Times Now Navbharat
live-tv
Premium

32 महीने...24 विस्फोट, 2024 से 26 तक; कब-कब दहला पंजाब? देखिए फुल टाइमलाइन

Punjab Blasts History 2024-2026 : पंजाब में धमाकों और ग्रेनेड हमलों की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। साल 2024 के अंत से लेकर 2026 तक अमृतसर, गुरदासपुर, जालंधर, पटियाला और चंडीगढ़ समेत कई जगहों पर पुलिस ठिकानों, धार्मिक स्थलों और निजी घरों को निशाना बनाया गया। ताजा घटना जालंधर में बीएसएफ मुख्यालय के बाहर विस्फोट की है, जिसने सुरक्षा एजेंसियों को और सतर्क कर दिया है। हालांकि ज्यादातर मामलों में जनहानि नहीं हुई, लेकिन इन घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

Image
पंजाब विस्फोट टाइमलाइन (फोटो-AI)
Curated by: Pushpendra kumar
Updated May 6, 2026, 22:10 IST

Punjab Blasts History 2024-2026 : पंजाब के जालंधर में सीमा सुरक्षा बल के पंजाब फ्रंटियर मुख्यालय के बाहर हुए विस्फोट से सुरक्षा एजेंसियां सचेत हैं। इधर, जानकारी सामने आई है कि विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस घटना से संबंधित सुरागों पर सक्रिय रूप से काम कर रही है। बीएसएफ मुख्यालय के बाहर खड़ी स्कूटर में एक जोरदार धमाके के तुरंत बाद आग लग गई। हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। पंजाब में यह विस्फोट की कोई पहली घटना भी नहीं है। इससे पहले भी कई बड़ी घटनाएं हुईं और लोगों ने जान गंवाईं। कई मामलों में बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) और अन्य आतंकी संगठनों के नाम सामने आए, जबकि कुछ घटनाओं में विदेशी लिंक और गैंगस्टर कनेक्शन की भी जांच हुई। तो आइये जानते हैं पिछले घटनाएं कब हुईं?

पंजाब में कितने हुए विस्फोट

11 सितंबर 2024 को चंडीगढ़ के सेक्टर-10 स्थित कोठी नंबर 575 पर ग्रेनेड हमला हुआ। इसमें ऑटो सवार दो युवक रोहन और विशाल मसीह हैंड ग्रेनेड फेंककर भाग गए थे। अमेरिका में रहने वाले आतंकी हैप्पी पासियां ने सोशल मीडिया के जरिए हमले की जिम्मेदारी ली थी और आतंकी हरविंदर रिंदा ने आरोपियों को हथियार मुहैया कराए गए थे।

24 नवंबर 2024 को अमृतसर के अजनाला थाने के बाहर रॉयल डेमोलिशन एक्सप्लोसिव (RDX) लगाया गया, जो फटा नहीं। इस घटना की जिम्मेदारी हैप्पी पासियां ने ली थी। पुलिस इस मामले में 2 आरोपियों को पकड़ चुकी है। उनसे हैंड ग्रेनेड भी बरामद किए गए।

27 नवंबर 2024 को अमृतसर शहर के गुरबख्श नगर इलाके में स्थित एक बंद पड़ी पुलिस चौकी को निशाना बनाकर ग्रेनेड फेंका गया। धमाका चौकी के बाहर हुआ, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि यह पुलिस चौकी उस समय उपयोग में नहीं थी, इसलिए किसी के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई। हालांकि, विस्फोट से आसपास की दीवारों और ढांचे को नुकसान पहुंचा। शुरुआती जांच में इसे सुनियोजित हमला माना गया और संदिग्धों की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।

2 दिसंबर 2024 को पंजाब के नवांशहर (शहीद भगत सिंह नगर) जिले के काठगढ़ थाने को निशाना बनाकर ग्रेनेड विस्फोट किया गया था। ये धमाका थाने परिसर में हुआ। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। जांच के दौरान इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई।

