14 नवंबर को आएंगे बिहार चुनाव के नतीजे। तस्वीर-ANI
PM Modi appeal to voters: बिहार में दूसरे चरण की वोटिंग हो रही है। इस चरण में विधानसभा की 122 सीटों पर मतदान हो रहा है। छह नवंबर को पहले चरण में रिकॉर्ड 65.08 प्रतिशत मतदान हुआ। दूसरे चरण की वोटिंग पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के लोगों से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की है। पीएम ने मंगलवार को बिहार के मतदाताओं से पहले चरण की तरह रिकॉर्ड कायम करने की अपील की। X पर अपने एक पोस्ट में प्रधानमंत्री ने पहली बार वोटिंग करने जा रहे जेन जेड (युवाओं) से भारी संख्या में मतदान करने और दूसरे को प्रोत्साहित करने की अपील की।
पीएम ने कहा, 'बिहार में आज दूसरे और अंतिम चरण की वोटिंग हो रही है। मैं सभी मतदाताओं से इसमें सक्रियता से भाग लेने और पहले चरण की तरह रिकॉर्ड कायम करने की अपील करता हूं। खासकर, राज्य में पहली बार वोटिंग करने जा रहे युवाओं से अपील है कि वे खुद तो वोट डालें ही, साथ ही दूसरों को भी मतदान करने के लिए प्रेरित करें।'
बिहार में दूसरे एवं अंतिम चरण के विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 122 सीट पर मतदान शुरू हो गया। अधिकारी ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और यह शाम पांच बजे तक जारी रहेगा। इस चरण में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के कई मंत्रियों सहित 1,302 उम्मीदवारों का चुनावी भाग्य तय होगा। इसे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के छोटे सहयोगी दलों- केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की अगुवाई वाली हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा और राज्यसभा सदस्य उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा के लिए भी शक्ति परीक्षण के रूप में देखा जा रहा है।
दूसरे चरण के मतदान के लिए पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मंगलवार को होने वाले मतदान के दौरान निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए चार लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। राज्य में दूसरे और अंतिम चरण के तहत 122 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। इसके लिए कुल 45,399 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 40,073 ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं। राज्य पुलिस सूत्रों के अनुसार, लगभग 8,491 मतदान केंद्रों (पीएसएल) को संवेदनशील के तौर पर चिह्नित किया गया है, जहां सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती और विशेष निगरानी रहेगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिहार विधान सभाचुनाव रिजल्ट (Bihar Vidhan Sabha Chuanv Result) अपडेट और प्रमुख निर्वाचन क्षेत्र (Key Constituency) बिहार इलेक्शन फेजवन की वोटिंग (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।