AI इम्पैक्ट समिट (AI Impact Summit) एक ऐसा सम्मेलन है, जहां सरकार, बड़ी टेक कंपनियां, स्टार्टअप, शोधकर्ता और निवेशक एक मंच पर इकट्ठा हो रहे हैं। इस समिट का उद्देश्य हमारे दैनिक जीवन पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के प्रभाव पर चर्चा करना और समझना है। इंडिया–एआई इम्पैक्ट समिट 2026 को वैश्विक स्तर पर काफी अहम माना जा रहा है। ‘पीपल, प्लैनेट और प्रोग्रेस’ सिद्धांतों पर आधारित यह आयोजन समावेशी विकास (इनक्लूसिव ग्रोथ) और मानवता के हित में AI उपयोग पर केंद्रित है। इन समिट में AI नवाचार, नीतियां और नियम, एथिकल AI, निवेश के अवसर और डिजिटल अर्थव्यवस्था जैसे विषयों पर होगी।
एक सस्टेनेबल AI भविष्य को ये तीन सूत्र आकार देते हैं -
- पीपल - एआई मानवता की विविधता का सम्मान करे, गरिमा बनाए रखे और सभी के लिए समावेशी अवसर सुनिश्चित करे।
- प्लैनेट - एआई इनोवेशन पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के संतुलित उपयोग और टिकाऊ विकास के सिद्धांतों के अनुरूप हो।
- प्रोग्रेस - एआई के लाभ समान रूप से साझा हों, जिससे वैश्विक विकास, समृद्धि और सामाजिक प्रगति को बढ़ावा मिले।
पीएम मोदी ने फ्रांस में की थी घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस एआई एक्शन समिट में घोषिणा की थी कि भारत में एआई इम्पैक्ट समिट का आयोजन किया जाएगा। अब देश में भारत-एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का आयोजन होने जा रहा है, जो 19–20 फरवरी को नई दिल्ली में होगा। यह ग्लोबल साउथ में आयोजित होने वाला पहला वैश्विक AI शिखर सम्मेलन होगा।
यूके AI सेफ्टी समिट, AI सियोल समिट, फ्रांस AI एक्शन समिट और ग्लोबल AI समिट ऑन अफ्रीका जैसे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मंचों के बाद आयोजित हो रहा यह सम्मेलन वैश्विक एआई सहयोग के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ माना जा रहा है। इस समिट का उद्देश्य सिर्फ उच्चस्तरीय राजनीतिक घोषणाओं तक ही सीमित न रहकर ठोस परिणाम, व्यावहारिक प्राथमिकताएं और सहयोगी ढांचे विकसित करना भी है।
सामाजिक प्रगति को रफ्तार देगा AI
समिट का लक्ष्य AI की परिवर्तनकारी ताकत को मानवता की सेवा में लगाना, सभी के लिए समान विकास को बढ़ावा देना और सामाजिक प्रगति को रफ्तार देना है। इसके साथ ही, इस समिट का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना भी है कि तकनीकी प्रगति और अवसर कुछ देशों तक सीमित ही न रहें, बल्कि ग्लोबल साउथ की आवाज को मजबूती मिले और लाभ व्यापक रूप से साझा हों।
हालांकि, AI के तेज विस्तार से रोजगार में बदलाव, पूर्वाग्रहों की बढ़ोतरी और ऊर्जा खपत जैसी चुनौतियां भी उभर रही हैं। ऐसे में यह समिट AI के अवसरों और जोखिमों - दोनों को संतुलित करते हुए मापने योग्य और ठोस प्रभाव पर जोर देने का प्रयास करेगा।
AI summit delhi
मानव सभ्यता को नए दौर में ले जाने को तैयार AI
आज AI मानव सभ्यता को नए दौर में ले जाने की दहलीज पर खड़ा है। यह तकनीकी क्रांति शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और सरकार जैसे हर क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव की क्षमता रखती है। खासतौर पर विकासशील देशों के लिए AI को पारंपरिक विकास मार्गों को पार करते हुए तेज प्रगति के अवसर के रुप में देखी जा रही है। इसकी बहुभाषी और मल्टी-मॉडल क्षमताएं बड़े पैमाने पर लोगों तक सेवाएं और अवसर पहुंचाने में मददगार साबित हो सकती हैं। इसलिए AI को सिर्फ तकनीकी प्रगति नहीं, बल्कि इनक्लूसिव डेवलपमेंट के रणनीतिक साधन के रूप में देखा जा रहा है।
AI के सभी के लिए, सही तरीके इस्तेमाल पर जोर
पिछले चार साल में AI के जिम्मेदारी पूर्वक और न्यायपूर्ण इस्तेमाल को लेकर वैश्विक स्तर पर कई पहलें हुई हैं। जी20 AI सिद्धांत, संयुक्त राष्ट्र और ग्लोबल पार्टनरशिप ऑन एआई (GPAI) के प्रस्ताव, अफ्रीकी घोषणा-पत्र और हालिया हैम्बर्ग घोषणा इस दिशा में अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। इन पहलों से स्पष्ट है कि AI का प्रभाव सीमाओं से परे है और इसके लिए समन्वित वैश्विक कार्रवाई निहायत जरूरी है।
चुनौती और अवसर दोनों है AI
हालांकि, जमीनी हकीकत में ‘ग्लोबल AI डिवाइड’ भी लगातार बढ़ता दिख रहा है। AI संसाधन और क्षमताएं कुछ देशों और बड़ी कंपनियों तक सीमित हैं, जिससे सामाजिक और भाषाई रूप से उपयुक्त समाधान विकसित करने में दिक्कतें आती हैं। साथ ही, रोजगार में बदलाव, पूर्वाग्रहों की बढ़ोतरी और ऊर्जा खपत में वृद्धि जैसी चुनौतियां भी सामने आ रही हैं। ऐसे में सिर्फ घोषणाओं से आगे बढ़कर ठोस और मापे जा सकने वाले कदम उठाने की जरूरत महसूस की जा रही है।
भारत में क्यों हो रहा है ये समिट
भारत-एआई इम्पैक्ट समिट 2026 को लेकर एक प्रश्न ये भी है कि इसका आयोजन भारत में क्यों हो रहा है? ऐसा इसलिए क्योंकि भारत तेजी से AI के क्षेत्र में उभरती ताकत बन रहा है। भारत में बड़ी युवा आबादी है, जो इंटरनेट का इस्तेमाल करती है और उसे सही मायने में डिजिटल जेनरेशन कहा जा सकता है। देश के स्टार्टअप इकोसिस्टम की कई बार तारीफ हो चुकी है। सरकार की तरफ से डिजिटल इंडिया और इंडिया AI मिशन जैसी पहल की जा रही हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक विकास में AI अहम भूमिका निभा सकता है और भारत AI के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। कुल मिलाकर कहा जाए तो भारत स्वयं को वैश्विक AI हब के रूप में स्थापित करना चाहता है। इस तरह से समिट, निवेश, साझेदारी और नीति निर्धारण में काफी मददगार होते हैं।
