किस तरह का विमान है लेयरजेट-45? जिसमें यात्रा कर रहे थे अजित पवार, जानिए इस प्लेन की डिटेल्स
लेयरजेट-45 दो इंजनों वाला विमान है। कंपनी ने इस विमान 1990 के अंतिम दशक में बनाना शुरू किया और यह सेवा में 1998 में आया। इसे छोटी एवं मध्यम दूरी की यात्राओं के लिए बनाया गया। देखते ही देखते यह विमान नेताओं एवं कारोबारियों की पहली पसंद बन गया। खास बात यह है कि इस विमान से यात्रा करने पर समय की काफी बचत होती है।
- Written by: आलोक कुमार राव
- Updated Jan 28, 2026, 03:14 PM IST
What type of aircraft is Learjet-45? महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता अजित पवार की बुधवार को विमान हादसे में मौत हो गई। इस विमान में अजित के अलावा चार अन्य लोग भी सवार थे। दुर्घटना में सभी 5 लोगों की मौत हुई। बारामती जाने के लिए अजित मुंबई से जिस प्लेन में सवार हुए उसका नाम लेयरजेट (Learjet) 45 है। यह एक छोटा बिजनेस प्लेन होता है जिसे वीआईपी अपनी यात्राओं के लिए आम तौर पर इसका इस्तेमाल करते हैं। इस प्लेन का निर्माण कनाडा की एयरोस्पेस कंपनी बॉम्बार्डियर इंक करती है।
नेताओं एवं कारोबारियों की पहली पसंद बना प्लेन
लेयरजेट-45 दो इंजनों वाला विमान है। कंपनी ने इस विमान 1990 के अंतिम दशक में बनाना शुरू किया और यह सेवा में 1998 में आया। इसे छोटी एवं मध्यम दूरी की यात्राओं के लिए बनाया गया। देखते ही देखते यह विमान नेताओं एवं कारोबारियों की पहली पसंद बन गया। खास बात यह है कि इस विमान से यात्रा करने पर समय की काफी बचत होती है। पोर्टल स्कॉयबैरी के मुताबिक इस प्लेन की लंबाई 17.68 मीटर और इसका विंग्सपैन 14.58 मीटर का होता है। इस प्लेन की ऊंचाई 4.30 मीटर है। यात्री क्षमता की अगर बात करें तो विमान के इंटीरियर के हिसाब से इसमें छह से आठ लोग बैठ सकते हैं। विमान के अंदर अपनी सहूलियत के हिसाब से इसमें बदलाव भी कराया जा सकता है। केबिन के पिछले हिस्से में टॉयलेट की जगह होती है।
800 से 850 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार
इस विमान को पायलट मिलकर उड़ाते हैं। यात्रा यदि लंबी है तो केबिन सहायक भी रखा जा सकता है। इस विमान की खासियत इसकी रफ्तार और सहूलियतें हैं। यह विमान 800 से 850 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से उड़ान भर सकता है और एक बार में बिना रुके करीब 3000 किलोमीटर की दूरी तय कर सकता है। इस विमान की एक और खूबी यह है कि उड़ान भरने के लिए इसे बड़े रनवे की जरूरत नहीं होती। यह छोटे रनवे से टेकऑफ और लैंडिंग कर सकता है। विमान की इन खासियतों की वजह से वीआईपी इसे पसंद करते हैं। खास तौर से चुनाव के समय अपने व्यस्त कार्यक्रमों में नेता इस प्लेन का खूब इस्तेमाल करते हैं।
मुंबई से बारामती जा रहे थे अजित पवार।
कड़े सुरक्षा मानकों का पालन करना होता है
भारत में ऐसे विमानों का पंजीकरण नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के साथ किया जाता है। हर विमान को VT अक्षरों से शुरू होने वाला एक विशिष्ट पंजीकरण नंबर दिया जाता है, जो विमानों के लिए नंबर प्लेट की तरह होता है। दुर्घटनाग्रस्त विमान का पंजीकरण नंबर VT-SSK-LJ45 है और यह दिल्ली स्थित गैर-अनुसूचित ऑपरेटर VSR Ventures Pvt Ltd के नाम पर पंजीकृत है। लियरजेट 45 का दुनिया भर में दो दशकों से अधिक समय से उपयोग किया जा रहा है और उचित रखरखाव होने पर इसे एक भरोसेमंद विमान माना जाता है। अन्य सभी विमानों की तरह, इसे भी उड़ान भरने और उतरने के दौरान कड़े सुरक्षा मानकों का पालन करना होता है तथा यह मौसम और रनवे की परिस्थितियों से प्रभावित होता है।