Explainer : क्या है रशिया सेंक्शन बिल, क्या वाकई भारत-चीन पर 500% टैरिफ लगाएंगे ट्रंप, किसे होगा सबसे ज्यादा नुकसान?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रिपब्लिकन सीनेटर लिंडसे ग्रैहम के प्रस्तावित Sanctioning Russia Act of 2025 को समर्थन देने का ऐलान किया है। अगर यह बिल कानून बनता है, तो अमेरिकी राष्ट्रपति को 500% तक टैरिफ लगाने का अधिकार मिल जाएगा। ट्रंप कह चुके हैं टैरिफ अब अमेरिका के लिए 'डिप्लोमैसी का नया हथियार' है। इसके साथ ही ट्रंप लगातार भारत को टैरिफ के नाम पर धमकाने की कोशिश में जुटे हैं। जानते हैं कि आखिर इस बिल में क्या है और किसे कितना नुकसान पहुंचा सकता है?
- Authored by: यतींद्र लवानिया
- Updated Jan 8, 2026, 01:08 PM IST
What is Sanctioning Russia Act of 2025: अंतरराष्ट्रीय संबंध और व्यापार के जानकारों का कहना है कि इन दिनों US President Donald Trump के हाथों टैरिफ नाम का 'उस्तरा' लग गया है। हालांकि, The Washington Post की एक रिपोर्ट में US State Department के एक दस्तावेज के हवाले से कहा गया है, "ट्रंप के लिए टैरिफ स्विस मिलिट्री नाईफ की तरह है, जिसका सिर्फ इकोनॉमिक सौदेबाजी के लिए ही नहीं, बल्कि मल्टीपर्पज इस्तेमाल किया जा सकता है। खासतौर पर यह जियोपॉलिटिकल प्रेशर और मिलिट्री स्ट्रैटेजी का नया हथियार है। "
बहरहाल, अमेरिकी राजनीति में सत्ता पक्ष यानी रिपब्लिकन धड़ा, इन दिनों रशिया सेंक्शन एक्ट (Sanctioning Russia Act of 2025) का ढोल बजा रहा है। इसे प्रस्तावित करने वाले साउथ कैरोलिना के सीनेटर लिंडसे ग्रैहम का दावा है कि यह सिर्फ रूस को सजा देने का कानून नहीं है, बल्कि यह एक ऐसा जियोइकोनॉमिक हथियार है, जिसके जरिए अमेरिका तीसरे देशों, खासकर भारत और चीन को रूस से दूरी बनाने के लिए मजबूर कर सकता है। इस बिल में अमेरिकी राष्ट्रपति को 500% तक टैरिफ लगाने का अधिकार देने की बात की गई है।
इस बिन का नाम भले ही सुझाता हो कि यह रूस पर प्रतिबंध लगाने का कानून है। लेकिन इसके निहितार्थ सीधे तौर पर भारत की ऊर्जा नीति, ट्रेड स्ट्रक्चर, रणनीतिक स्वायत्तता और ग्लोबल पोजिशनिंग को प्रभावित करते हैं। यह एक्सप्लेनर इस पूरी तस्वीर को 360° फ्रेम में समझाता है कि यह बिल क्या है, कैसे काम करेगा, भारत के किन सेक्टर पर असर पड़ेगा, और क्यों इसे रूस से भारत को अलग करने का दबाव माना जा रहा है।
क्या है रशिया सेंक्शन बिल?
1 अप्रैल, 2025 को Senator Lindsey Graham की तरफ से अमेरिकी सीनेट में पेश Sanctioning Russia Act of 2025 का घोषित उद्देश्य रूस को यूक्रेन के साथ शांति समझौते के लिए मजबूर करना है। बिल कहता है कि अगर अमेरिकी राष्ट्रपति यह तय करते हैं कि रूस शांति वार्ता से इनकार कर रहा है, शांति समझौते का उल्लंघन कर रहा है, दोबारा यूक्रेन पर हमला करता है या यूक्रेन सरकार को कमजोर करने की कोशिश करता है, तो कानून अपने आप सक्रिय हो जाएगा। एक बार ट्रिगर होने के बाद यह कानून राष्ट्रपति को रूस के शीर्ष नेतृत्व, सैन्य कमांडरों, रूसी बैंकों और रूस की मदद करने वाले विदेशी संस्थानों पर कड़े प्रतिबंध लगाने की ताकत देता है।
बिल पिछले साल का तो अभी शोर क्यों?
लिंडसे ग्रैहम ने यह बिल पिछले वर्ष सीनेट के सामने रखा। लेकिन, तब से अबतक इस पर चर्चा नहीं हुई है। अभी यह फिर से चर्चा में आया है, क्योंकि ट्रंप ने इस बिल को समर्थन देने का वादा किया है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में ग्रैहम की तरफ से पेश किए इस बिल को समर्थन देने की बात कही।
Credit : Truth Social
ट्रंप के पोस्ट के स्क्रीनशॉट के साथ ग्रैहम ने एक्स पर इस बिल को लेकर लिखा, प्रेसिडेंट ट्रंप का सपोर्ट मेरे लिए बहुत मायने रखता है। एक सीनेटर और एक दोस्त के तौर पर मुझ पर उनके भरोसे से मैं बहुत खुश हूं। प्रोफेशनल लेवल पर, मुझे गर्व है कि मैं उस शुरुआत में वहां था, जब प्रेसिडेंट ट्रंप ने अपनी इच्छाशक्ति के दम पर अमेरिकी इतिहास में सबसे बड़ी पॉलिटिकल वापसी की और पर्सनल लेवल पर मैं सच में हमारी दोस्ती का आनंद लेता हूं। वे एक बहुत बढ़िया गोल्फिंग दोस्त हैं, जिन्हें मैं अभी तक हरा नहीं पाया हूं। मैं अमेरिका को और ज्यादा खुशहाल और सुरक्षित बनाने के प्रेसिडेंट ट्रंप के एजेंडा को लागू करने के लिए U.S. सीनेट में ड्राइविंग फोर्स में से एक बनने का इंतजार कर रहा हूं।
क्यों माना जा रहा हथियार?
इस बिल का सबसे तीखा हिस्सा वह है, जिसमें कहा गया है कि अमेरिका रूस से आने वाले सभी सामान और सेवाओं पर कम से कम 500% ड्यूटी लगाएगा। इससे भी ज्यादा अहम बात यह है कि वही 500% टैरिफ उन देशों पर भी लगाया जा सकता है, जो जानबूझकर रूसी मूल के तेल, पेट्रोलियम उत्पाद या यूरेनियम का व्यापार करते हैं। यही वह लाइन है, जिसने भारत और चीन को इस कानून के दायरे में ला दिया है। रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद भारत ने डिस्काउंट पर रूसी कच्चे तेल की खरीद बढ़ाई, जो उसकी ऊर्जा सुरक्षा और महंगाई नियंत्रण रणनीति का अहम हिस्सा रही है। बिल भारत की इसी ऊर्जा सुरक्षा और रणनीतिक स्वायत्तता को निशाना बनाता है।
ट्रंप और अमेरिकी राजनीति का एंगल
इस बिल को लेकर अमेरिकी सीनेटर Lindsey Graham का बयान काफी कुछ साफ कर देता है। ग्रैहम के मुताबिक, इस कानून को Donald Trump की मंजूरी मिल चुकी है और इसका मकसद उन देशों पर दबाव बनाना है, जो सस्ता रूसी तेल खरीदकर “पुतिन की वॉर मशीन” को फंड कर रहे हैं। यहां यह समझना जरूरी है कि अमेरिका इसे सिर्फ नैतिक मुद्दा नहीं, बल्कि रणनीतिक हथियार के तौर पर देख रहा है। ट्रंप के लिए यह बिल रूस के साथ-साथ चीन और भारत पर बातचीत में दबाव बढ़ाने का टूल बन सकता है।
भारत के लिए चिंता की बात क्यों?
