उत्तर प्रदेश का मौसम (09 Jan 2026) UP Weather Today: यूपी में कोहरे और शीतलहर का कहर बरकरार; मौसम ने बढ़ाई मुश्किलें, कई जिलों में अलर्ट
- Authored by: Nilesh Dwivedi
- Updated Jan 9, 2026, 05:15 AM IST
उत्तर प्रदेश का मौसम (उत्तर प्रदेश में आज का मौसम कैसा रहेगा) 09 Jan 2026: उत्तर प्रदेश में इन दिनों कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने लोगों की दिनचर्या को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। सुबह से लेकर शाम तक मौसम का असर इतना ज्यादा है कि सड़कों पर आवाजाही कम हो गई है और लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी करते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है।
उत्तर प्रदेश का मौसम (09 Jan 2026) UP Weather Today: यूपी में कोहरे और शीतलहर का कहर बरकरार; मौसम ने बढ़ाई मुश्किलें, कई जिलों में अलर्ट
उत्तर प्रदेश में आज का मौसम (09 Jan 2026): उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर रखा है। हालात ऐसे हैं कि शाम होते ही सड़कों पर आवाजाही बेहद कम हो जाती है, जबकि सुबह के समय कोहरा इतना घना रहता है कि कई इलाकों में दोपहर तक धुंध बनी रहती है। ठंड और सर्द हवाओं के कारण लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं।
घरों के अंदर भी गलन महसूस की जा रही है, वहीं बाहर रहने वाले लोग अलाव के सहारे ठंड से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी बीच बारिश की संभावना भी जताई गई है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है। हालांकि मौसम विभाग (IMD) की आज की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, अगले 24 घंटों में ठंड की तीव्रता में हल्की कमी आने की उम्मीद है। इसके साथ ही विभाग ने कुछ जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
यहां रहेगा सबसे अधिक कोहरा
आज 9 जनवरी को उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में कोहरे का असर अधिक देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती सहित आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
ड्राइव करते समय रखें ध्यान
कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो सकती है। ऐसी स्थिति में वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। ड्राइव करते समय फॉग लाइट का प्रयोग करें और तय गति सीमा का पालन करें। कोहरे की वजह से रेल और हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ सकता है। ठंड को देखते हुए बुजुर्गों और बच्चों की सेहत का खास ध्यान रखें। वहीं पाले की आशंका को ध्यान में रखते हुए किसान फसलों को नुकसान से बचाने के लिए हल्की सिंचाई कर सकते हैं।
राजधानी लखनऊ के तापमान का पूर्वानुमान
| दिन | तारीख | मौसम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| शुक्रवार | 09 जनवरी | धूप | 8.7° | 22.1° |
| शनिवार | 10 जनवरी | धूप | 10.4° | 22.8° |
| रविवार | 11 जनवरी | धूप | 10.5° | 22.1° |
| सोमवार | 12 जनवरी | धूप | 7.9° | 21.4° |
| मंगलवार | 13 जनवरी | धूप | 8.8° | 21.8° |
हल्की बारिश होने की संभावना
मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह के अनुसार, फिलहाल मौसम में मामूली बदलाव देखने को मिल सकता है। इस समय प्रदेश में कड़ाके की ठंड जारी है, लेकिन गुरुवार को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। बारिश के चलते ठंड में और इजाफा हो सकता है। सुबह के वक्त धुंध और कोहरे का असर बना रहेगा, जबकि मौसम सामान्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। कई इलाकों में तापमान खासतौर पर सुबह के समय 4 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
यूपी में क्यों पड़ रही है इतनी ठंड?
वहीं लखनऊ विश्वविद्यालय के भू-विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. ध्रुव सेन सिंह का कहना है कि सर्दियों में उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में जमी ठंडी हवा धीरे-धीरे मैदानी क्षेत्रों की ओर बढ़ती है। ये ठंडी हवाएं ऊंचे हिमालयी क्षेत्रों से आती हैं, जिसके कारण उत्तर प्रदेश के अनेक हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी नीचे चला जाता है। उन्होंने बताया कि ठंडी रातों के बाद गंगा-यमुना के उपजाऊ मैदानों में सुबह के समय घना कोहरा बनता है। यह कोहरा सूरज की किरणों को जमीन तक पहुंचने से रोकता है, जिससे सतह ठंडी बनी रहती है और दिन में भी अपेक्षित गर्माहट नहीं मिल पाती। इसी कारण पूरे दिन तापमान कम बना रहता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।