इलेक्शन

Bihar Election Results: RJD के लिए नेता विपक्ष का पद बचाना भी मुश्किल! 23 सीटों पर सिमटती दिख रही है पार्टी

सबसे बड़ी चौंकाने वाली बात तो ये है कि जिस जोर-शोर से महागठबंधन ने तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया था, वही पार्टी बुरी तरह हारती दिख रही है। तेजस्वी की हुंकार पूरी तरह बेअसर साबित हुई है...

Tejashwhi Yadav Bihar chunav

तेजस्वी यादव को बड़ा झटका (PTI)

Bihar Assembly Election Results 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के रुझान और परिणाम पूरी तरह अप्रत्याशित साबित हो रहे हैं। कहां बताया जा रहा था कि इस बार कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी, और अब जो नतीजे आ रहे हैं वो चौंकाने वाले हैं। इसे जीत नहीं सुनामी माना जा रहा है। एनडीए के मुकाबले महागठबंधन बुरी तरह लड़खड़ा गया है और सबसे बड़ी हार की ओर बढ़ रहा है। मौजूदा रुझान बता रहे हैं कि एनडीए 200 से अधिक सीटों पर आगे है वहीं, महागठबंधन 30 से भी कम सीटों पर आगे चल रही है। ये रुझान और नतीजे सियासी पंडितों को भी चौंका रहे हैं।

तेजस्वी यादव थे मुख्यमंत्री पद उम्मीदवार

सबसे बड़ी चौंकाने वाली बात तो ये है कि जिस जोर-शोर से महागठबंधन ने तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया था, वही पार्टी बुरी तरह हारती दिख रही है। सीएम उम्मीदवार बनने के बाद तेजस्वी यूं हुंकार भर रहे थे मानों अब चुनाव के बाद वही सीएम पद की कमान संभालने जा रहे हैं। वह हर रैली और हर प्रेस कांफ्रेंस में एनडीए और बीजेपी को चुनौती देने के अंदाज में पूछ रहे थे उसका सीएम उम्मीदवार कौन है। लेकिन जब नतीजों का वक्त आया तो उनके सवाल अब उनकी ही खिल्ली उड़ाते नजर आ रहे हैं।

नेता विपक्ष का पद हासिल करना भी मुश्किल

स्थिति ये है कि मुख्यमंत्री पद का सपना देने वाले तेजस्वी के सामने नेता विपक्ष का पद हासिल करने के भी लाले पड़ते दिख रहे हैं। रुझानों को देखते हुए उनकी पार्टी आरजेडी 23 से भी कम सीटों पर सिमटती दिख रही है। बिहार विधानसभा में कुल 243 सीटें हैं और नेता विपक्ष का पद हासिल करने के लिए विपक्षी पार्टी के पास कम से कम 10 फीसदी सीटें होनी चाहिए। रुझान ऐसे ही रहे और आरजेडी 23 सीटों पर सिमट जाती है तो तेजस्वी को नेता विपक्ष का पद मिलना भी मुश्किल हो जाएगा।

जदयू ने मोकामा सहित पांच सीटें जीतीं

चुनाव आयोग के अनुसार, अब तक बिहार में जदयू ने मोकामा सहित पांच सीटें जीत ली हैं और 79 अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में आगे चल रही है। बिहार के पूर्व मंत्री और भाजपा के राणा रणधीर ने मधुबन सीट पर 5,492 मतों के अंतर से जीत हासिल कर तीसरी बार अपनी सीट बरकरार रखी। भाजपा उम्मीदवार राजू कुमार सिंह ने साहेबगंज सीट पर 13,522 मतों के अंतर से जीत हासिल की। भगवा पार्टी 91 अन्य सीटों पर आगे चल रही है।

चुनाव प्रचार के दौरान हत्या के एक मामले में गिरफ्तार जदयू उम्मीदवार अनंत कुमार सिंह ने मोकामा सीट पर 28,206 मतों के अंतर से जीत हासिल की। पार्टी के महेश्वर हजारी ने बिहार की कल्याणपुर विधानसभा सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाकपा (माले) लिबरेशन के रंजीत कुमार राम को 38,586 मतों के अंतर से हराया। जदयू उम्मीदवार राम चंद्र सदा ने अलौली सीट 35,732 मतों से जीती, जबकि उसके उम्मीदवार हरि नारायण सिंह ने हरनौत सीट 48,335 मतों से जीती। जदयू उम्मीदवार मनोरमा देवी ने बेलागंज सीट 2,882 मतों से जीती।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिहार विधान सभाचुनाव रिजल्ट (Bihar Vidhan Sabha Chuanv Result) अपडेट और प्रमुख निर्वाचन क्षेत्र (Key Constituency) बिहार इलेक्शन फेजवन की वोटिंग (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

लेटेस्ट न्यूज

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडल Author

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर... और देखें

End of Article