राजस्थान का मौसम (12 Jan 2026) Rajasthan Weather Today: राजस्थान में ठिठुरन जारी, मकर संक्रांति तक जारी रहेगा सर्दी का सितम; 15 जिलों में IMD का अलर्ट
- Authored by: Nilesh Dwivedi
- Updated Jan 12, 2026, 05:30 AM IST
राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 12 Jan 2026: राजस्थान में ठंड ने अब विकराल रूप ले लिया है और शून्य से नीचे पहुंचता तापमान लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। उत्तरी हवाओं और घने कोहरे के कारण कई जिलों में शीतलहर का प्रकोप जारी है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और सर्दी बढ़ने की चेतावनी देते हुए कई जिलों में अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान का मौसम
राजस्थान में आज का मौसम (12 Jan 2026): राजस्थान में ठंड ने अब अपना तीखा असर दिखाना शुरू कर दिया है। रविवार को प्रदेश के दो जिलों में पारा शून्य से नीचे चला गया। उत्तर भारत से लगातार आ रही सर्द हवाओं के कारण राज्य में जबरदस्त ठिठुरन महसूस की जा रही है। सीकर जिले के फतेहपुर में पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान माइनस 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक आज यानी 12 जनवरी को राजस्थान के कई इलाकों में घना कोहरा और शीत लहर को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इनमें श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, जयपुर, टोंक, दौसा, भरतपुर और धौलपुर शामिल हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मकर संक्रांति तक प्रदेश में कोल्ड-डे जैसी स्थिति बनी रह सकती है। आने वाले दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट दर्ज होने की संभावना है।
15 जिलों में IMD का अलर्ट
मौसम केंद्र जयपुर ने प्रदेश के 15 जिलों में शीतलहर, अति शीतलहर और कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। सीकर, झुंझुनूं, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन और नागौर जिलों में अत्यधिक ठंड और बेहद घने कोहरे की आशंका को देखते हुए रेड व ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं अलवर, डीग, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, जैसलमेर और फलोदी क्षेत्रों के लिए शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान में कल का मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग ने 13 जनवरी के लिए भी चेतावनी जारी करते हुए बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, जयपुर, टोंक, दौसा, भरतपुर और धौलपुर जिलों में कोहरा और ठंडी हवाओं के असर की संभावना जताई है। ग्रामीण क्षेत्रों में ठंड का असर शहरी इलाकों की तुलना में कहीं अधिक देखा जा रहा है। खेतों और खुले इलाकों में तेज ठंडी हवाओं के चलते लोग अलाव जलाने और मोटे ऊनी कपड़ों का सहारा लेने को मजबूर हैं। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में सर्दी और अधिक तेज हो सकती है।
बीते घंटों के दौरान मौसम का हाल
रविवार को राजस्थान के कई हिस्सों में कड़ाके की शीतलहर देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार प्रतापगढ़ में सुबह का तापमान माइनस 2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जबकि बाड़मेर में यह माइनस 1 डिग्री दर्ज किया गया। पिलानी में न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री, सीकर में 1.7 डिग्री, बीकानेर के लूणकरनसर में 1.9 डिग्री, झुंझुनूं और चूरू में करीब 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे बना रहा। राजधानी जयपुर में रविवार सुबह पारा 9.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में बेहद घना कोहरा छाया रहा, जबकि पश्चिमी क्षेत्रों में भी घने कोहरे की स्थिति देखने को मिली।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।