प्रयागराज

Prayagraj: छात्र की संदिग्ध मौत से सनसनी, स्कूल प्रबंधन पर हत्या का केस दर्ज, जांच जारी

प्रयागराज के धूमनगंज क्षेत्र में एक छात्र की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। छात्र के पिता द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद स्कूल के प्रधानाचार्य और प्रबंधक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच में जुटी है।

Student Death in Prayagraj Sparks Serious Allegations Against School Authorities (Symbolic Photo: Canva)

प्रयागराज में छात्र की मौत से स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगे (सांकेतिक फोटो: Canva)

Prayagraj Student Death Case: प्रयागराज के धूमनगंज थाना क्षेत्र में स्थित एक स्कूल के प्रधानाचार्य और प्रबंधक के खिलाफ एक छात्र की मौत के मामले में शुक्रवार को एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि भोला का पुरवा निवासी अमर सिंह यादव ने शिकायत दी है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि मुंडेरा स्थित स्कूल के प्रधानाचार्य ने पुरानी रंजिश के चलते गुरुवार को उनके 14 वर्षीय बेटे शिवम यादव को पीटा। पिटाई के बाद शिवम की तबीयत गंभीर रूप से खराब हो गई और बाद में उसकी मौत हो गई।

बताया गया कि, जब कक्षा 10 में पढ़ने वाले शिवम की हालत अचानक खराब हुई, तो स्कूल प्रबंधन ने परिवार को सूचित किए बिना उसे एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद शिवम को मृत घोषित कर दिया। छात्र के पिता का कहना है कि प्रधानाचार्य पहले भी शिवम को मानसिक रूप से परेशान करता रहा था। परिवार का आरोप है कि लड़के के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मौजूद हैं।

पुलिस उपायुक्त (नगर) मनीष शांडिल्य ने बताया कि छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतज़ार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर स्कूल के प्रधानाचार्य और प्रबंधक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) और 115(2) (घायल करने) के तहत धूमनगंज थाने में मामला दर्ज किया गया है।

(इनपुट - भाषा)

लेटेस्ट न्यूज

 Nilesh Dwivedi
Nilesh Dwivedi Author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article