क्राइम

Salman Threat: सलमान खान को जान की धमकी देने वाला शख्स निकला 'मानसिक रूप से बीमार', वडोदरा से पकड़ा गया

Salman Khan Threat:पिछले साल अप्रैल में, दो मोटरसाइकिल सवार लोगों ने मुंबई के बांद्रा इलाके में गैलेक्सी अपार्टमेंट में खान के घर के बाहर चार राउंड गोलियां चलाई थीं।

Image

बॉलीवुड एक्टर सलमान खान

Photo : Times Now Digital

Threatened to Kill Salman Khan: अभिनेता सलमान खान को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देने वाला व्यक्ति गुजरात के वडोदरा जिले के एक गांव में मिला और वह मानसिक रूप से बीमार है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।पुलिस ने बताया कि अभिनेता को धमकी देने वाला 26 वर्षीय यह वाघोदिया तालुका का रहने वाला है। यह व्यक्ति मानसिक रोगी है और उसका इलाज हो रहा है।

मुंबई यातायात पुलिस की व्हाट्सएप हेल्पलाइन पर रविवार को एक संदेश आया, जिसमें भेजने वाले ने सलमान खान की कार को बम से उड़ाने और वाई-प्लस सुरक्षा प्राप्त उनके घर में घुसकर उन पर हमला करने की धमकी दी थी।

इसके बाद मुंबई की वर्ली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(2)(3) (आपराधिक धमकी) के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया और बांद्रा इलाके में खान के आवास के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी।

जिला पुलिस अधीक्षक रोहन आनंद ने संवाददाताओं को बताया कि जांच के बाद मुंबई पुलिस को पता चला कि यह धमकी भरा संदेश वडोदरा के वाघोदिया तालुका में रहने वाले एक व्यक्ति ने भेजा था।आनंद ने कहा, 'मुंबई पुलिस की एक टीम वाघोदिया पुलिस के साथ सोमवार को एक गांव में संदिग्ध के घर पहुंची। तब पता चला कि संदेश भेजने वाला 26 वर्षीय व्यक्ति मानसिक रोगी है और उसका इलाज भी हो रहा है।"

अधिकारी ने बताया, "मुंबई पुलिस ने उसे पेश होने के लिए नोटिस दिया और चली गई।'

खान को पहले लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से धमकियाँ मिली थीं, जिसमें उन्हें काले हिरण की कथित हत्या पर बिश्नोई समुदाय से माफ़ी न मांगने पर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई थी। इन धमकियों के बाद, मुंबई पुलिस ने उन्हें वाई-प्लस सुरक्षा प्रदान की। पिछले साल गोलीबारी की घटना के कुछ हफ़्ते बाद, नवी मुंबई पुलिस ने बिश्नोई गिरोह द्वारा खान को मारने की साजिश का पर्दाफाश करने का दावा किया था। गिरोह ने सलमान खान को मुंबई के पास पनवेल में अपने फार्महाउस की यात्रा के दौरान मारने की साजिश रची थी।

Ravi Vaish
रवि वैश्य author

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों... और देखें

End of Article