Premium

सर्दी आते ही क्यों बढ़ जाता है निमोनिया का रिस्क, ठंड में बच्चे-बुजुर्गों को कैसे रखें सुरक्षित, जानिए आसान टिप्स

Pneumonia in winter hindi: सर्दियों में खांसी-जुकाम को हल्के में लेना कई बार भारी पड़ सकता है। ठंड के मौसम में बच्चों और बुजुर्गों में निमोनिया का खतरा क्यों बढ़ जाता है? इसके शुरुआती संकेत क्या हो सकते हैं और किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है? इस लेख में सर्दियों में निमोनिया से जुड़ी जरूरी और भरोसेमंद जानकारी को आसान भाषा में समझेंगे।

Image
सर्दियों में निमोनिया क्यों होता है ज्यादा (AI Image)
  • Authored by: Vineet
  • Updated Jan 13, 2026, 06:42 PM IST

Pneumonia in winter hindi: सर्दियों का मौसम आते ही खांसी-जुकाम, बुखार और सांस से जुड़ी परेशानियां आम हो जाती हैं। अक्सर लोग इसे हल्के में ले लेते हैं, लेकिन यही लापरवाही कई बार निमोनिया जैसी गंभीर बीमारी का रूप ले सकती है। खासतौर पर बच्चे और बुजुर्ग इस मौसम में ज्यादा जोखिम में रहते हैं। ठंडी हवा, कमजोर इम्युनिटी और संक्रमण का खतरा सर्दियों में कई गुना बढ़ जाता है।

हेल्थ एक्सपर्ट्स बताते हैं कि निमोनिया कोई मामूली बीमारी नहीं है, यह फेफड़ों में संक्रमण के कारण होता है और समय पर इलाज न मिले तो जानलेवा भी हो सकता है। अच्छी बात यह है कि थोड़ी-सी समझदारी और रोजमर्रा की कुछ आसान आदतों से इस खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। आइए समझते हैं कि सर्दियों में निमोनिया का रिस्क क्यों बढ़ता है और बच्चों-बुजुर्गों को सुरक्षित रखने के आसान तरीके क्या हैं।

सर्दियों में क्यों बढ़ जाता है निमोनिया का खतरा

ठंड के मौसम में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्युनिटी कमजोर पड़ने लगती है। ठंडी हवा सीधे फेफड़ों को प्रभावित करती है, जिससे बैक्टीरिया और वायरस आसानी से अटैक कर पाते हैं। सर्दियों में लोग ज्यादा समय बंद कमरों में बिताते हैं, जहां हवा का प्रवाह कम होता है। ऐसे माहौल में संक्रमण तेजी से फैलता है। इसके अलावा ठंड में खांसी-जुकाम और फ्लू के मामले भी बढ़ जाते हैं। अगर इन्हें समय पर ठीक न किया जाए तो यही इंफेक्शन धीरे-धीरे फेफड़ों तक पहुंचकर निमोनिया में बदल सकता है।

बच्चे और बुजर्गों के लिए बरतें अधिक सावधानी

बच्चे और बुजर्गों के लिए बरतें अधिक सावधानी (PC - Istock)

बच्चे और बुजुर्ग क्यों होते हैं ज्यादा रिस्क में

बच्चों की इम्युनिटी पूरी तरह विकसित नहीं होती, वहीं बुजुर्गों की इम्युनिटी उम्र के साथ कमजोर हो जाती है। यही वजह है कि ये दोनों उम्र वर्ग निमोनिया की चपेट में जल्दी आ जाते हैं। बुजुर्गों में पहले से मौजूद बीमारियां जैसे डायबिटीज, अस्थमा, दिल या फेफड़ों से जुड़ी दिक्कतें जोखिम को और बढ़ा देती हैं। वहीं छोटे बच्चों में सर्दी-जुकाम, बुखार या सांस लेने में परेशानी को अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है, जो आगे चलकर गंभीर रूप ले सकता है।

निमोनिया के शुरुआती लक्षण क्या होते हैं

निमोनिया के लक्षण अक्सर सामान्य सर्दी-जुकाम जैसे ही लगते हैं, इसलिए लोग शुरुआत में इसे हल्का समझ लेते हैं।

  • लगातार तेज बुखार रहना
  • खांसी के साथ बलगम आना
  • सांस लेने में तकलीफ
  • सीने में दर्द और बहुत ज्यादा कमजोरी

ये निमोनिया के कुछ आम संकेत हैं। इसके अलावा, बच्चों में दूध या खाना न पीना, तेज सांस चलना और सुस्ती दिखना भी खतरे की घंटी हो सकती है। बुजुर्गों में अचानक भ्रम की स्थिति या बहुत ज्यादा थकान भी निमोनिया का संकेत हो सकता है।

निमोनिया के संकेत भूलकर न करें अनदेखा

निमोनिया के संकेत भूलकर न करें अनदेखा (PC- IStock)

ठंड में बच्चों-बुजुर्गों को कैसे रखें सुरक्षित

  • सर्दियों में सबसे जरूरी है शरीर को ठंड से बचाना।
  • बच्चों और बुजुर्गों को पर्याप्त गर्म कपड़े पहनाएं, खासकर सुबह और रात के समय।
  • ठंडी हवा से सीधा संपर्क न हो, इसका ध्यान रखें।
  • हाइजीन का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है।
  • हाथों की सफाई, खांसते-छींकते समय मुंह ढकना और बीमार व्यक्ति से दूरी बनाए रखना संक्रमण को फैलने से रोकता है।
  • घर के अंदर हवा का सही वेंटिलेशन रखें ताकि ताजी हवा आती रहे और कीटाणु जमा न हों।
सर्दियों में इम्यूनिटी पर दें खास ध्यान

सर्दियों में इम्यूनिटी पर दें खास ध्यान (PC_ Istock)

मजबूत इम्युनिटी है निमोनिया से बचाव की सबसे बड़ी ढाल

सर्दियों में इम्युनिटी मजबूत रखना बहुत जरूरी है। इसके लिए संतुलित आहार लें जिसमें फल, सब्जियां और प्रोटीन शामिल हों। गुनगुना पानी पीना, पर्याप्त नींद लेना और हल्की-फुल्की शारीरिक गतिविधि भी शरीर को मजबूत बनाती है। बच्चों और बुजुर्गों को बिना डॉक्टर की सलाह के कोई दवा न दें। अगर सर्दी-जुकाम ज्यादा दिनों तक बना रहे तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। समय पर इलाज ही निमोनिया से बचाव का सबसे बेहतर तरीका है।

समय पर डॉक्टर से संपर्क क्यों है जरूरी

अगर खांसी, बुखार या सांस की परेशानी तीन-चार दिन में ठीक न हो रही हो, तो देरी करना खतरनाक हो सकता है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों में लक्षण दिखते ही डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। समय पर जांच और सही इलाज से निमोनिया को गंभीर होने से रोका जा सकता है। याद रखें, थोड़ी-सी लापरवाही बड़े खतरे में बदल सकती है।

End of Article