहली परियोजना है।

अधिकारियों ने बताया कि 166 किलोमीटर लंबे चार लेन के इस ग्रीनफील्ड द्रुतगति गलियारे से मेघालय और असम के बीच संपर्क सुविधा में उल्लेखनीय सुधार होगा। इस परियोजना से गुवाहाटी और सिलचर के बीच की दूरी 295 से घटकर 252 रह जाएगी और यात्रा का समय 8.5 घंटे से घटकर लगभग पांच घंटे रह जाएगा।

प्रधानमंत्री ’कैपिटल प्वाइंट’ के पास ट्रंक रोड से सिलचर के ’रंगिरखारी प्वाइंट’ तक एनएच-306 पर बनने वाले एलिवेटेड कॉरिडोर (चरण-1) के भूमि पूजन में भी शामिल हुए।

अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना से सिलचर की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक पर यातायात का दबाव कम होगा तथा मिजोरम, त्रिपुरा एवं मणिपुर जैसे पड़ोसी राज्यों से संपर्क बेहतर होगा और बराक घाटी के आर्थिक विकास में योगदान मिलेगा।

प्रधानमंत्री ने करीमगंज जिले के पथारकंडी में एक नए कृषि महाविद्यालय की आधारशिला भी रखी।

ये परियोजनाएं उन 47,800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का हिस्सा हैं, जिनकी प्रधानमंत्री ने शुक्रवार से राज्य में शुरुआत की है।

असम में विधानसभा चुनाव अप्रैल में होने की संभावना है और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने की कोशिश में है।
MAR 14, 2026 13:34 IST

सरकार ने लगभग छह महीने बाद सोनम वांगचुक की हिरासत रद्द की

केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) के तहत उपलब्ध शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की हिरासत को तत्काल प्रभाव से रद्द करने का निर्णय लिया है। एक आधिकारिक बयान में शनिवार को यह जानकारी दी गई है।

लद्दाख को राज्य का दर्जा देने और संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर लेह में हुए हिंसक प्रदर्शनों के दो दिन बाद, 26 सितंबर 2025 को वांगचुक को हिरासत में लिया गया था।

उन्हें लेह के जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर ’’जनव्यवस्था बनाए रखने’’ के लिए रासुका के तहत हिरासत में लिया गया और फिर जोधपुर जेल में स्थानांतरित कर दिया गया।

बयान में कहा गया है कि वांगचुक पहले ही रासुका के तहत हिरासत की अवधि का लगभग आधा हिस्सा पूरा कर चुके हैं।

इसमें कहा गया है, ’’सरकार लद्दाख के विभिन्न हितधारकों और सामुदायिक नेताओं के साथ सक्रिय रूप से बातचीत कर रही है ताकि इस क्षेत्र के लोगों की चिंताओं का समाधान किया जा सके।’’
MAR 14, 2026 13:33 IST

धोनी का आईपीएल में यह अंतिम सत्र हो सकता है: इरफान पठान

भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान का मानना ​​है कि आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) महेंद्र सिंह धोनी का चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की तरफ से एक खिलाड़ी के रूप में यह अंतिम सत्र हो सकता है।

जैसे-जैसे 2026 का आईपीएल करीब आ रहा है, धोनी के संन्यास को लेकर चर्चाएं फिर से तेज हो गई हैं।

सीएसके ने राजस्थान रॉयल्स से संजू सैमसन को लेकर अपनी टीम से जुड़ा है जिसके बाद अटकलें लगाई जा रही हैं कि धोनी इस बार खेल के मैदान पर कम दिखेंगे और वह मेंटोर (मार्गदर्शक) की भूमिका निभा सकते हैं।

इरफान ने जिओ हॉटस्टार से कहा, ’’धोनी के बिना सीएसके की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। हो सकता है कि इस सत्र में हम उन्हें आखिरी बार पीली जर्सी में देखें। लेकिन उनके बिना सीएसके और आईपीएल की कल्पना करना मुश्किल है।’’

उन्होंने कहा, ’’आईपीएल शुरू होने के साथ ही हम धोनी को फिर से खेलते हुए देखने लगते हैं। इसका मतलब है कि वह इसके लिए पूरी तरह से तैयार हैं और वह काफी फिट भी दिख रहे हैं।’’

