देश

'चुनाव आते ही, दुशासन और दुर्योधन दिखने लगते हैं', ममता बनर्जी ने किसपर साध दिया निशाना?

अमित शाह के आरोपों पर पलटवार करते हुए पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने बीजेपी पर बड़ा हमला बोला है। ममता ने बीजेपी नेताओं की तुलना दुशासन और दुर्योधन से कर दी है।

mamata

एक रैली को संबोधित करती हुईं ममता बनर्जी (फोटो- TMC)

पश्चिम बंगाल की राजनीति एक बार फिर तीखे बयानों से गरमा गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर “डर और भ्रष्टाचार का शासन” चलाने का आरोप लगाया और कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सीमा बाड़बंदी के लिए जमीन देने में सहयोग नहीं कर रही हैं। इसके जवाब में ममता बनर्जी ने न सिर्फ इन आरोपों को खारिज किया, बल्कि बीजेपी नेताओं की तुलना महाभारत के पात्र दुर्योधन और दुशासन से कर दी।

अमित शाह के आरोपों पर ममता का जवाब

ममता बनर्जी ने एक सार्वजनिक सभा में कहा कि बीजेपी सिर्फ चुनाव आते ही बंगाल में डर का माहौल बनाने की कोशिश करती है। उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार ने सीमा सुरक्षा के लिए पेट्रापोल और अंडाल जैसे इलाकों में बाड़बंदी के लिए जमीन उपलब्ध कराई है। ममता ने सवाल किया कि यदि राज्य सरकार ने सहयोग नहीं किया, तो फिर वहां काम कैसे हुआ? उनका कहना था कि आरोप सिर्फ राजनीतिक फायदे के लिए लगाए जा रहे हैं।

ममता ने किसे बताया दुर्योधन और दुशासन?

मुख्यमंत्री ने यह भी याद दिलाया कि 14 साल पहले बंगाल का माहौल कैसा था और कैसे उनकी सरकार के आने के बाद विकास कार्य तेज हुए, विशेषकर पानी की समस्या जैसी महत्वपूर्ण चुनौतियों से निपटने के लिए कई कदम उठाए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही बीजेपी नेता राज्य में अफवाहें फैलाने और लोगों को डराने का काम करते हैं। ममता ने अपने भाषण में सीधे-सीधे संकेत देते हुए कहा कि “जैसे ही चुनाव आते हैं, दुर्योधन और दुशासन जैसे किरदार सामने आ जाते हैं।” उन्होंने बीजेपी नेतृत्व को “शकुनी के शिष्य” तक कह दिया और दावा किया कि दिल्ली से आए नेता सिर्फ राजनीति चमकाने के लिए राज्य के हालात पर सवाल उठाते हैं, जबकि जमीनी सच्चाई कुछ और है।

अमित शाह ने क्या कहा था?

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कोलकाता में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता में भय, भ्रष्टाचार, कुशासन और घुसपैठ की जगह विकास, विरासत और गरीब कल्याण की एक मजबूत सरकार बनाने का संकल्प दिखाई पड़ता है। शाह ने दावा किया कि बंगाल विधानसभा के आगामी चुनाव में भाजपा दो तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि टीएमसी के 15 साल के शासन में भय, भ्रष्टाचार, कुशासन और विशेषकर घुसपैठ से बंगाल की जनता भयभीत भी है और आशंकित भी। शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा आवश्यक भूमि उपलब्ध न कराए जाने के कारण केंद्र सरकार भारत-बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने का काम पूरा नहीं कर पाई है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमार author

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय ... और देखें

End of Article