सुकमा में 2 इनामी नक्सली गिरफ्तार (फोटो: Canva)
Sukma Naxal Operation: छत्तीसगढ़ में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुकमा पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। सुरक्षा बलों ने दो इनामी नक्सलियों को विस्फोटक सामग्री सहित गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी जिले में बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान ताती बंडी (मिलिशिया कमांडर, इनामी ₹3 लाख) और पदाम हड़मा (डीएकेएमएस अध्यक्ष, इनामी ₹2 लाख) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये दोनों गोमगुड़ा क्षेत्र में सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे। जांच में पता चला है कि वे इलाके में आईईडी लगाकर बड़ा विस्फोट करने की तैयारी में थे। सुकमा पुलिस ने गिरफ्तार नक्सलियों के पास से 9 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, जिलेटिन रॉड, कोर्डेक्स वायर और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की है। बताया गया है कि इन सामग्रियों का इस्तेमाल सुरक्षाबलों पर हमले की योजना में किया जाना था।
पुलिस के अनुसार, नक्सल विरोधी अभियान के तहत क्षेत्र में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। इसी दौरान मिली खुफिया जानकारी के आधार पर दोनों नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 4 नवंबर को भी सुकमा पुलिस और विशेष टीमों द्वारा चलाए जा रहे संयुक्त एंटी-नक्सल अभियान में बड़ी सफलता मिली थी।
सुकमा जिले के गोमगुड़ा क्षेत्र में पुलिस की डीआरजी टीम को बड़ी सफलता मिली थी, जब उन्होंने घने जंगलों के बीच स्थित एक अवैध हथियार निर्माण फैक्ट्री का पता लगाकर उसे नष्ट कर दिया। यह फैक्ट्री नक्सलियों द्वारा हथियारों के निर्माण के लिए चलाई जा रही थी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 17 राइफलें, हथियार बनाने की मशीनें, उपकरण, गन पार्ट्स और बड़ी मात्रा में निर्माण सामग्री बरामद की। बरामद वस्तुओं में 1 रॉकेट लॉन्चर, 6 बीजीएल लॉन्चर, 6 बारह बोर राइफलें और अन्य हथियार निर्माण से जुड़ी सामग्री शामिल थी। प्रारंभिक जांच में डीआरजी टीम ने खुलासा किया कि यह फैक्ट्री नक्सलियों की सशस्त्र गतिविधियों को समर्थन देने और इलाके में हमलों की तैयारी के लिए उपयोग की जा रही थी।
(इनपुट - आईएएनएस)
Read the Raipur Latest News in Hindi, Raipur Local News in Hindi, Raipur Breaking News and Updates, Raipur News Headlines, Raipur Hindi News Paper & रायपुर (न्यूज़) समाचार @ Times Now Navbharat