यह 44 वर्षीय खिलाड़ी इस महीने की शुरुआत में चेन्नई में सीएसके शिविर में शामिल हो चुका है और कप्तान रितुराज गायकवाड़ के नेतृत्व वाली टीम के साथ अभ्यास कर रहा है।

पठान ने कहा कि धोनी की भूमिका टीम का मार्गदर्शन करने और अगली पीढ़ी के नेतृत्वकर्ताओं को तैयार करने की हो सकती है।

उन्होंने कहा, ’’इस सत्र में धोनी सबको एकजुट करने में अहम भूमिका निभाएंगे। मुझे नहीं पता कि वो कितने मैच खेलेंगे। लेकिन ड्रेसिंग रूम में उनकी मौजूदगी से काफी मदद मिलेगी।’’

पठान ने कहा, ’’इससे संजू को फायदा होगा क्योंकि वह भी नेतृत्व समूह का हिस्सा होंगे। रितुराज गायकवाड़ कप्तान हैं। लेकिन इसके लिए दो या तीन खिलाड़ियों को भविष्य के लिए तैयार किया जा रहा है। यहीं पर धोनी की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है। मुझे उम्मीद है कि वह कुछ अंतर पैदा करेंगे।’’

उन्होंने कहा, ’’उनकी फिटनेस, बल्लेबाजी क्रम और क्या वे सभी मैच खेलेंगे, जैसे सवाल अब भी उठते रहेंगे। सीएसके का टीम प्रबंधन चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ेगा। वे निश्चित रूप से छठी आईपीएल ट्रॉफी जीतकर उन्हें शानदार विदाई देने की कोशिश करेंगे।’’

धोनी ने आईपीएल में अब तक 278 मैच खेले हैं और 5,439 रन बनाए हैं। पिछले सत्र में उन्हें केवल डेथ ओवरों में ही बल्लेबाजी करते हुए देखा गया था। उन्होंने तब 13 पारियों में 196 रन बनाए थे।

सीएसके ने रविंद्र जडेजा को राजस्थान रॉयल्स को देकर उनकी जगह संजू सैमसन को अपनी टीम से जोड़ा था। राजस्थान रॉयल्स की टीम में जोस बटलर भी नहीं हैं।
MAR 14, 2026 13:32 IST

प्रधानमंत्री की विशाल रैली से पहले बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक कोलकाता पहुंचे

कोलकाता स्थित प्रतिष्ठित ब्रिगेड परेड मैदान में होने वाली प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विशाल रैली से पहले, पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों से हजारों भाजपा समर्थक शनिवार सुबह से ही राज्य की राजधानी में पहुंचने लगे।

मोदी दोपहर में राज्य का दौरा करने वाले हैं, जहां वे एक रैली को संबोधित करेंगे और लगभग 18,680 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। 28 फरवरी को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद की मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद यह राज्य की उनकी पहली यात्रा होगी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आयोजित यह रैली विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के राज्यव्यापी ’परिवर्तन यात्रा’ अभियान के समापन का प्रतीक होगी।

उत्तर और दक्षिण बंगाल के विभिन्न हिस्सों से पार्टी कार्यकर्ता सुबह से ही शहर पहुंचने लगे, जिनमें से बड़ी संख्या में लोग हावड़ा रेलवे स्टेशन और सियालदह रेलवे स्टेशन पर पहुंचे।

बर्दवान, मालदा, हुगली और उत्तरी बंगाल के कई जिलों सहित विभिन्न जिलों से आने वाली ट्रेनों में पार्टी समर्थकों के बड़े दल आए, जिनका रेलवे स्टेशन के निकास द्वार पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया।
पार्टी ने कार्यकर्ताओं के लिए शाकाहारी नाश्ते की व्यवस्था की है।
MAR 14, 2026 13:32 IST

मायावती ने कांशीराम को भारत रत्न से सम्मानित करने के कांग्रेस के प्रस्ताव पर सवाल उठाया

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने कांग्रेस के इस प्रस्ताव पर शनिवार को सवाल उठाया कि यदि वह केंद्र में सत्ता में आती है तो बसपा के संस्थापक कांशीराम को भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा।
मायावती ने देश भर के पार्टी कार्यकर्ताओं से अन्य राजनीतिक दलों, विशेष रूप से कांग्रेस द्वारा बसपा को कमजोर करने के प्रयासों के प्रति सतर्क रहने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि केंद्र में कई वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने बी आर आंबेडकर को कभी उचित सम्मान नहीं दिया तो अब पार्टी कांशीराम को सम्मानित करने का प्रस्ताव कैसे रख सकती है। कांशीराम की जयंती रविवार को मनाई जाएगी।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर लिखा, ’’कांग्रेस ने दलितों के मसीहा और संविधान के प्रमुख निर्माता बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को कभी उचित सम्मान नहीं दिया, न ही उन्हें भारत रत्न की उपाधि से सम्मानित किया... तो अब वही पार्टी कांशीराम को कैसे सम्मानित कर सकती है?’’

उनकी यह टिप्पणी लखनऊ में कांग्रेस द्वारा आयोजित ’संविधान सम्मेलन’ में पारित एक प्रस्ताव के एक दिन बाद आई है, जिसमें कहा गया कि सत्ता में आने पर पार्टी कांशीराम को भारत रत्न से सम्मानित करेगी।
MAR 14, 2026 13:31 IST

आदित्य धर ने मुझे 'धुरंधर 2' में रोल ऑफर किया था: अनिल कपूर

अभिनेता अनिल कपूर ने कहा कि उन्हें आदित्य धर की आगामी फिल्म ’धुरंधर: द रिवेंज’ में अतिथि भूमिका की पेशकश की गई थी। अभिनेता ने स्वीकार किया कि यह उनका नुकसान है कि उन्होंने इस प्रस्ताव को ठुकराया।

’धुरंधर: द रिवेंज’ धर की 2025 में रिलीज हुई फिल्म की सीक्वल है, जिसने बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की थी। इस फिल्म में रणवीर सिंह ने मुख्य भूमिका निभाई थी, उनके साथ आर माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी भी थे।
कपूर शुक्रवार को नयी दिल्ली में आयोजित ’इंडिया टुडे कॉन्क्लेव’ में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि जब धर ने उनसे संपर्क किया, तब तक वे अपनी शूटिंग की तारीखें एक अन्य फिल्म निर्माता को दे चुके थे। उन्होंने कहा, ’’हां, आदित्य ’धुरंधर 2’ के लिए मेरे पास आए थे। वे चाहते थे कि मैं फिल्म में एक छोटा सा कैमियो करूं। लेकिन आज मैं जो कुछ भी हूं, वह अपने पेशेवर रवैये और प्रतिबद्धता के कारण हूं।’’

उन्होंने कहा, ’’यह बहुत महत्वपूर्ण है - सिर्फ प्रतिभा से आप वो नहीं बन सकते जो आप हैं। उस समय, मैंने उन तारीखों को पहले ही एक अन्य फिल्म निर्माता को दे दिया था। मैंने आदित्य से कहा, ’मुझे यह कैमियो करना बहुत अच्छा लगता, लेकिन मैंने पहले से ही किसी और फिल्म के लिए हां कर दी है।’ अब वो फिल्म रिलीज कर रहे हैं और यह एक शानदार फिल्म है। यह मेरा नुकसान है, लेकिन कोई बात नहीं।’’
अभिनेता ने कहा कि वह फिल्म निर्माता के साथ काम करना चाहेंगे।
MAR 14, 2026 13:29 IST

‘आप' की सरकार ने पंजाब को भ्रष्टाचार, मादक पदार्थ और अपराध में डुबो दिया: अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब के मोगा में अपनी रैली से पहले शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर हमला बोलते हुए उस पर राज्य को भ्रष्टाचार, मादक पदार्थ और अपराध में डुबो देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पंजाब बदलाव चाहता है।


शाह ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ’’पंजाब का हर व्यक्ति बदलाव चाहता है। क्योंकि जवानों (सैनिकों), किसानों और मेहनतकश लोगों के लिए प्रसिद्ध पंजाब की पवित्र भूमि को ’आप’-दा सरकार ने भ्रष्टाचार, मादक पदार्थों और अपराध में डुबो दिया है।’’


