नई दिल्ली : गुजरात के दाहोद जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। शुक्रवार की रात को एक शख्स को अपनी 6 साल की भांजी के साथ रेप के बाद हत्या करने के जुर्म में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को ये जानकारी दी।
आरोपी की पहचान शैलेष मावी के रुप में हुई है। बताया जाता है कि वह बेल पर रिहा होकर आया था और इसी बीच उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया था।
मावी ने शुक्रवार की शाम को 6 साल की मासूम भांजी को अपने मोटरसाइकिल पर लिफ्ट दिया था जब वह स्कूल से वापस आ रही थी। वहां से लेकर वह उसे एक सुनसान जगह पर लेकर चला गया जहां पर उसने उसके साथ रेप किया फिर उसकी हत्या कर उसका शव तालाब में फेंक दिया। जब बच्ची स्कूल से घर वापस नहीं आई तो देर शाम उसकी दादी ने पुलिस में जाकर इसकी शिकायत दर्ज कराई।
बच्ची के माता-पिता उसी इलाके में मजदूरी का काम करते हैं। आरोपी के गिरफ्तार होने के बाद शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने उसे अपनी मोटरसाइकल पर पीड़िता को बैठाकर ले जाते हुए देखा था। मावी लड़की की मां का भाई बताया जाता है। उसने पुलिस के समक्ष पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसे आठ महीने पहले ही एक मर्डर मामले में जेल से बेल पर रिहा किया गया था।