4 दिसंबर 2024 को अमृतसर के मजीठा थाने में विस्फोट से अफरातफरी का माहौल हो गया था। शुरुआती तौर पर इसे ग्रेनेड हमला बताया गया और कुछ राजनीतिक नेताओं ने भी इसे आतंकी घटना करार दिया। शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक बिक्रम सिंह मजीठिया ने थाने की तस्वीरें साझा करते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। हालांकि, पुलिस की जांच में अलग तस्वीर सामने आई। अधिकारियों के अनुसार यह कोई ग्रेनेड हमला नहीं था, बल्कि थाने परिसर में खड़ी एक मोटरसाइकिल का टायर फटने से तेज आवाज हुई थी।

13 दिसंबर 2024 को देर रात पंजाब के गुरदासपुर जिले के अलीवाल (बटाला) क्षेत्र में स्थित एक पुलिस थाने को निशाना बनाकर ग्रेनेड हमला किया गया। धमाका थाने परिसर के पास हुआ। हालांकि, इस हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली थी। बाद में इस घटना की जिम्मेदारी कथित तौर पर हैप्पी पासिया और उसके एक सहयोगी ने ली।

17 दिसंबर 2024 को तड़के करीब 3 बजकर 15 मिनट पर अमृतसर के इस्लामाबाद थाना क्षेत्र में जोरदार धमाके की आवाज से दहशत फैल गई। शुरुआत में स्थानीय पुलिस ने किसी भी तरह के विस्फोट से इनकार किया। हालांकि, बाद यह एक आतंकी वारदात थी निकली और मौके पर बम विस्फोट हुआ था।

खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स ने ली जिम्मेदारी?

19 दिसंबर 2024 को भारत-पाकिस्तान बॉर्डर के करीब गुरदासपुर जिले के कलानौर कस्बे में स्थित बख्शीवाल पुलिस चौकी पर ग्रेनेड हमला किया गया। हमलावरों ने ऑटो रिक्शा से आते हुए चौकी पर ग्रेनेड फेंका और मौके से फरार हो गए। इस हमले की जिम्मेदारी खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स (KZF) ने ली। शुरुआती जांच में इसे सुनियोजित आतंकी वारदात माना गया। इसी कड़ी में 23 दिसंबर 2024 को उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में पंजाब पुलिस और यूपी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इस हमले से जुड़े KZF के तीन आतंकियों को मुठभेड़ में मार गिराया गया।

21 दिसंबर 2024 को गुरदासपुर जिले के कलानौर क्षेत्र के बंगा वडाला गांव स्थित एक पुलिस चौकी के पास देर रात धमाका हुआ, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। विस्फोट चौकी को निशाना बनाकर किया गया था। इस हमले की जिम्मेदारी बाद में बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) ने ली।

9 जनवरी 2025 को पंजाब के अमृतसर में गुमटाला पुलिस चौकी में ही हमला किया गया। हमलावरों ने चौकी के पास विस्फोटक सामग्री फेंका, जिससे जोरदार धमाका हुआ और आसपास के हिस्से को नुकसान पहुंचा।

16 जनवरी 2025 को अमृतसर जिले के जैंतीपुर गांव में एक शराब कारोबारी अमनदीप जैंतीपुरिया के घर को निशाना बनाकर देर रात ग्रेनेड हमला किया गया। धमाका घर के बाहर हुआ। इसे टारगेटेड हमला माना गया, जिसके पीछे आपराधिक या आतंकी एंगल की भी जांच की गई।

19 जनवरी 2025 को अमृतसर में स्थित गुमटाला पुलिस चौकी को फिर से निशाना बनाकर ग्रेनेड हमला किया गया। हमलावरों ने चौकी परिसर की ओर विस्फोटक फेंका, जिससे जोरदार धमाका हुआ। इस हमले की जिम्मेदारी बाद में बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) ने ली।

3 फरवरी 2025 को अमृतसर के फतेहगढ़ चूड़ियां क्षेत्र में एक बंद पड़ी पुलिस चौकी के पास लो-इंटेंसिटी धमाका हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, मौके से किसी हाई-ग्रेड विस्फोटक के स्पष्ट सबूत नहीं मिले।

