Times Now Navbharat
live-tv
Premium

इल्हान उमर का मजाक उड़ाते हुए ट्रंप ने क्यों कहा-'गुडनाइट ब्रदर, लेट्स गो टू बेड', बार-बार डेमोक्रेट सांसद बनती हैं उनका निशाना?

बीते सितंबर महीने में दक्षिणपंथी एक्टिविस्ट एवं ट्रंप के करीबी चार्ली किर्क की हत्या हुई। किर्क के विचारों की आलोचना डेमोक्रेट सांसद इल्हान उमर ने भी किया। इसके बाद एक बवंडर खड़ा हो गया। यहां तक कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने इल्हान के बारे में ट्रूथ सोशल पर एक लंबा चौड़ा पोस्ट किया जिसकी मीडिया में खूब चर्चा हुई।

Image
इल्हान उमर पर ट्रंप ने फिर बोला हमला। तस्वीर-AI
Written by: Alok Rao
Updated May 2, 2026, 13:24 IST

Donald Trump Vs Ilhan Omar: मिनेसोटा से डेमोक्रेट सांसद इल्हान उमर एक बार फिर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निशाने पर आई हैं। अब तक ट्रंप अमेरिका में अपने भाई से कथित रूप से शादी करने को लेकर इल्हान पर हमले बोलते आए हैं लेकिन एक मई को फ्लोरिडा में वह इससे एक कदम आगे बढ़ गए। इल्हान की आलोचना करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने जिस लहजे में डेमोक्रेट सांसद पर तंज कसा उस पर विवाद खड़ा हो गया है। इल्हान का मजाक उड़ाते हुए ट्रंप ने कहा, 'मेरा मानना है कि उसने अपने भाई से शादी की है जो कि पूरी तरह से गैर-कानूनी है। दरअसल, यह बहुत ही प्यारा जोड़ा है लेकिन यह थोड़ा वैधानिक रूप से सही नहीं है।' फिर ट्रंप ने कहा, 'डॉर्लिंग, आई लव यू वेरी मच। गुड नाइट, ब्रदर। लेट्स गो टू बेड।'

'द विलेजेज' को संबोधित करते हुए ट्रंप ने की टिप्पणी

ट्रंप ने ये बातें देश के सबसे बड़ा रिटायरमेंट कम्युनिटी 'द विलेजेज' को संबोधित करते हुए कहीं। इसी क्रम में उन्होंने सोमालिया से आकर मिनेसोटा में बसे प्रवासियों के बारे में बात करनी शुरू की। संघीय धोखाधड़ी जांचों और यूएस इमिग्रेशन एंड कस्टम इन्फोर्समेंट के तहत आव्रजन प्रवर्तन प्रयासों, जिनमें ऑपरेशन मेट्रो सर्ज भी शामिल है, उसका उल्लेख करते हुए ट्रंप ने कहा, 'यह पूरी चीज एक धोखा है और हमें उन लोगों को हमारे देश से बाहर निकाल देना चाहिए।'

दफा हो जाओ, कितनी बनावटी है'

आगे इल्हान का मजाक उड़ाते हुए ट्रंप ने कहा, 'वह कहती है, ‘संविधान मुझे कुछ अधिकार देता है और मैं मांग करती हूं कि मुझे ये अधिकार दिए जाएं।’… दफा हो जाओ। कितनी बनावटी है।' ट्रंप ने कहा, 'हमें उसे एक कॉग्निटिव टेस्ट देना चाहिए… मैंने तीन दिए हैं और सभी में अव्वल रहा, वैसे, मैं एकमात्र राष्ट्रपति हूं जिसने कॉग्निटिव टेस्ट लिया है।' ट्रंप द्वारा मजाक उड़ाए जाने के बाद उमर भी चुप नहीं रहीं। उन्होंने ट्रंप को तीखा जवाब देते हुए कहा कि 'यह बेतुका और असंतुलित भाषण गुस्सा पैदा करता, अगर यह किसी ऐसे व्यक्ति से नहीं आ रहा होता जो एक अपराधी है जिसे 34 आपराधिक मामलों में दोषी ठहराया गया है, बलात्कार के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है, और जिस पर नाबालिगों से जुड़े आरोप लगे हैं। मुझे अब भी समझ में नहीं आता कि कोई खुद को इस तरह क्यों शर्मिंदा करेगा, लेकिन हम यहां हैं। वैसे भी, ‘पीडोफाइल प्रोटेक्शन पार्टी’ को ध्यान भटकाने के लिए कोई नया मुद्दा ढूंढना चाहिए।'