शाह ने कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस ’रिमोट कंट्रोल’ (दूर से नियंत्रित होने) वाली ’आप’ सरकार के शासन में पंजाब से कानून-व्यवस्था और विकास नदारद हैं।

उन्होंने कहा, ’’आज मैं मोगा में भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) की ’बदलाव रैली’ में पंजाब के बहनों और भाइयों से संवाद करने के लिए उत्सुक हूं।’’
शाह शनिवार को मोगा में ’बदलाव रैली’ को संबोधित करेंगे।

इस रैली को पंजाब में भाजपा के चुनावी अभियान की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। राज्य में 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं।
मोगा के किल्ली चाहलां गांव में रैली के लिए विस्तृत व्यवस्थाएं की गई हैं।
मोगा, पंजाब के राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मालवा क्षेत्र में आता है। यह क्षेत्र राज्य की कुल 117 विधानसभा सीट में से 69 सीट का प्रतिनिधित्व करता है।

राज्य में अगले साल चुनाव होने वाले हैं।
आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में उसी स्थान पर फरवरी में एक रैली को संबोधित किया था।
MAR 14, 2026 13:28 IST

नमन पुरस्कार समारोह में टी20 विश्व कप विजेता टीम को सम्मानित करेगा बीसीसीआई

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) रविवार को यहां होने वाले अपने वार्षिक नमन पुरस्कार समारोह के दौरान टी20 विश्व कप जीतकर इतिहास रचने वाली सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम को सम्मानित करेगा।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने शनिवार को घोषणा की कि बीसीसीआई नमन पुरस्कार 2026 का मुख्य आकर्षण हाल के समय में आईसीसी खिताब जीतने वाली सभी पांच भारतीय टीमों को सम्मानित करना होगा।

गौतम गंभीर की कोचिंग वाली टीम आठ मार्च को अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीन बार टी20 विश्व कप जीतने ओर खिताब का बचाव करने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई। यही नहीं वह घरेलू मैदान पर टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम भी बन गई है।

इस समारोह में उन अन्य भारतीय टीमों को भी सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने हाल के दिनों में आईसीसी ट्रॉफी जीती हैं। इनमें 2025 में वनडे विश्व कप जीतने वाली सीनियर महिला टीम, 2025 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली पुरुष टीम, 2026 में अंडर-19 विश्व कप जीतने वाली टीम और 2025 में अंडर-19 टी20 विश्व कप जीतने वाली महिला टीम शामिल हैं।

बीसीसीआई ने इसके साथ ही कुछ व्यक्तिगत पुरस्कारों की भी आधिकारिक तौर पर पुष्टि की, जिनके बारे में इस सप्ताह की शुरुआत में पहले ही पता चल गया था।

भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल को 2024-25 सत्र के लिए सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर (पुरुष) का पॉली उमरीगर पुरस्कार मिलेगा, जबकि स्मृति मंधाना को अपने करियर में पांचवीं बार सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर (महिला) के रूप में सम्मानित किया जाएगा।

पूर्व दिग्गज रोजर बिन्नी और राहुल द्रविड़ को बोर्ड का सर्वोच्च सम्मान कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा, जबकि पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज को बीसीसीआई का महिला लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार मिलेगा।

बिन्नी भारत की 1983 क्रिकेट विश्व कप विजेता टीम के सदस्य और टूर्नामेंट में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। उन्होंने बाद में कोच, चयनकर्ता और 2022 से 2025 तक बीसीसीआई अध्यक्ष के रूप में खेल की सेवा की।

द्रविड़ के नाम पर 24,000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय रन दर्ज हैं। भारत के महानतम बल्लेबाजों में शामिल द्रविड़ ने भारतीय टीम के मुख्य कोच की भूमिका भी निभाई। उनके कोच रहते हुए भारत ने 2024 में टी20 विश्व कप जीता था।

पुरस्कार पाने वाले अन्य खिलाड़ियों में इरा जाधव को सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर (घरेलू) के लिए जगमोहन डालमिया ट्रॉफी दी जाएगी, जबकि शेफाली वर्मा को सीनियर घरेलू एकदिवसीय टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर के रूप में सम्मानित किया जाएगा।

