(सांकेतिक फोटो)
नर्मदापुरम : जिले से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पत्नी ने पति की प्रताड़ना से तंग आकर उसकी हत्या कर दी। पत्नी का आरोप है कि पति न सिर्फ उसे बल्कि उसके 2 माह के बच्चे को भी शराब के नशे में मारता पीटता था। जानकारी के मुताबिक मृतक राजू धुर्वे हरदा जिले के सिराली का रहने वाला था और पिछले एक महीने से रोहना गांव में सुधीर कुमार चौहान के खेत पर मजदूरी कर रहा था। वह खेत में बने एक कच्चे मकान में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रह रहा था।
आरोपी पत्नी के मुताबिक उसके 5 बच्चे हैं। उसने राजू धुर्वे से 7 साल पहले लव मैरिज की थी। शादी से पहले वह अच्छी-अच्छी बातें करता था। शादी के बाद एक एक करके तीन बेटियों का जन्म हुआ। इसके बाद दो बेटे भी हुए। पांचवां बेटा 2 महीने का है। पति नशे का आदि था। शराब के नशे में पत्नी और बच्चों को मारता था। इससे तंग आकर महिला ने 7 अक्टूबर तड़के करीब 4 बजे पति का गला रेतकर उसे मार डाला। इसके बाद उसके शव को घर से 20 मीटर दूर खेत में फेंक दिया। वारदात के समय घर में पांचों बच्चे सो रहे थे। महिला ने पुलिस को बताया कि पति राजू अक्सर शराब के नशे में उससे और बच्चों से मारपीट करता था। रोज-रोज की प्रताड़ना से तंग आकर उसकी हत्या कर दी। 7 अक्टूबर को सुबह 4 बजे उसने हत्या की और 8 बजे बच्चों को लेकर मायके चली गई।
थाना प्रभारी सौरभ पांडेय ने बताया कि आरोपी सेवंतीबाई ने अपने नशेड़ी पति राजू धुर्वे की हंसिया से गला रेतकर हत्या की। मारने के बाद उसने शव को घसीटकर खेत में फेंका। बचने के लिए घर पर फैले खून को साफ कर दिया। इसके बाद वह सुबह करीब 8 बजे अपने पांचों बच्चों को लेकर हरदा जिले के सिराली गांव स्थित मायके चली गई थी। महिला के अनुसार पति बेटे को भी मारता था। उसे कहता था कि तूने बेटियों से पहले बेटों को जन्म क्यों नहीं दिया, नहीं तो इतने बच्चे पैदा नहीं करता। वह उसे और बेटियों को भी मारता था। सोमवार रात को भी उसने शराब के नशे में मारपीट की थी। बेटे को भी मारा था।
आरोपी बीवी ने पुलिस को बताया कि मेरे बच्चे बीमार हैं। उनके इलाज के लिए खेत मालिक से सोमवार को 500 रुपये उधार लिए थे। इन रुपयों को इलाज के लिए पति को दिए पर उसने शराब पी ली और फिर रात में मारपीट की। इस दौरान मैंने सोचा कि मेरा जीवन तो वैसे भी खराब हो ही गया है। बच्चों का जीवन खराब नहीं होने दूंगी। प्रताड़ना तंग आकर तड़के 4 बजे उठी, पति सो रहा था। मैंने हंसिए से गले पर वार कर दिया। गले की नली कटने से वो तत्काल मर गया। फिर घर के पास ही लाश ले जाकर फेंक दिया। उजाला होने पर खेत मालिक को यह कहकर बस से हरदा चली गई कि पति कहीं चला गया है, मैं भी सिराली जा रही हूं।
पुलिस टीम जब आरोपी को पकड़ने उसके मायके सिराली के नीमढाना गांव पहुंची, तो वह अपने चार बच्चों के साथ एक कच्चे मकान में मिली। उसका दो साल का बेटा पहले ही ससुराल वाले लेकर चले गए थे। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि महिला के साथ उसका 2 महीने का बेटा भी जेल में रहने को मजबूर है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। क्राइम (Crime News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।