एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा करीब तीन साल बाद एक बार फिर से बॉलीवुड में कमबैक करने जा रही हैं। प्रियंका फिल्म द स्काई इज पिंक में नजर आएंगी। इससे पहले वो सलमान खान की फिल्म भारत में नजर आने वाली थीं लेकिन फिल्म की शूटिंग शुरू होने से कुछ दिन पहले ही उन्होंने फिल्म छोड़ दी। प्रियंका के फिल्म छोड़ने के पीछे उनकी शादी को वजह बताया गया।
प्रियंका के इस तरह से फिल्म छोड़ने के बाद यह खबरें आईं कि सलमान उनसे नाराज हो गए हैं, हालांकि सलमान खान इस बात से कई बार इंकार कर चुके हैं। अब प्रियंका ने भी इस बारे में चुप्पी तोड़ी और इन खबरों को झूठा बताया और कहा कि सलमान बहुत अच्छे इंसान हैं और वो हमेशा उनकी तारीफ करती हैं। उन्होंने कहा, 'मैं केवल इतना कहूंगी कि अगर ऐसी कोई बात होती तो उनकी तरफ से अब तक कोई रिएक्शन आ गया होता। मैं उन्हें जानती हूं। वो मेरी और निक की रिसेप्शन में भी आए थे और हम उनके घर गए थे। मैं उनकी बहन अर्पिता के काफी क्लोज हूं। तो उनके साथ कभी कोई विवाद नहीं रहा।'
सलमान खान ने कही थी ये बात
इससे पहले सलमान खान खान ने एक इंटरव्यू में कहा था कि मुझे प्रियंका से कोई परेशानी नहीं है। प्रियंका को पता था कि उनके इस फैसले से मैं परेशान हो सकता था, मुझे ये पसंद नहीं आता या मैं उनका साथ काम नहीं करता लेकिन उनके दिमाग में ये सब विचार आने के बाद भी उन्होंने फिल्म नहीं करने और शादी करने का फैसला किया, जो कि सही है। मालूम हो कि प्रियंका चोपड़ा के फिल्म भारत छोड़ने के बाद एक्ट्रेस कटरीना कैफ को फिल्म में साइन किया गया था। फिल्म 5 जून 2019 को ईद के मौके पर रिलीज हुई थी। फिल्म दर्शकों को बहुत पसंद आई थी और वो 200 करोड़ के क्लब में शामिल हुई थी।
बता दें कि प्रियंका चोपड़ा करीब तीन साल बाद फिल्म द स्काई इज पिंक से बॉलीवुड में कमबैक करने जा रहीं हैं। इस फिल्म में उनके साथ एक्टर फरहान अख्तर और जायरा वसीम नजर आएंगी। फिल्म मोटिवेशनल स्पीकर आयशा चौधरी की जिंदगी पर आधारित है। फिल्म में जायरा वसीम आयशा के रोल में नजर आएंगी जबकि प्रियंका उनकी मां के रोल में दिखेंगी।
Bollywood News in Hindi (बॉलीवुड न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Network Hindi पर । साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) केअपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।