आयुष म्हात्रे को घरेलू सीमित ओवरों की प्रतियोगिताओं में सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर के लिए लाला अमरनाथ पुरस्कार मिलेगा। विदर्भ के हर्ष दुबे को रणजी ट्रॉफी में सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर का पुरस्कार दिया जाएगा।

मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को बीसीसीआई के घरेलू टूर्नामेंटों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली राज्य एसोसिएशन का पुरस्कार मिलेगा। उसकी टीम ने इस सत्र में चार खिताब जीते और वह दो प्रतियोगिताओं में उपविजेता रही।
MAR 14, 2026 13:27 IST

राजग के साथ गठबंधन की कोई संभावना नहीं है: टीवीके

अभिनेता विजय के नेतृत्व वाली टीवीके ने तमिलनाडु में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ गठबंधन की किसी भी संभावना से शनिवार को इनकार किया।

विजय ने चुनावी समझौते को लेकर मीडिया में जारी अटकलों को भी खारिज कर दिया।

हालांकि, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने पत्रकारों के इस सवाल का सीधा जवाब देने से इनकार कर दिया कि क्या तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के साथ गठबंधन के लिए बातचीत हो रही है।

नागेंद्रन ने यहां पत्रकारों से कहा, ’’आप गठबंधन को लेकर चिंतित हैं और मैं जनता की समस्याओं को लेकर चिंतित हूं, खासकर राज्य में कानून-व्यवस्था की विफलता और महिलाओं की सुरक्षा की कमी को लेकर।’’
राजग के साथ गठबंधन के लिए बातचीत को ’’अफवाह’’ बताते हुए, टीवीके के संयुक्त महासचिव सी टी आर निर्मल कुमार ने कहा कि 13 मार्च को पार्टी के जिला सचिवों के साथ हुई ऑनलाइन बैठक का उद्देश्य पार्टी की ताकत और गठबंधन की संभावनाओं का आकलन करना था।
निर्मल कुमार ने ’पीटीआई-भाषा’ से कहा, ’’राजग के साथ गठबंधन की कोई गुंजाइश नहीं है। हम पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि भाजपा हमारी वैचारिक शत्रु है।’’
MAR 14, 2026 11:25 IST

पाकिस्तान में ड्रोन के मलबे की चपेट में आने से चार लोग घायल

पाकिस्तान में अपने लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही नष्ट कर दिए गए अफगान तालिबान के ड्रोन के मलबे की चपेट में आने से दो बच्चों सहित कम से कम चार लोग घायल हो गए। पाकिस्तान की सेना ने शनिवार को यह जानकारी दी।

सेना ने बताया कि इन ड्रोन को शुक्रवार को उनके लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही राजधानी इस्लामाबाद से सटे रावलपिंडी, क्वेटा और कोहाट में रोककर नष्ट कर दिया गया।
MAR 14, 2026 11:24 IST

उत्तर कोरिया ने समुद्र की ओर प्रक्षेपास्त्र दागा: दक्षिण कोरिया

उत्तर कोरिया ने समुद्र की ओर एक संदिग्ध बैलिस्टिक मिसाइल दागी है। बताया गया कि उत्तर कोरिया ने शनिवार को दक्षिण कोरिया के पूर्वी समुद्र की ओर कम से कम एक प्रक्षेपास्त्र दागा। दक्षिण कोरिया ने यह जानकारी दी।

दक्षिण कोरिया के ’ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ’ ने यह नहीं बताया कि क्या यह हथियार बैलिस्टिक था या उसने कितनी दूरी तय की।

यह प्रक्षेपण ऐसे समय में किया गया है, जब उत्तर कोरिया ने अमेरिका और दक्षिण कोरिया के संयुक्त सैन्य अभ्यासों का जवाब देने की हाल में धमकी दी थी।

अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बीच 11 ’फ्रीडम शील्ड’ सैन्य अभ्यास जारी है।

अमेरिका और दक्षिण कोरिया के इन अभ्यासों को उत्तर कोरिया अपने ऊपर आक्रमण की तैयारी बताता रहा है।
MAR 14, 2026 11:22 IST

