नई दिल्ली: टीम इंडिया का ऑस्ट्रेलिया दौरा अगले महीने शुरू होने वाला है। ऐसा माना जा रहा था कि सीमित ओवर सीरीज के लिए सूर्यकुमार यादव का चयन जरूर होगा। हालांकि, मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज को एक बार फिर नजरअंदाज किया गया और सीमित ओवर सीरीज के लिए उनका किसी भी टीम में सिलेक्शन नहीं हुआ। यादव ने पिछले कुछ सालों में मुंबई इंडियंस के लिए शानदार प्रदर्शन किया और उनकी सफलता में प्रमुख भूमिका अदा की।
इसके अलावा सूर्यकुमार यादव ने घरेलू क्रिकेट में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए निरंतर रन बनाए और दर्शाया कि उनमें सर्वश्रेष्ठ स्तर पर खेलने की काबिलियत है। हालांकि, दमदार प्रदर्शन के बावजूद एक बार फिर सूर्यकुमार यादव के हाथ निराशा लगी क्योंकि चयनकर्ताओं ने उनकी अनदेखी की। अनुभवी हरभजन सिंह ने सूर्यकुमार यादव की अनदेखी पर निराशा व्यक्त की और चयनकर्ताओं पर अपनी भड़ास निकाली है।
हरभजन सिंह ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट के जरिये सूर्यकुमार यादव की उपलब्धियां गिनाई और चयनकर्ताओं को उनके रिकॉर्ड्स देखने की सलाह दे डाली। भज्जी ने ट्वीट किया, 'नहीं पता कि सूर्यकुमार यादव को भारतीय टीम में सिलेक्ट होने के लिए और क्या करना पड़ेगा। उन्होंने हर आईपीएल और रणजी सीजन में प्रदर्शन किया। मेरे ख्याल से विभिन्न लोग विभिन्न नियम। बीसीसीआई मैं सभी चयनकर्ताओं से उनके रिकॉर्ड्स देखने की गुजारिश करता हूं।'
IPL(आईपीएल) 2020 से जुड़ी सभी अपडेट Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Network Hindi पर। साथ ही और भी Cricket News (क्रिकेट न्यूज़) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।