मंगलवार शाम आईपीएल 2020 का खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। आमने-सामने होंगी चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस और पहली बार खिताब जीतने की चाह लिए मैदान पर उतरने वाली दिल्ली कैपिटल्स। इस मैच में दोनों टीमों में कई दिग्गज व युवा खिलाड़ी एक दूसरे से टक्कर लेंगे और दुबई के मैदान पर पूरी दुनिया की निगाहें टिकी होंगी। इस महामुकाबले से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व महान बल्लेबाज व मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान सचिन तेंदुलकर ने भी मुंबई की टीम को खास संदेश के जरिए शुभकामनाएं दी हैं।
महान पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर आईपीएल करियर में मुंबई इंडियंस से जुड़े रहे और संन्यास के बाद भी वो मेंटर के रूप में इस टीम के साथ रहे हैं। उनका हमेशा से इस टीम के साथ भावनात्मक जुड़ाव रहा है और वही चीज उनके संदेश में दिखाई दी जब सोमवार को उन्होंने आईपीएल फाइनल के लिए मुंबई इंडियंस का हौसला बढ़ाने के लिए संदेश दिया।
आईपीएल वेबसाइट पर जारी वीडियो में सचिन तेंदुलकर कहते हैं कि जब कोई खिलाड़ी मुंबई इंडियंस के लिए खेलने उतरता है तो उसको पता होना चाहिए कि वो सिर्फ एख खिलाड़ी के रूप में नहीं जा रहा बल्कि पूरी फोर्स के रूप में जा रहा है। सबसे पहले और सबसे जरूरी बात है- 'एक परिवार'। हम सब साथ हैं, उतार हो या चढ़ाव।
खेल हो या आम जिंदगी, राह में स्पीड ब्रेकर मिलते ही हैं, खासतौर पर जब ऐसा टूर्नामेंट हो जहां सब कुछ काफी तेज रफ्तार से आगे बढ़ता है। ऐसे में ये जरूरी है कि सभी एकजुट होकर एक ईकाई के रूप में साथ रहें।
IPL(आईपीएल) 2020 से जुड़ी सभी अपडेट Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Network Hindi पर। साथ ही और भी Cricket News (क्रिकेट न्यूज़) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।