मणिपुर में चार उग्रवादी गिरफ्तार

मणिपुर के इंफाल से सुरक्षा बलों ने एक प्रतिबंधित संगठन के चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को इंफाल पूर्वी जिले के न्यू चेकॉन इलाके से प्रतिबंधित संगठन ’यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (पी)’ के चार सक्रिय सदस्यों को पकड़ा गया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि उग्रवादियों के पास से पिस्तौल और गोलियों समेत हथियार तथा गोला-बारूद बरामद किए गए हैं।
MAR 14, 2026 11:21 IST

अमेरिका में वीजा धोखाधड़ी के मामले में 11 भारतीय नागरिकों पर आरोप लगाए गए

अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे 11 भारतीय नागरिकों पर वीजा धोखाधड़ी के लिए दुकानों में फर्जी हथियारबंद डकैती की साजिश रचने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। अमेरिकी संघीय अभियोजकों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि संदिग्धों पर फर्जी डकैतियों को अंजाम देने का आरोप है ताकि दुकान के लिपिक ग्रीन कार्ड प्राप्त करने के लिए आव्रजन आवेदनों में खुद को अपराध का शिकार बता सकें।


इन 11 लोगों में 39 वर्षीय जीतेंद्रकुमार पटेल, 36 वर्षीय महेशकुमार पटेल, 45 वर्षीय संजयकुमार पटेल, 40 वर्षीय दीपिकाबेन पटेल, 52 वर्षीय रमेशभाई पटेल, 43 वर्षीय अमिताबहेन पटेल, 28 वर्षीय रौनककुमार पटेल, 36 वर्षीय संगीताबेन पटेल, 42 वर्षीय मिंकेश पटेल, 42 वर्षीय सोनल पटेल और 40 वर्षीय मितुल पटेल शामिल हैं जिन पर वीजा धोखाधड़ी की साजिश रचने का आरोप है।


ये सभी अमेरिका के विभिन्न राज्यों जैसे मैसाचुसेट्स, केंटुकी और ओहायो में गैरकानूनी रूप से रह रहे थे।


न्याय मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि मैसाचुसेट्स के वेमाउथ में अवैध रूप से रह रही दीपिकाबेन को भारत प्रत्यर्पित कर दिया गया था।
जितेंद्रकुमार, महेशकुमार, संजयकुमार, अमिताबहेन, संगीताबेन और मितुल को मैसाचुसेट्स में गिरफ्तार किया गया था और शुक्रवार को बोस्टन में संघीय अदालत में प्रारंभिक पेशी के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया।


रमेशभाई, रौनककुमार, सोनल और मिनकेश को गिरफ्तार कर लिया गया और उनकी प्रारंभिक पेशी केंटुकी, मिसौरी और ओहायो में हुई। वे बाद में बोस्टन की संघीय अदालत में पेश होंगे।
MAR 14, 2026 11:20 IST

पालघर में मालगाड़ी की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत

महाराष्ट्र के पालघर रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार रात रेल की पटरियों पर चल रहे तीन लोगों की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने शनिवार को यह जानकारी दी।


हालांकि, मृतकों के परिजनों ने दावा किया है कि शुक्रवार रात जब यह घटना हुई उस समय कथित तौर पर पुलिस तीनों युवकों का पीछा कर रही थी जिसकी वजह से वे पटरियों पर दौड़ रहे थे।


एक अधिकारी ने बताया कि पालघर पूर्व के वीरेंद्र नगर इलाके के निवासी स्वप्निल शैलेश पालंदे (23), कुणाल कुमार दुबला (23) और अफरोज खलील शेख (28) रात करीब साढ़े आठ बजे से नौ बजे के बीच एक मालगाड़ी की चपेट में आ गए।


पालघर जीआरपी के वरिष्ठ निरीक्षक सचिन इंगवाले ने ’पीटीआई-भाषा’ से कहा, "रेल की पटरी पर चल रहे तीनों युवकों की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। हमारे पास इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि पुलिस उनका पीछा कर रही थी या उन्होंने आत्महत्या की।"
उन्होंने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद जीआरपी के जवान मौके पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया।