भारत रूस से तेल इसलिए नहीं खरीदता कि वह पश्चिम को चिढ़ाना चाहता है, बल्कि इसलिए क्योंकि भारत की ऊर्जा जरूरतें विशाल हैं और सस्ता कच्चा तेल घरेलू महंगाई, करंट अकाउंट डेफिसिट और राजकोषीय संतुलन के लिए बेहद जरूरी है। रूस से मिलने वाला डिस्काउंटेड ऑयल भारत को हर महीने अरबों डॉलर की बचत देता है। 500% टैरिफ की धमकी असल में भारत को यह संदेश देती है कि अगर उसने रूस के साथ यह ऊर्जा साझेदारी जारी रखी, तो उसे अमेरिकी बाजार में भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है।
भारत के किन सेक्टर पर होगा असर?
अगर यह कानून सख्ती से लागू होता है, तो भारत के निर्यातकों को बड़ा झटका लग सकता है। क्योंकि, अभी उन्हें करीब 50 फीसदी टैरिफ का सामना करना पड़ रहा है, यह बढ़कर 500 फीसदी हो जाएगा। इस स्थिति में भारतीय निर्यातकों के लिए अमेरिकी बाजार में सामान बेचना तकरीबन नामुमकिन हो जाएगा। अमेरिका भारत का बड़ा ट्रेड पार्टनर है और कई सेक्टर अमेरिकी बाजार पर काफी हद तक निर्भर हैं। मसलन, टेक्सटाइल और गारमेंट सेक्टर पर इसका सीधा असर पड़ सकता है। क्योंकि, भारत के रेडीमेड गारमेंट और होम टेक्सटाइल का बड़ा हिस्सा अमेरिका जाता है। इसके अलावा इंजीनियरिंग गुड्स और ऑटो कंपोनेंट्स सेक्टर पर भी दबाव आ सकता है। भारत से अमेरिका जाने वाले ऑटो पार्ट्स, मशीनरी और इंडस्ट्रियल इक्विपमेंट्स की कीमतें अचानक कई गुना बढ़ सकती हैं, जिससे ऑर्डर शिफ्ट होने का खतरा रहेगा।
फार्मा और आईटी पर क्या असर होगा?
फार्मास्यूटिकल सेक्टर पर भी अप्रत्यक्ष असर पड़ सकता है। अभी तक ट्रंप ने भले ही दवाओं के मामले में नरम रुख रखा है, क्योंकि इसकी वजह से नुकसान भारत से ज्यादा अमेरिका को होगा। लेकिन, लेकिन ट्रेड तनाव बढ़ने पर रेगुलेटरी और अप्रूवल प्रोसेस धीमे हो सकते हैं, जो भारतीय जेनेरिक कंपनियों के लिए जोखिम का कारण बन सकता है। इसके अलावा आईटी और सर्विसेज सेक्टर पर टैरिफ का सीधा असर कम होगा, लेकिन व्यापक ट्रेड टेंशन का माहौल वीजा, डेटा और टेक रेगुलेशन पर सख्ती बढ़ा सकता है।
सबसे ज्यादा झटका किसे लगेगा?
भारत का रिफाइनरी मॉडल इस समय काफी हद तक रूसी क्रूड पर निर्भर है। भारत सस्ता रूसी तेल खरीदकर उसे रिफाइन करता है और फिर पेट्रोलियम उत्पादों का निर्यात करता है। अगर अमेरिका इस पूरी चेन को प्रतिबंधों के दायरे में लाता है, तो भारत की रिफाइनरी कंपनियों के मार्जिन पर असर पड़ेगा। इसके अलावा, रूस से दूरी बनाने का मतलब है कि भारत को मिडिल ईस्ट या अन्य स्रोतों से महंगा तेल खरीदना पड़ेगा, जिससे घरेलू ईंधन कीमतों पर दबाव बढ़ेगा।
इमेज क्रेडिट, ओपन एआई
क्या है इस बिल का असली मकसद?
