नई दिल्ली। junior doctor committed suicide राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां एक जूनियर डॉक्टर ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान सुधांशु के रूप में हुई है। मृतक सफदरजंग हॉस्पिटल से पीजी कर रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि उन्हें वहां से कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला है। यह घटना दिल्ली के लाजपत नगर की है। पुलिस ने बताया कि मृतक की उम्र 30 साल है वो उत्तर प्रदेश के मुगलसराय का रहने वाला है। पुलिस को घटना की सूचना मृतक डॉक्टर के दोस्त ने दी। सुधांशु अपने दोस्त रुद्र नायक के साथ लाजपत नगर में रहता है।
बताया जा रहा है सुधांशु की बहन गुरुग्राम में काम करती है। सुधांशु का दोस्त रुद्र गोवा का रहने वाला है वो 19 जुलाई को अपने घर गया था और रात को ही लौटा। वो आकर थक गया था, इसलिए वो तुरंत आकर कमरे में सो गया। रुद्र जब सुबह उठा तो उसने महसूस किया कि दूसरे कमरे से बदबू आ रही थी। इस घटना के बाद रुद्र ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा, कमरा अंदर से लॉक था। पुलिस को कमरे में गद्दे के ऊपर सुधांशु का शव पड़ा हुआ मिला, सुधांशु के दाहिने हाथ में इंजेक्शन लगा हुआ था और उसके कमरे के कूड़ेदान में बहुत सारी खाली शीशियां मिली। पुलिस ने शव को बरामद कर लिया है।
पुलिस ने इस बात की सूचना सुधांशु की बहन को दी। पुलिस ने उसकी बहन से भी पूछताछ की। उसकी बहन ने बताया सुधांशु हमेशा खुश रहता था वो कभी भी किसी बात को लेकर टेंशन नहीं लेता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सुधांशु की मौत के बाद उसकी बहन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। सुधांशु की मौत की खबर को सुनकर सभी लोग हैरान है क्योंकि वो बहुत ही खुशमिजाज था। वो सबसे खुश होकर बात करता था।