वहीं, मृतकों के परिजनों ने आरोप लगाया कि दुर्घटना से पहले सादे कपड़ों में कुछ पुलिसकर्मियों ने युवकों के साथ मारपीट की थी। उनका कहना है कि इससे बचने के लिए युवक पास की रेलवे पटरियों की ओर भागे और इसी दौरान एक मालगाड़ी की चपेट में आकर उनकी मौत हो गई।


पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जीआरपी ने फिलहाल आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है और दुर्घटना की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है।
MAR 14, 2026 11:19 IST

बगदाद में अमेरिकी दूतावास परिसर में हेलीपैड पर मिसाइल से हमला हुआ: इराकी सुरक्षा अधिकारी

इराक की राजधानी बगदाद में अमेरिकी दूतावास परिसर के भीतर एक हेलीपैड पर मिसाइल से हमला हुआ। इराक के दो सुरक्षा अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

एसोसिएटेड प्रेस (एपी) के पास मौजूद फुटेज में शनिवार सुबह दूतावास परिसर के ऊपर धुएं का गुबार उठता दिखाई दे रहा है।


दुनिया में अमेरिका के सबसे बड़े राजनयिक केंद्रों में शामिल यह विशाल दूतावास परिसर पहले भी ईरान समर्थित मिलिशिया द्वारा दागे गए रॉकेट और ड्रोन का कई बार निशाना बना है।


बगदाद स्थित अमेरिकी दूतावास की ओर से इस संबंध में तत्काल कोई टिप्पणी नहीं आई।

दूतावास ने शुक्रवार को इराक के लिए स्तर-चार सुरक्षा चेतावनी फिर से जारी करते हुए कहा था कि ईरान तथा ईरान समर्थित मिलिशिया समूह पहले भी अमेरिकी नागरिकों, हितों और बुनियादी ढांचे पर हमले कर चुके हैं और वे ’’उन्हें निशाना बनाना जारी रख सकते हैं।’’
MAR 14, 2026 11:19 IST

गुजरात सरकार होटलों, छात्रावासों और शैक्षणिक संस्थानों को नए पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराएगी

गुजरात सरकार ने उन क्षेत्रों में स्थित होटल, रेस्तरां, शैक्षणिक एवं सामाजिक-धार्मिक संस्थानों को पीएनजी (पाइप से मिलने वाली रसोई गैस) का कनेक्शन प्रदान करने का निर्णय लिया है जहां पाइपलाइन वितरण नेटवर्क उपलब्ध है। हालांकि इस सुविधा के लिए संस्थानों को आवेदन करना होगा।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में यह निर्णय लिया गया। इस बैठक में पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के मद्देनजर पीएनजी और राज्य में पेट्रोलियम उत्पादों की स्थिति की समीक्षा की गई।

पश्चिम एशिया संघर्ष ने वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को बुरी तरह प्रभावित किया है।

यहां जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया, ’’मुख्यमंत्री ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है कि राज्य के जिन क्षेत्रों में शहरी गैस वितरण के लिए पाइपलाइन नेटवर्क उपलब्ध है, वहां रेस्तरां, होटल, शैक्षणिक और सामाजिक-धार्मिक संस्थानों को नए पीएनजी कनेक्शन का आवेदन करने पर उनकी आवश्यकताओं के अनुसार तत्काल प्रभाव से कनेक्शन प्रदान किए जाएंगे।’’


बैठक में यह जानकारी दी गई कि घरेलू उपयोग के मकसद से पाइपलाइन के माध्यम से गैस प्राप्त करने वाले नागरिकों के लिए राज्य में रसोई गैस की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है।

सरकार ने बृहस्पतिवार को इस बात पर जोर दिया कि पश्चिम एशिया में बदलती भू-राजनीतिक स्थिति के बावजूद राज्य में घरेलू खपत के लिए तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) और पीएनजी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।


पश्चिम एशिया से भारत अपने ऊर्जा उत्पादों का एक बड़ा हिस्सा आयात करता है।
MAR 14, 2026 11:18 IST

