बॉलीवुड में फिल्मों की रिलीज डेट तय करना अब शायद फिल्म बनाने से भी बड़ा काम हो गया है। यही वजह है कि साल 2020 में कई फिल्मों की रिलीज डेट्स आपस में टकरा रही हैं। वैसे साल 2020 में ये क्लैश कुछ ज्यादा ही हो रहे हैं। इसकी शुरुआत तो जनवरी से ही हो रही है। 3 जनवरी को जहां तीन फिल्में एक साथ रिलीज हो रही हैं - शिमला मिर्च, सब कुशल मंगल और भंगड़ा पा ले। वहीं 10 जनवरी को साल का पहले बड़ा क्लैश - छपाक से दीपिका पादुकोण और तान्हाजी से अजय देवगन-काजोल का होगा। इसके अलावा 24 जनवरी को फिर दो बड़ी फिल्में एक दूसरे से टकराएंगी। कंगना रनोत की पंगा और वरुण धवन-श्रद्धा कपूर की स्ट्रीट डांसर 3डी इसी दिन रिलीज हो रही हैं।
इसके बाद साल का महाक्लैश ईद के मौके पर होगा। सलमान खान की राधे - द मोस्ट वॉन्टेड कॉप और अक्षय कुमार की लक्ष्मी बॉम्ब इस मौके पर आ रही हैं। दिसंबर 2019 में भी दबंग 3 और गुड न्यूज के साथ दोनों सितारे, एक हफ्ते के गैप पर ही सही, लेकिन आमने-सामने थे। बाजी रही गुड न्यूज के नाम। ऐसे में सलमान खान की पूरी कोशिश 2019 का हिसाब बराबर करने की रहेगी।
Release Date | Movie Name |
10 जनवरी | तान्हाजी, छपाक |
24 जनवरी | स्ट्रीट डांसर 3डी, पंगा |
ईद | राधे, लक्ष्मी बॉम्ब |
31 जुलाई | भूलभुलैया 2, शमशेरा |
14 अगस्त | अटैक, भुज - द प्राइड ऑफ इंडिया |
2 अक्टूबर | रैंबो, तूफान, सरदार उधम सिंह, सत्यमेव जयते 2 |
25 दिसंबर | लाल सिंह चड्ढा, बच्चन पांडे |
साल 2020 के सेकंड हाफ के क्लैश
ईद के बाद 31 जुलाई फिर बड़ी डेट बन रही है जब कार्तिक आर्यन की भूलभुलैया 2 और रणबीर कपूर-वाणी कपूर-संजय दत्त की शमशेरा एक दूसरे के आमने सामने होंगी। 14 अगस्त को देश भक्ति की भावना के साथ जॉन अब्राहम की अटैक और अजय देवगन की भुज - द प्राइड ऑफ इंडिया का क्लैश होगा।
साल की सबसे बड़ी रिलीज डेट होगी 2 अक्टूबर। इस तारीख को 4 बड़ी फिल्में रिलीज हो रही हैं। ये हैं टागदर श्रॉफ की रैंबो, फरहान अख्तर की तूफान, विकी कौशल की सरदार उधम सिंह और जॉन अब्राहम की सत्यमेव जयते 2।
25 दिसंबर को लाल सिंह चड्ढा और बच्चन पांडे रिलीज होंगी। लाल सिंह चड्ढा के साथ जहां आमिर खान दो साल के बाद पर्दे पर आएंगे वहीं अक्षय कुमार फिल्म गुड न्यूज के बाद एक बार फिर क्रिसमस पर बच्चन पांडे के अवतार में अपना जलवा दिखाने के लिए बेकरार रहेंगे।
अब देखना ये है कि ये फिल्में अपनी तय डेट पर आती हैं या किसी और फिल्म के इधर उधर होने से इनकी रिलीज डेट भी खिसकती है। और ये भी कि इनकी टक्कर में फायदा किसे मिलता है!
Bollywood News in Hindi (बॉलीवुड न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Network Hindi पर । साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) केअपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।