ilhan omar

ilhan omar

ट्रंप का आरोप-नागरिकता के लिए अपने भाई से शादी की

बीते सितंबर महीने में दक्षिणपंथी एक्टिविस्ट एवं ट्रंप के करीबी चार्ली किर्क की हत्या हुई। किर्क के विचारों की आलोचना डेमोक्रेट सांसद इल्हान उमर ने भी किया। इसके बाद एक बवंडर खड़ा हो गया। यहां तक कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने इल्हान के बारे में ट्रूथ सोशल पर एक लंबा चौड़ा पोस्ट किया जिसकी मीडिया में खूब चर्चा हुई। इल्हान की आलोचना करते हुए ट्रंप ने उस वक्त कहा कि इल्हान उमर का देश सोमालिया..,चौतरफा मुसीबतों से घिरा है...वहां सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है...भारी गरीबी और भूख है...आतंकवाद और पाइरेसी उफान पर हैं...यह देश दशकों से गृह युद्ध में फंसा है...भ्रष्टाचार बहुत ज्यादा है...70 प्रतिशत से अधिक आबादी अत्यंत गरीबी में गुजर बसर करती है..खाने की कमी है...सोमालिया दुनिया के सबसे भ्रष्ट देशों में लगातार बना हुआ है...रिश्वत, गबन और सरकारें न चला पाना उसकी पहचान है..यह सब होते हुए इल्हान उमर हमें यह बताती हैं कि अमेरिका को कैसे चलाए जाए...क्या वह, वही महिला नहीं है जिसने अमेरिकी नागरिकता हासिल करने के लिए अपने भाई से शादी कर ली? ट्रंप यही नहीं रुके उन्होंने आगे लिखा कि किस तरह के नीच लोगों को हम अमेरिका में रखते हैं...ये लोग बताते हैं कि हमें क्या और कैसे करना है...आपने मेरी बात सुनी इसके लिए आपका धन्यवाद...मेक अमेरिका ग्रेट अगेन!....

सोमालिया में जन्मी हैं इल्हान

इल्हान का जन्म सोमालिया में हुआ। वह करीब 42 साल की हैं और डेमोक्रेटिक पार्टी से मिनेसोटा से सांसद हैं। उल्हान 2000 में अमेरिकी नागरिक बनीं। सांसद रहते हुए दुनिया भर में मुस्लिम एवं अल्पसंख्यकों पर होने वाले अत्याचार को वह प्रमुखता से उठाती आई है। कई बार उन पर चरमपंथियों एवं कट्टर इस्लामी संगठनों का पक्ष लेने के आरोप लग चुके हैं। अमेरकी नागरिकता हासिल करने के लिए अपने भाई से शादी करने का आरोप उमर पर पहले भी लग चुका है लेकिन वह इससे इंकार करती आई हैं। उमर ने इसे पूरी तरह से गलत और हास्यास्पद बताया है। उन्होंने अपनी शादी के बारे में रिकॉर्ड भी पेश किए। अपने भाई से शादी करने के आरोपों की सच्चाई जानने के लिए अमेरिका में कई तरह के फैक्ट चेक भी हुए और इसमें अपने भाई से शादी करने के आरोपों को गलत पाया गया।

donald trump

donald trump

पेन्सिलवेनिया रैली में भी उमर पर बोला था हमला

राष्ट्रपति पद के चुनाव प्रचार के समय भी ट्रंप ने उमर पर निशाना साधा। पेंसिल्वेनिया में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने अपने समर्थकों से सवाल किया कि 'सोचिए अगर ट्रंप ने अपनी बहन से शादी की होती तो क्या होता...मैं दो घंटे भी यहां नहीं टिक पाता लेकिन वो आराम से रह रही है... मिनेसोटा की डेमोक्रेट इल्हान उमर ने ये किया है... मुझे लगता है कि उसे देश से निकल जाना चाहिए...वह छोटी पगड़ी बांधकर आती है और सिवाय बकवास के कुछ नहीं करती है... मुझे लगता है कि उससे ज्यादा बेवकूफ कोई नहीं हो सकता है... हमें उसे यहां से निकाल देना चाहिए क्योंकि वह अपने भाई से शादी करते हुए अवैध रूप से यहां है... उसे वापस सोमालिया जाना चाहिए, जो दुनिया का सबसे खराब देश है...।'

End of Article