प्रधानमंत्री आज पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे, जहां वह प्रतिष्ठित ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक रैली को संबोधित करेंगे और लगभग 18,680 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे।
पिछले महीने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के पश्चात मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद राज्य की उनकी यह पहली यात्रा होगी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आयोजित इस रैली के साथ ही 2026 के विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी की राज्यव्यापी ’परिवर्तन यात्रा’ का समापन होगी।


वर्ष 2019 के लोकसभा चुनावों में मिली जबरदस्त बढ़त और 2021 के विधानसभा चुनावों में मिली हार के बाद, भाजपा की इस यात्रा को हाल के वर्षों में उसका सबसे व्यापक राज्यव्यापी जनसंपर्क अभियान माना जा रहा है।

गत 28 फरवरी को जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, एसआईआर प्रक्रिया होने पर पिछले साल नवंबर में संशोधन प्रक्रिया शुरू होने के बाद से मतदाताओं की संख्या का लगभग 8.3 प्रतिशत यानी 63.66 लाख नाम सूची से हटा दिए गए हैं, जिससे राज्य में मतदाताओं की संख्या लगभग 7.66 करोड़ से घटकर 7.04 करोड़ से थोड़ी अधिक रह गई है।


इसके अतिरिक्त, 60.06 लाख से अधिक मतदाताओं को ’’न्यायिक समीक्षा के अधीन’’ श्रेणी में रखा गया है, जिसका अर्थ है कि आने वाले हफ्तों में कानूनी जांच के माध्यम से उनकी पात्रता निर्धारित की जाएगी।
MAR 14, 2026 11:17 IST

राजस्थान में आज से कई स्थानों पर बारिश का अनुमान

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान में कई स्थानों पर शनिवार से हल्की बारिश होने और तेज हवा चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।

विभाग के अनुसार पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से 14 मार्च को गंगानगर, हनुमानगढ़ तथा चूरू जिलों और शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में कहीं-कहीं बादल गरजने, 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश/बूंदाबांदी होने का अनुमान है।


वहीं 15 मार्च को अजमेर, जयपुर, भरतपुर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के जिले, गंगानगर, हनुमानगढ़ जिलों और आसपास के क्षेत्र में कहीं-कहीं हल्की आंधी-बारिश/बूंदाबांदी हो सकती है।


इसी तरह एक और नया पश्चिमी विक्षोभ 19-21 मार्च के दौरान सक्रिय होगा तथा कहीं-कहीं आंधी बारिश होगी। इसके अनुसार राज्य में आगामी एक सप्ताह ज्यादातर भागों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे बने रहने का अनुमान है।

विभाग के अनुसार शनिवार सुबह तक के चौबीस घंटों के दौरान राज्य में बाड़मेर सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा अधिकतम तापमान पाली में 38.2 डिग्री, जोधपुर में 38.1 डिग्री और कोटा तथा चित्तौड़गढ़ में 37.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

राज्य की राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
MAR 14, 2026 11:17 IST

जयपुर में द्रव्यवती नदी के किनारे यातायात गलियारा बनाने के लिए बनेगी परियोजना रिपोर्ट

राजस्थान की राजधानी जयपुर में बढ़ते यातायात के बीच सरकार द्रव्यवती नदी के किनारे ’एलिवेटेड ट्रैफिक कॉरिडोर’ की संभावना तलाश रही है। सरकार ने इसके लिए परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने को मंजूरी दी है।

अधिकारियों ने बताया कि जयपुर विकास प्राधिकरण की परियोजना कार्य कमेटी (पीडब्ल्यूसी) की बैठक में इसकी मंजूरी दी गई।

कमेटी की शुक्रवार को हुई बैठक में शहर के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ बनाने, यातायात व्यवस्था को बेहतर करने और नयी विकास योजनाओं को गति देने से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार-विमर्श कर करोड़ों रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृतियां जारी की गईं।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार बैठक में जयपुर शहर में यातायात के दबाव को कम करने और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए द्रव्यवती नदी के साथ प्रस्तावित ’एलिवेटेड ट्रैफिक कॉरिडोर’ की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने के लिए छह करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई। इस परियोजना के क्रियान्वयन से शहर में यातायात की सुगमता बढ़ने और जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आने की संभावना है।