मुंबई: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 2 अक्टूबर से शुरू हो रही तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए गुरुवार को भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई। लगातार खराब प्रदर्शन करने वाले केएल राहुल को टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया वहीं युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया। वहीं रोहित शर्मा को बतौर टेस्ट ओपनर मौका दिए जाने का भी फैसला किया गया। इसके अलावा एक सवाल का सामना भी चयनकर्ताओं को करना पड़ा जो पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास से जुड़ा था।
गुरुवार को अचानक विराट कोहली के महेंद्र सिंह धोनी के बारे में एक ट्वीट किए जाने के बाद सोशल मीडिया पर धोनी के संन्यास की अटकलें लगने लगी। सोशल मीडिया में यहां तक कहा जाने लगा कि शाम 7 बजे धोनी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान करने वाले हैं। ऐसे में द. अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज का ऐलान करते वक्त मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद को इस सवाल से रूबरू होना पड़ा।
पत्रकारों ने जब धोनी के संन्यास की खबर के बारे में एमएसके प्रसाद से जानना चाहा तो उन्होंने इस सवाल के जवाब में कहा, मेरे पास धोनी के संन्यास को लेकर कोई खबर नहीं है। सोशल मीडिया में जो खबर वायरल हो रही है वो गलत है।
वहीं दूसरी तरफ एमएस धोनी की पत्नी साक्षी धोनी ने भी ट्वीट कर संन्यास की खबरों को कोरी अफवाह बताया। उन्होंने कहा, इसे कहते हैं अफवाह।
विश्व कप 2019 के बाद से धोनी मैदान से दूर है। उन्होंने पहले तो वेस्टइंडीज दौरे पर नहीं जाने का फैसला किया और सेना के साथ वक्त समय बिताया। इसके बाद द. अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टी-20 सीरीज के लिए भी धोनी को शामिल नहीं किया गया इससे पहले खबर आई कि उन्होंने सीरीज से अपना नाम वापस ले लिया है।
Cricket News (क्रिकेट न्यूज़) Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Network Hindi पर। और साथ ही IPL News in Hindi (आईपीएल न्यूज़) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।