प्रियंका चोपड़ा की मां के साथ अकेले लंच पर गए थे निक जोनस, जानें क्यों एक्ट्रेस ने करवाई थी दोनों की जासूसी

बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने अपनी किताब अनफिनिश्ड में खुलासा किया कि उनके पति निक जोनस और मां मधु चोपड़ा अकेले लंच पर गए थेतब उन्होंने दोनों की जासूसी करवाई थी। जानें क्या थी वजह।

Madhu Chopra, Priyanka Chopra with Nick Jonas
Madhu Chopra, Priyanka Chopra with Nick Jonas 
मुख्य बातें
  • प्रियंका चोपड़ा की मां मधु चोपड़ा के साथ अकेले लंच पर गए थे निक जोनस।
  • प्रियंका चोपड़ा ने करवाई थी दोनों की जासूसी।
  • इस बात को लेकर प्रियंका चोपड़ा को थी चिंता।

बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक पहचान बनाने वाली प्रियंका चोपड़ा इन दिनों चर्चा में हैं। दरअसल प्रियंका की किताब अनफिनिश्ड हाल ही में लॉन्च हुई है जिसे लेकर वो चर्चा में बनी हुई हैं। इस किताब में एक्ट्रेस ने अपनी जिंदगी से जुड़े कई किस्सों को शेयर किया है। 

'अनफिनिश्ड' में प्रियंका ने अपने पति निक जोनस के बारे में भी बताया है। इस किताब में पीसी ने बताया कि वो किस तरह निक की जासूसी करवा चुकी हैं। प्रियंका ने बताया कि जब उनका और निक का रिश्ता नया था तब वो भारत आकर उनका घर देखना चाहते थे और एक्ट्रेस की मां से मिलना चाहते थे। इसे लेकर प्रियंका काफी एक्साइटेड तो थी हीं साथ ही नर्वस भी थीं। 

प्रियंका को थी ये चिंता

निक भारत आए और उन्हें मुंबई पसंद आया लेकिन प्रियंका को चिंता थी कि जब वो काम पर जाएंगी, तब निक क्या करेंगे? इसपर निक ने कहा कि वो उनकी मां मधु चोपड़ा को बाहर डिनर पर ले जाएंगे, लेकिन इसने पीसी की चिंता कम नहीं की बल्कि और बढ़ा दी। 

अपनी किताब में प्रियंका ने लिखा, 'कुछ लोगों को लग सकता है कि कितना स्वीट है। लेकिन मुझे ऐसा नहीं लगा और इसने मेरी चिंता बढ़ा दी। वो मेरी मां को अकेले लंच पर क्यो लेकर जाएगा? वो मेरे बारे में क्या बात करेंगे? क्या उन दोनों में से कोई ऐसी बात करेंगा जिससे मुझे शर्मिंदा होना पड़े? ' 

प्रियंका ने करवाई निक की जासूसी 

किताब ने प्रियंका ने बताया कि उन्होंने किस तरह अपने होने वाले पति निक की जासूसी करवाई। उन्होंने लिखा, 'उस दोपहर मैं करीब 20 लोगों के साथ मीटिंग में थी और यह सोचना बंद नहीं कर पा रही थी कि उस पल में निक और मेरी मां क्या कर रहे होंगे। अब सस्पेंस को और बरकरार नहीं रख सकती, मैंने अपनी सिक्योरिटी टीम के एक सदस्य को उस रेस्टोरेंट में तस्वीरें लेने के लिए भेजा, जहां वो गए थे। हां, उनकी जासूसी के लिए। ताकि अपने क्वांटिको स्किल्स को इस्तेमाल कर उनकी बॉडी लैंग्वेज से पता लगा सकूं।' बता दें कि निक मधु चोपड़ा को लंच पर इसलिए लेकर गए थे ताकि उनसे प्रियंका से शादी करने की इजाजत मांग सकें।

2018 में की थी शादी

मालूम हो कि प्रियंका और निक ने मई, 2018 में एक- दूसरे को डेट करना शुरू किया था। इसके बाद अगस्त, 2018 में मुंबई में दोनों का रोका हुआ और इसी साल दिसंबर में दोनों ने शादी कर ली। दोनों ने राजस्थान के जोधपुर में हिंदू और क्रिश्चियन रीति- रिवाज से शादी की थी। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर