बीजापुर जिले में हुए एनकाउंटर में 6 नक्सली ढेर।(फोटो सोर्स: ANI)
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। सूत्रों के मुताबिक, महाराष्ट्र बॉर्डर से सटे जंगलों में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच जारी मुठभेड़ में छह नक्सली ढेर हो गए हैं, जिनमें तीन महिला नक्सली भी शामिल हैं। इस एनकाउंटर में एक हाई-प्रोफाइल कमांडर बुच अन्ना भी शामिल बताया जा रहा है। एनकाउंटर अभी भी जारी है।
मुठभेड़ के दौरान जवानों ने मौके से कई ऑटोमेटिक हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। मारे गए नक्सलियों में बुच्चना नाम का नक्सली कमांडर भी शामिल है, जो मद्देड़ एरिया कमेटी का इंचार्ज था।
सूत्रों के मुताबिक, बीजापुर DRG, दंतेवाड़ा DRG और STF की संयुक्त टीम इस मुठभेड़ को अंजाम दे रही है। जवानों ने नक्सलियों के बड़े कैडर को चारों तरफ से घेर रखा है। फिलहाल, मुठभेड़ नेशनल पार्क क्षेत्र में जारी है।
मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों के शव मंगलवार सुबह जिला मुख्यालय लाए जाएंगे। सुरक्षाबलों को उम्मीद है कि ऑपरेशन में और भी नक्सली मारे जा सकते हैं।
एसपी जितेंद्र यादव ने बताया कि ऑपरेशन अभी खत्म नहीं हुआ है और इलाके में अब भी कुछ सक्रिय नक्सली तत्व मौजूद हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बल क्षेत्र में सर्च अभियान जारी रखे हुए हैं।
स्थानीय आदिवासी ने भी नक्सलियों पर हो रही कार्रवाई का स्वागत किया है। ग्रामीणों ने बताया कि वे लंबे समय से नक्सलियों के दुष्प्रभाव से परेशान थे। उन्होंने सरकार से मांग की है कि मारे गए कमांडर और अन्य नक्सली समर्थकों के नेटवर्क की जांच कर उसे पूरी तरह समाप्त किया जाए।
जानकारी के अनुसार, यह अभियान मद्देड़ एरिया कमेटी के खिलाफ था, जो नेशनल पार्क इलाके में सक्रिय थी। यह इलाका सुरक्षाबलों के लिए सबसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में से एक माना जाता है। अगर यह कार्रवाई पूरी तरह सफल होती है, तो नक्सली संगठन के नेटवर्क को कमजोर करने में यह बड़ी सफलता साबित होगी।
Read the Raipur Latest News in Hindi, Raipur Local News in Hindi, Raipur Breaking News and Updates, Raipur News Headlines, Raipur Hindi News Paper & रायपुर (न्यूज़) समाचार @ Times Now Navbharat