क्राइम

Mathura में BJP नेता व्यापारी की गोली मारकर हत्या, कहीं इसलिए तो नहीं ली गई जान

उत्तर प्रदेश के मथुरा में भाजपा से जुड़े व्यापारी नेता हेमंत गर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हेमेंद्र गर्ग महानगर भाजपा में पदाधिकारी रह चुके थे और फिलहाल नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला संगठन मंत्री थे।

BJP leader Hemendra Garg Murder

हेमंत गर्ग (फाइल फोटो)

मथुरा जनपद में भाजपा के पूर्व पदाधिकारी की गोली मार कर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान गोविंद नगर क्षेत्र के गायत्री विहार के निवासी और व्यापारी संगठन के नेता हेमेंद्र गर्ग के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक (नगर) अरविंद कुमार ने बताया कि बुधवार रात मोक्षधाम में स्थित गोकर्णेश्वर महादेव मंदिर के दर्शन करके घर जा रहे गर्ग की मोटरसाइकिल पर आए दो हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। गर्ग महानगर भाजपा में पदाधिकारी रह चुके थे और फिलहाल नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला संगठन मंत्री थे। महाविद्या कॉलोनी में उनकी प्रिंटिंग प्रेस थी। गर्ग पूर्व ऊर्जा राज्यमंत्री रविकांत गर्ग के रिश्तेदार भी बताए जा रहे हैं।

प्लॉट पर अवैध कब्जे का विवाद

गर्ग के परिजन का कहना है कि उन्होंने मोक्षधाम के निकट स्थित एक प्लॉट पर अवैध कब्जा कर निर्माण करने के लिए दो भाईयों योगेश यादव और राजन यादव के खिलाफ स्थानीय अधिकारियों और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की थी। गर्ग के पुत्र ने बताया कि सात अप्रैल की रात भी कुछ लोगों ने इसी प्रकार गर्ग का पीछा किया था, जिसके संबंध में उन्होंने अगले ही दिन आठ अप्रैल को मुख्यमंत्री एवं स्थानीय अधिकारियों को डाक से सूचना देते हुए जान पर खतरे की बात बता दी थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि मृतक के भाई राजेंद्र कुमार गर्ग की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके जांच के लिए चार टीमों का गठन किया गया है।

Pushpendra Kumar
Pushpendra Kumar author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article