टीवी एक्ट्रेस काम्या पंजाबी इन दिनों अपने रिलेशनशिप को लेकर खबरों में बनी हुईं हैं। वो दिल्ली के हेल्थकेयर प्रोफेशनल शलभ डंग को डेट कर रही हैं और अपने रिश्ते के बारे में खुलकर बात करती हैं। काम्या अक्सर सोशल मीडिया पर शलभ के साथ तस्वीरें भी शेयर करती रहती हैं। कुछ समय पहले एक्ट्रेस ने बताया था कि वो और शलभ शादी करने जा रहे हैं।
काम्या ने अब सोशल मीडिया के जरिए फैंस को इस बात की जानकारी दी कि वो अगले साल 10 फरवरी को शादी के बंधन में बंधेंगीं। उन्होंने शलभ के साथ एक फोटो इंस्टाग्राम पर शेयर की, इसके साथ उन्होंने लिखा, 'तो मैं अपने फेवरेट शख्स के साथ अपनी फेवरेट तस्वीर शेयर करते हुए अपनी फेवरेट तारीख की जानकारी दे रही हूं। 10 फरवरी 2020, हमें नए सफर और नई शुरुआत के लिए दुआएं दें।'
काम्या ने जैसे ही ये फोटो शेयर कर अपनी शादी की तारीख अनाउंस की तभी सोशल मीडिया पर सेलेब्स से लेकर उनके फैंस तक ने उन्हें बधाई देना शुरू कर दिया। जानकारी के मुताबिक दोनों मुंबई में शादी करेंगे। शादी से पहले हल्दी, मेहंदी और संगीत की रस्म 9 फरवरी को होंगी। इसके बाद 11 फरवरी को दिल्ली में दोनों की रिसेप्शन होगी।
मालूम हो कि काम्या 40 साल की हैं और यह उनकी दूसरी शादी होगी। वहीं शलभ की भी यह दूसरी शादी होगी। जहां काम्या की 9 साल की बेटी आरा है तो शलभ का 10 साल का बेटा इशान है। कुछ समय पहले वो अपने बच्चों का बर्थडे सेलिब्रेट करने के लिए दुबई गए थे।
बता दें कि काम्या ने साल 2003 में बंटी नेगी से शादी की थी, दोनों की एक बेटी आरा भी हैं लेकिन उनकी शादी लंबे समय तक नहीं टिक पाई। शादी के करीब 10 साल बाद 2013 में दोनों अलग हो गए। तलाक के बाद काम्या ने टीवी एक्टर करण पटेल को डेट किया लेकिन यह रिश्ता भी साल 2015 में खत्म हो गया। इसके बाद काम्या की इस साल फरवरी में शलभ से मुलाकात हुई। मुलाकात के करीब डेढ़ महीने बाद शलभ ने काम्या को शादी के लिए प्रपोज किया और काम्या ने उन्हें हां कहा।
Bollywood News in Hindi (बॉलीवुड न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Network Hindi पर । साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) केअपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।