नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के मधु विहार के पास मैक्स अस्पताल के नजदीक एक 59 वर्षीय महिला की गोली मार कर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान उषा साहनी के रूप में हुई है। वह अपनी I 10 कार ड्राइव कर रही थी उसी समय बाइक पर सवार एक बदमाश आया और उसे पास के गोली मार कर चला गया।
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में पता चला है कि महिला का पति अक्सर मैक्स अस्पताल अपने डायलिसिस कराने के लिए जाता था। शनिवार की सुबह जब वह अपनी कार से अपने पति के साथ मैक्स अस्पताल के पास से गुजर रही थी तो उसी समय पति ने एक मंदिर के पास कार रोकने को कहा।
कार रुकने के बाद पति मंदिर में दर्शन करने के लिए चला गया इसी बीच में बाइक पर सवार होकर आए बदमाश ने कार में सवार महिला को गाली मार दी जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जानकारी मिलते ही फोरेंसिक और क्राइम ब्रांच की टीम घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि गोली चलने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग वहां जमा हो गए लेकिन लोग कुछ समझ पाते उसके पहले ही बाइक पर सवार अज्ञात बदमाश वहां से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। शुरुआती जांच में पुलिस आपसी रंजिश का मामला बता रही है।
दिल्ली पुलिस ने मृतका के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। उषा साहनी अपने पति को सप्ताह में तीन बार मैक्स अस्पताल डायलिसिस के लिए लेकर आती थी। अस्पताल जाने के पहले उसके पति हर बार मंदिर जाते थे। पुलिस का मानना है कि हत्यारे को उषा के इस रुटीन के बारे में पहले से ही खबर थी।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि उषा की किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं थी। पुलिस इसे लूटपाट का मामला मानने से भी इनकार किया है क्योंकि कार से किसी भी सामान की चोरी नहीं हुई है। वह जल्द ही अपनी सरकारी नौकरी से रिटायर होने वाली थी। उनकी बेटी की अभी हाल ही में शादी हुई थी और छोटा बेटा अभी भी पढ़ाई कर रहा था।