गुजरात के मेहसाणा में होमवर्क न करने पर मिली सजा पर छात्र ने दूसरी मंजिल से लगाई छलांग
Gujarat News: जयपुर, दिल्ली और महाराष्ट्र के बाद अब गुजरात से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गुजरात के मेहसाणा जिले में एक 6 कक्षा में पढ़ने वाले छात्र ने स्कूल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। घटना के बाद स्कूल प्रशासन और टीचर मौके पर पहुंचे और परिवार को इसकी जानकारी देते हुए घायल अवस्था में बच्चे को स्कूल में भर्ती कराया गया। इस घटना में छात्र के पैर में गंभीर चोट लगी है और उसका इलाज जारी है।
बच्चे की पहचान मितांशु रामी के रूप में हुई है, जो कड़ी के व्यवसायी जिग्नेशभाई रामी के बेटे है। बताया जा रहा है कि मितांशु ने क्लास टीचर द्वारा दी गई सजा से हताश होकर इतना भयावह कदम उठाया था। इस घटना के तूल पकड़ने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) स्कूल प्रशासन को एक पत्र सौंपा और एक हफ्ते में कार्रवाई की मांग की। बता दें कि इस मामले में जिम्मेदार शिक्षक को सस्पेंड कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, क्लास 6 में पढ़ने वाले छात्र मितांशु रामी पिछले सोमवार को स्कूल गए थे। होमवर्क न करने पर कथित तौर उनकी क्लास टीचर उन्हें सजा के तौर पर क्लासरूम के बाहर लॉबी में बैठा दिया। इस मानसिक दबाव के कारण, छात्र लॉबी से भागते हुए दीवार पर चढ़ा और नीचे कूद गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके पैर में गंभीर चोट आई, जिसका इलाज जारी है।
स्कूल प्रशासन ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए घटना के लिए जिम्मेदार क्लास टीचर को सस्पेंड कर दिया है। लेकिन इस बीच अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने घटना को लेकर सख्त रुख अपनाया और स्कूल प्रिंसिपल को एक औपचारिक विरोध पत्र सौंपा और कई मांगें सामने रखी। ABVP ने मांग की है कि सस्पेंड किए गए टीचर के खिलाफ एक हफ्ते के भीतर उचित और सख्त कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही, उन्होंने बच्चे की मानसिक स्थिति के बारे में गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी करने वाले टीचर से माफी की भी मांग की।
मेहसाणा के एक प्राइवेट स्कूल में बच्चे को थप्पड़ मारने का मामला भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि टीचर ने बच्चे को बात करने पर कान पर इतनी जोर से थप्पड़ मारा की वह उसके कान में चोट आई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया। हालांकि इस मामले में टीचर ने बाद में सुलह कर ली, लेकिन इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही है जो स्कूल में बच्चों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रही हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से। - Updated