प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, विमान में लैंडिंग के दौरान तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण पायलट ने नियंत्रण खो दिया। विमान रनवे के किनारे से टकराया और उसमें आग लग गई। देखते ही देखते पूरा विमान आग की लपटों में घिर गया।
अजित पवार प्लेन हादसे के बाद अब क्या होगा
दुर्घटनास्थल पर मिले मलबे की जगह और हालत को ध्यान से देखा जाएगा और फोटो लिए जाएंगे
ब्लैक बॉक्स की जांच से यह पता लगाया जाएगा कि उड़ान के समय विमान की तकनीकी स्थिति कैसी थी और क्या वह उड़ान के लायक थे
उड़ान से पहले किए गए रख-रखाव (मेंटेनेंस) से जुड़े सभी रिकॉर्ड खंगाले जाएंगे
कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डिंग से आखिरी पलों में पायलटों की बातचीत और फैसलों की जानकारी मिलेगी
पायलट और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के बीच हुई बातचीत के आधिकारिक रिकॉर्ड की जांच की जाएगी
इसके अलावा मौसम, रनवे की स्थिति और हवा की दिशा जैसे बाहरी कारणों को भी जांच में शामिल किया जाएगा
बारामती रनवे के पास क्रैश हो गया प्लेन। तस्वीर-टाइम्स नाउ नवभारत
मुंबई से 8 बजकर 10 मिनट पर उड़ान भरी थी
अधिकारियों ने बताया कि अजित पवार का विमान पुणे के बारामती इलाके में उतर रहा था, उसी वक्त हादसा हुआ। ‘फ्लाइट रडार’ के अनुसार, विमान ने मुंबई से सुबह आठ बजकर 10 मिनट पर उड़ान भरी और सुबह करीब आठ बजकर 45 मिनट पर यह रडार की पहुंच से गायब हो गया। पवार राज्य में पांच फरवरी को होने वाले जिला परिषद चुनाव के प्रचार अभियान के तहत जनसभाओं को संबोधित करने के लिए मुंबई से बारामती जा रहे थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि विमान सुबह आठ बजकर 50 मिनट पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। घटना के वक्त उसमें पांच लोग सवार थे। पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि दुर्घटना के बाद विमान में आग लग गई। उन्होंने कहा, ‘‘विमान में सवार सभी लोगों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।’
अजित पवार के दो बेटे पार्थ और जय
पवार के परिवार में उनकी पत्नी सुनेत्रा और दो बेटे पार्थ और जय हैं। सुनेत्रा राज्यसभा सदस्य हैं। हाल में पुणे और पिंपरी चिंचवड में हुए नगर निगम चुनाव में पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने शरद पवार की राकांपा (शप) के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ा था। पवार के निधन से महाराष्ट्र सहित देश भर में शोक की लहर है। उनकी मृत्यु पर राज्य सरकार ने समूचे राज्य में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की। सामान्य प्रशासन विभाग के प्रोटोकॉल अनुभाग द्वारा जारी एक संदेश में कहा गया है कि पवार का निधन 28 जनवरी की सुबह हुआ। विभाग ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा, सरकार के निर्देशों के अनुसार 28 जनवरी से 30 जनवरी तक राजकीय शोक मनाया जाएगा और इस दौरान उन सभी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा जहां इसे नियमित रूप से फहराया जाता है।
