नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक जेएनयू छात्रा के साथ रेप का मामला सामने आया है। इस मामले में कैब ड्राइवर को संदिग्ध माना जा रहा है। घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है, जबकि लड़की शनिवार सुबह बेहोशी की हालत में आईआईटी दिल्ली के नजदीक एक पार्क में मिली। वह दोस्तों के साथ एक पार्टी में गई थी, जहां से लौटने के दौरान उसके साथ इस जघन्य वारदात का मामला सामने आया है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना मंदिर मार्ग थाना क्षेत्र में दर्ज किया गया है। पीड़िता का आरोप है कि कैब ड्राइवर ने उसे कुछ ऑफर किया, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। इसके बाद उसने उसके साथ रेप किया और तीन घंटे तक उसे घुमाता रहा। पीड़िता ने बताया कि उसने मंदिर मार्ग इलाके से कैब बुक की थी, जब वह दोस्तों के साथ एक पार्टी से लौट रही थी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि पीड़िता ने जो कैब बुक की थी, वह एप आधारित कैब सर्विस थी या कोई अन्य।
लड़की को बेहोशी की हालत में शनिवार सुबह आईआईटी दिल्ली के पास कुछ स्थानीय लोगों ने देखा, जिन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद उसे ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां कर्मचारियों को पता चला कि वह जेएनयू की छात्रा है। उन्होंने जेएनयू प्रशासन को सूचित किया। जेएनयू प्रशसन ने पुलिस को इस बारे में सूचित किया, जिसके बाद पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।