UP Weather: यूपी में ठंड से फिलहाल राहत, IMD ने चेताया, कोहरे के साथ फिर लौटेगी भीषण सर्दी
- Authored by: Nishant Tiwari
- Updated Jan 2, 2026, 07:12 AM IST
UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 2-January-2026 लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी में जाने आज बारिश होगी या नहीं? यूपी के मौसम का पूर्वानुमान: उत्तर प्रदेश में नए साल की शुरुआत के साथ ही मौसम को लेकर लोगों की चिंता बनी हुई है। घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के बीच अब राहत की उम्मीद दिखाई देने लगी है। IMD के अनुसार, आने वाले दो दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे दिन के समय सर्दी का असर कुछ कम होगा। जानते हैं कैसा रहेगा मौसम का हाल।
यूपी में दो दिन बढ़ेगा पारा, फिर शीतलहर
UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 2-January-2026: उत्तर प्रदेश में नए साल की शुरुआत भले ही कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के साथ हुई हो, लेकिन अब मौसम में धीरे-धीरे बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले दो दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिलेगी। हालांकि, सुबह के समय कोहरे की समस्या अभी बनी रहेगी।
तापमान में होगा इजाफा
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटों में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। दिन के समय धूप निकलने से गलन में कमी आने की उम्मीद है। शुक्रवार को पश्चिमी और तराई क्षेत्रों के कई जिलों में सुबह के समय 300 से 600 मीटर तक दृश्यता वाला कोहरा छाया रह सकता है। गाजियाबाद, मेरठ, अलीगढ़, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, संभल, हाथरस, मथुरा, आगरा, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, कुशीनगर, महराजगंज, झांसी, जालौन, बांदा, इटावा, फिरोजाबाद, हमीरपुर और चित्रकूट जैसे जिलों में कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। कुछ स्थानों पर बेहद घना कोहरा रहने की भी संभावना है।
पूर्वांचल में मिलेगी धूप से राहत
पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ होने की उम्मीद है। वाराणसी, प्रयागराज, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, बलिया, देवरिया, आजमगढ़, जौनपुर, प्रतापगढ़, अमेठी और रायबरेली में धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिलेगी और दिन का तापमान सामान्य से बेहतर रह सकता है। राजधानी लखनऊ में सुबह हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है, लेकिन बाद में मौसम साफ होने और धूप निकलने की संभावना है। यहां अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। वहीं दिल्ली से सटे नोएडा में दिन के समय भी कोहरे का असर बना रह सकता है। मौसम विभाग ने यहां भी येलो अलर्ट जारी किया है। नोएडा में न्यूनतम तापमान करीब 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
5 जनवरी के बाद फिर बदलेगा मिजाज
आईएमडी के मुताबिक, 5 जनवरी के बाद एक बार फिर तापमान में गिरावट शुरू हो सकती है। इसके साथ ही कोहरे और कोल्ड डे जैसी परिस्थितियां दोबारा बन सकती हैं। ऐसे में लोगों को अभी पूरी तरह सर्दी से राहत मिलने में समय लग सकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।