महागठबंधन की सरकार में मिलेगा रोजगार (Photo - Facebook)
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए मंगलवार को 122 सीटों पर मतदान जारी है। इसी बीच, विपक्षी दलों द्वारा सत्ता पक्ष पर आरोप लगाए जा रहे हैं। बिहार चुनाव को लेकर कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा, "सबकुछ ठीक नहीं लग रहा है, बेईमानी हो सकती है, लेकिन जनता ने इस बार बदलाव का मन बना लिया है।" उदित राज ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव का दूसरा चरण अच्छे से संपन्न हो जाए, यह मुश्किल लग रहा है। कही वीवीपैट की पर्चियां मिल रही हैं तो कहीं सीसीटीवी कैमरे बंद पाए गए। स्ट्रांग रूम में लोग घुस रहे हैं।
न्यूज एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट के अनुसार, उदित राज ने कहा कि हम लोगों ने देखा कि पहले चरण के दौरान मतदाता पर्चियां लेकर गए वोट डालने, लेकिन वोट पहले से डाले जा चुके थे। उम्मीद करते हैं कि दूसरे चरण में ऐसा न हो। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने इस बार मन बना लिया है कि बिहार में महागठबंधन को वोट देगी। बिहार में बदलाव होगा, युवा तेजस्वी यादव पर भरोसा कर रहे हैं और उम्मीद करते हैं कि महागठबंधन की सरकार में रोजगार मिलेगा। जदयू के साथ राजद की 17 महीने की सरकार का जिक्र करते हुए उदित राज ने कहा कि 17 महीने में 5 लाख नौकरी देने का काम तेजस्वी यादव ने किया था।
दिल्ली ब्लास्ट पर कांग्रेस नेता उदित राज ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। उदित राज ने फरीदाबाद में मिले विस्फोटक का जिक्र करते हुए कहा कि जब मिला तभी और चौकन्ना रहना चाहिए था। फिलहाल अभी जांच चल रही है। जब तक सरकारी बयान नहीं आता तब तक कुछ नहीं कहा जा सकता। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को दिल्ली की कानून व्यवस्था पर ध्यान देने की जरूरत है।
दिल्ली ब्लास्ट का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि यह सोची समझी रणनीति के तहत हुआ है। इतनी बड़ी घटना को अंजाम देना आसान बात नहीं है। इस घटना की निष्पक्ष जांच में ही सच्चाई का पता चल पाएगा। उन्होंने कहा कि जो लोग इससे जुड़े हैं, उनको सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए।
(इनपुट - आईएएनएस)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिहार विधान सभाचुनाव रिजल्ट (Bihar Vidhan Sabha Chuanv Result) अपडेट और प्रमुख निर्वाचन क्षेत्र (Key Constituency) बिहार इलेक्शन फेजवन की वोटिंग (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।