पॉइंट ब्लैक रेंज से 5 लोगों को मारी गोली, मॉर्डन पिस्टल से लगाया निशाना; अमीन के परिवार को किसने किया खत्म?
- Edited by: Pushpendra Kumar
- Updated Jan 20, 2026, 03:07 PM IST
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक ही कमरे से पांच लोगों के शव मिलने से सनसनी का माहौल है। शवों के पास तीन कंट्री मेड पिस्टल बरामद हुए हैं।
(सांकेतिक फोटो-Istock)
सहारनपुर : सहारनपुर जिले के सरसावा थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी से मंगलवार की सुबह एक दंपति समेत परिवार के पांच शवों को पुलिस ने बरामद किया है। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि थाना सरसावा क्षेत्र की कौशिक विहार कॉलोनी में एक मकान के एक कमरे में अमीन के पद पर कार्यरत अशोक राठी (40), उसकी पत्नी अजिंता (37), मां विद्यावती (70), पुत्र कार्तिक (16) और देव (13) के शव बरामद हुए। अमीन के पास से तीन पिस्टल भी मिली हैं।
सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आशीष तिवारी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि आज सुबह ही पुलिस को यह जानकारी मिली कि सरसावा की कौशिक विहार कॉलोनी में एक अमीन सहित उनके परिवारजनों के कुल पांच शव उन्हीं के मकान के एक कमरे में मिले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। मृतकों के शव एक ही कमरे में पाये गये। उन्होंने बताया कि अशोक राठी के शव के बगल में तीन लोडेड पिस्टलें भी मिलीं। अमीन के पद पर कार्यरत रहे अशोक राठी सहित सभी के सिर पर गोली लगी है।
तिवारी ने बताया कि गोली बहुत पास से मारी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा अशोक राठी सहित उसके पारिवारिक परिवेश की जानकारी ली जा रही है और पूरे क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मौके से बरामद तीनों पिस्टल देशी हैं और वह लाइसेंसी हैं या नहीं, इसकी जांच कराई जा रही है। एसएसपी ने अब तक की छानबीन के हवाले से बताया कि अशोक राठी को अपने पिता की मौत के बाद उनकी जगह मृतक आश्रित श्रेणी में अमीन की नौकरी मिली थी और वह नकुड़ तहसील में अमीन के पद पर कार्यरत था। उसके दोनों बेटे दसवीं और 11वीं कक्षा में पढ़ रहे थे। पुलिस ने अमीन अशोक राठी के घर को सील कर दिया है ताकि किसी भी स्तर पर जांच प्रभावित न हो पाये।
एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव बरामद होने की सूचना मिलते ही सहारनपुर के डीआईजी अभिषेक सिंह, एसएसपी आशीष तिवारी, एसपी देहात सागर जैन सहित फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेजा जा रहा है।
तीन कंट्री मेड पिस्टल बरामद
मौके पर पहुंचे सहारनपुर के SSP/DIG आशीष तिवारी ने बताया की की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो पांचो डेड बॉडी कमरे के अंदर पाई गई है। जानकारी के मुताबिक, अशोक राठी अमीन के पद पर तैनात थे। वे पूरे परिवार के साथ घर पर थे। उनके साथ उनकी मां उनकी पत्नी दो बेटे मृतक पाए गए हैं। अशोक राठी के शव के पास से तीन कंट्री मेड पिस्टल बरामद हुए हैं। हालांकि, ये लायसेंसी नहीं हो सकते। पॉइंट ब्लैक से गोली मारी गई है। हालांकि, मौका मुआयना करने के बाद प्रथम दृष्टया मामला सुसाइड का लग रहा है। फॉरेसिंक टीम तथ्यों को जुटा रही हैं। शवों का पंचायतनमा भर के पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है जल्दी ही केस का खुलासा किया जाएगा।