सिडनी: ऑस्ट्रेलिया के महान स्पिनर शेन वॉर्न की ‘बैगी ग्रीन कैप’ शुक्रवार को नीलामी हो गई। वॉर्न की यह एतिहासिक कैप 10 लाख, 7 हजार, 500 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (करीब 4 करोड़, 92 लाख, 8 हजार रुपए) में बिकी। वॉर्न ने ऑस्ट्रेलिया के जंगलों में लगी भीषण आग से प्रभावितों की मदद करने के लिए अपनी इस कैप को नीलाम करने का फैसला किया था। इस महान स्पिनर ने यह कैप अपने 145 टेस्ट कैरियर के दौरान पहनी थी जिसमें उन्होंने 700 से ज्यादा विकेट अपने नाम किए हैं।
बता दें कि ऑस्ट्रेलिया के जंगलों में लगी आग ने भयानक तबाही मचाई है। इस आग में कई लोग मारे गए जबकि कई घर पूरी तरह जल गए हैं। एक अनुमान के अनुसर, 50 करोड़ से ज्यादा जीव-जंतु भी जंगल की इस आग में जलकर मारे गए हैं। वॉर्न ने अपनी कैप को सोमवार को एक ऑनलाइन नीलामी के लिए पेश किया था। उन्होंने ऐलान किया था कि जंगल में लगी आग से प्रभावितों की मदद के लिए वह अपनी बैगी ग्रीन नीलाम कर रहे हैं।
वॉर्न ने नीलामी के बाद कहा कि वह बोली देखकर काफी हैरान रह गए जो 1,007,500 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर की राशि तक पहुंच गई। महान क्रिकेटर डोनाल्ड ब्रैडमैन की कैप 2003 में चैरिटी के लिए हुई नीलामी में 425,000 ऑस्ट्रेलियाई डालर में बिकी थी और वॉर्न की कैप इस राशि को पार कर गई। वार्न ने ट्वीट किया, 'हर किसी का शुक्रिया जिन्होंने बोली लगायी। जो बोली में इसे हासिल करने में सफल रहा, उसे शुक्रिया और बधाई। यह उम्मीदों से कहीं ज्यादा था।' उन्होंने कहा, 'यह राशि सीधे ‘रेड क्रास’ को जायेगी। शुक्रिया।'
कई अन्य क्रिकेटर भी जंगलों में लगी आग के पीड़ितों की सहायता के लिए धनराशि जुटा रहे हैं। क्रिस लिन, ग्लेन मैक्सवेल और डार्सी शार्ट पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि वे मौजूदा बिग बैश लीग में अपने मारे प्रत्येक छक्के के लिए 250 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर की राशि दान में देंगे। शीर्ष टेनिस खिलाड़ी भी अब इस जमात में शामिल हो गए हैं जिसमें दुनिया की नंबर एक महिला खिलाड़ी एशले बार्टी ने इस हफ्ते ब्रिसबेन अंतरराष्ट्रीय में मिली राशि ‘रेड क्रास’ को दान में देने का फैसला किया, हालांकि वह पहले ही दौर में बाहर हो गईं।
Cricket News (क्रिकेट न्यूज़) Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Network Hindi पर। और साथ ही IPL News in Hindi (आईपीएल न्यूज़) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।