फिलहाल, अमेरिका के साथ कारोबार करने वाला हर देश ट्रंप के सामने झुक चुका है। ट्रंप और अमेरिकी रणनीतिकार चीन को लेकर ज्यादा चिंतित नहीं हैं। वे चीन के साथ कारोबार घटाना चाहते हैं। ऐसे में इस बिल के निशाने पर सिर्फ भारत रह जाता है। अमेरिका भारत को अपनी चाइना प्लस 1 की रणनीति में सप्लाई चेन डायवर्सिफिकेशन के लिए अहम मानता है। लेकिन, साथ ही चाहता है कि भारत अपनी ऊर्जा जरूरतें रुपये-रूबल में या दूसरे तरीकों से पूरी करने की जगह पेट्रो डॉलर का इस्तेमाल करे। इसके साथ ही अमेरिका चाहता है कि भारत अपना कृषि और डेयरी मार्केट अमेरिकी कंपनियों के लिए खोल दे, ताकि चीन के साथ कम हुए कारोबार की भरपाई की जा सके।
रणनीतिक स्वायत्तता बनाम आर्थिक दबाव
भारत की विदेश नीति की बुनियाद “रणनीतिक स्वायत्तता” रही है। भारत न तो पूरी तरह पश्चिमी ब्लॉक में बंधना चाहता है, न ही रूस या चीन के साथ किसी एक ध्रुव में जाना चाहता है। यह बिल उसी संतुलन को चुनौती देता है। अगर भारत दबाव में आकर रूस से दूरी बनाता है, तो वह अपनी ऊर्जा सुरक्षा और लंबे समय की रणनीति को जोखिम में डालता है। अगर वह दबाव को नजरअंदाज करता है, तो ट्रेड और एक्सपोर्ट पर चोट झेलनी पड़ सकती है।
क्या 500% टैरिफ वाकई लागू होगा
बिल में भले ही सख्त रुख दिखाया गया है। लेकिन व्यवहार में 500% टैरिफ लगाना भारत और चीन के निर्यातकों से ज्यादा अमेरिकी इकोनॉमी को चोट पहुंचा सकता है। क्योंकि इससे अमेरिकी उपभोक्ताओं और इंडस्ट्री पर महंगाई का बोझ बढ़ेगा। इसके अलावा, भारत जैसे रणनीतिक साझेदार पर इतना कठोर कदम इंडो-पैसिफिक रणनीति को कमजोर कर सकता है। ऐसे में यह बिल फिलहाल एक डिप्लोमैटिक प्रेशर टूल से ज्यादा कुछ नहीं है। सबसे बड़ी बात, इस बिल को अभी यूएस-सीनेट और कांग्रेस से मंजूरी मिलनी है। जहां, इसका ढेर होना तय माना जा रहा है, क्योंकि कि डेमोक्रेट पार्टी के साथ ही बड़ी संख्या में ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के सांसद भी इस बिल के खिलाफ हैं। खासतौर पर भारत जैसे अहम साझेदार को दूर करने वाले ट्रंप के कदमों के आलोचक हैं।
टैरिफ का भौंपू
Sanctioning Russia Act of 2025 रूस पर हमला कम और वैश्विक ऊर्जा राजनीति पर ज्यादा है। पिछले साल से ही अमेरिकी डिप्लोमेट और नेता इसे भारत पर दबाव बनाने के लिए ऐसे भौंपू की तरह इस्तेमाल किए जा रहे हैं, जो सिर्फ शोर मचाने के लिए है। लेकिन, दिन के अंत में यह अमेरिका के उन खतरनाक इरादों को भी साफ जाहिर कर देता है, जो भारत की भारत की रणनीतिक स्वायत्तता और वैश्विक शक्ति संतुलन को चुनौती देते हैं।