14 फरवरी 2025 को पंजाब के गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक इलाके में एक पुलिसकर्मी के घर को निशाना बनाकर लो-इंटेंसिटी धमाका किया गया। गनीमत रही कि इस धमाके में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली।

14 मार्च 2025 को अमृतसर के खंडवाला इलाके में स्थित ठाकुरद्वारा मंदिर को निशाना बनाकर हैंड ग्रेनेड से हमला किया गया। धमाका मंदिर परिसर के पास हुआ। इस हमले के पीछे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के समर्थन की आशंका जताई गई।

16 मार्च 2025 को जालंधर में तड़के करीब 4:00 से 4:15 बजे के बीच सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर नवदीप सिंह संधू उर्फ ‘रोजर संधू’ के घर पर ग्रेनेड हमला किया गया। गनीमत रही कि इस हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली। इस हमले के पीछे पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी द्वारा जिम्मेदारी लेने का दावा सामने आया।

2 अप्रैल 2025 को पटियाला जिले में बादशाहपुर पुलिस चौकी को निशाना बनाकर हमला किया गया। हमलावरों ने चौकी के पास विस्फोटक सामग्री फेंकी, जिसके बाद जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी।

7 अप्रैल 2025 को जिला बटाला के अधीन थाना किला लाल सिंह के बाहर एक के बाद एक तीन धमाके हुए। यह पहला मामला था जब राज्य में किसी थाने के बाहर लगातार तीन धमाके हुए हों। इससे पहले पुलिस चौकियों व थानों में एक ही धमाका हुआ है। इस हमले की भी जिम्मेदारी हैप्पी पशियां ने ली।

8 अप्रैल 2025 को पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के जलंधर स्थित घर पर संदिग्ध ग्रेनेड हमला हुआ। ई-रिक्शा सवार युवकों ने विस्फोटक फेंका। हालांकि बाद में बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआइ) के आतंकी हैप्पी पशियां ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ड डाल थाने पर हमले की जिम्मेदारी ली।

25 नवंबर 2025 को पंजाब के गुरदासपुर शहर में शाम करीब 7:30 बजे सिटी पुलिस ठिकाने को निशाना बनाकर ग्रेनेड हमला किया गया। धमाका पुलिस परिसर के बाहर हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी।

23 जनवरी 2026 को फतेहगढ़ साहिब जिला में सरहिंद रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर विस्फोट हुआ और इस हमले से मालगाड़ी का लोको पायलट घायल हुआ और ट्रेन के इंजन को भी नुकसान पहुंचा।

1 अप्रैल 2026 को चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित पंजाब बीजेपी कार्यालय के बाहर धमाके की घटना सामने आई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। धमाका कार्यालय के बाहर खड़ी एक वाहन/स्थान के पास हुआ, जिसकी आवाज दूर तक सुनी गई।

27 अप्रैल 2026 को पटियाला में शंभू-अंबाला रेल ट्रैक के पास एक जोरदार धमाका हुआ। इससे रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचा। धमाके वाली जगह के पास से ही एक शख्स का शव बरामद हुआ था।

5 मई 2026 को जालंधर में बीएसएफ पंजाब मुख्यालय के बाहर खड़ी एक स्कूटी में धमाका हुआ और अमृतसर के खासा इलाके में आर्मी कैंप के पास धमाका हुआ।

कौन है हैप्पी पासिया?

हरप्रीत सिंह, जिसे ‘हैप्पी पासिया’ के नाम से जाना जाता है, एक अमेरिकी नागरिक है और कथित तौर पर बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़ा हुआ है। उस पर सितंबर 2024 में चंडीगढ़ में एक रिटायर्ड पुलिस अधिकारी के घर पर हुए ग्रेनेड हमले की साजिश रचने का आरोप है। जांच एजेंसियों के अनुसार, इस हमले को उसने पाकिस्तान में मौजूद आतंकी हरविंदर सिंह संधू उर्फ ‘रिंदा’ के साथ मिलकर अंजाम दिलवाया था।

End of Article